विज्ञापन

बस, रेल, मेट्रो और एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा नोएडा एयरपोर्ट, जानिए क्या है लास्ट माइल कनेक्टिविटी की तैयारी

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट आज 15 जून से शुरू हो गया है. ऐसे में जानिए यात्रियों को एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए मेट्रो और बस जैसी पब्लिक ट्रांसपोर्ट की क्या सुविधा है.

बस, रेल, मेट्रो और एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा नोएडा एयरपोर्ट, जानिए क्या है लास्ट माइल कनेक्टिविटी की तैयारी
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट कनेक्टिविटी
file photo

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Noida International Airport) आज 15 जून 2026 से कमर्शियल उड़ानें शुरू हो गई हैं. शुरुआत में यात्रियों को एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए अपनी गाड़ी या कैब पर निर्भर रहना पड़ेगा, क्योंकि मेट्रो और बस जैसी पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधाएं अभी पूरी तरह उपलब्ध नहीं होंगी. हालांकि, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को एक मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित किया जा रहा है, जो आने वाले समय में सड़क, रेल, मेट्रो और हवाई नेटवर्क को सीधे जोड़ेगा. घरेलू उड़ानों के शुरू होने के साथ, यहां प्रमुख रूप से टैक्सी, RedBus के साथ बसें और दिल्ली-NCR के लिए आसान पहुंच उपलब्ध होगी. इसके अलावा यूपी सरकार ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ लास्ट माइल कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए 110 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन भी शुरू कर दिया है.

पहली फ्लाइट लखनऊ से आई

15 जून को लखनऊ एयरपोर्ट से सुबह 8 बजकर 5 मिनट पर इंडिगो की पहली फ्लाइट ने नोएडा एयरपोर्ट पर लेंड किया. नोएडा एयरपोर्ट से इंडिगो की पहली फ्लाइट 15 जून को सुबह 8 बजकर 5 मिनट पर लखनऊ के लिए उड़ान भरी. जेवर एयरपोर्ट से IndiGo और Akasa Air, NIA अपनी फ्लाइटों का संचालन शुरू कर दिया है.

कैब बनेगी सहारा

नोएडा के प्रमुख रिहायशी इलाकों और पूर्वी दिल्ली से जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की दूरी करीब 65 किलोमीटर है. ऐप आधारित कैब सेवाओं पर फिल्म सिटी से एयरपोर्ट तक का किराया 800 रुपये से 1400 रुपये के बीच बताया जा रहा है. वहीं, बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन से जेवर तक स्थानीय टैक्सी का किराया 500 से 700 रुपये के बीच बताया जा रहा है.

एयरपोर्ट पर अलग पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ जोन

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (NIAL) के अधिकारियों के मुताबिक, यात्रियों की सुविधा के लिए कैब कंपनियों के साथ लगातार तालमेल बैठाया जा रहा है. एयरपोर्ट पर कैब और बाइक टैक्सी के लिए अलग से पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ स्टैंड तैयार किए गए हैं, ताकि यात्रियों को परेशानी न हो.

रेडबस से होगी ऑनलाइन बस टिकट बुकिंग

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने ऑनलाइन बस टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म रेडबस के साथ साझेदारी की है ताकि यात्रियों को शहरों के बीच सीधी बस सेवा उपलब्ध कराई जा सके. इस व्यवस्था के तहत, यात्री हवाई अड्डे और आगरा, मथुरा, लखनऊ, देहरादून और चंडीगढ़ सहित उत्तर भारत के 25 से अधिक गंतव्यों के बीच सीधी बस सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे. यात्री रेडबस प्लेटफॉर्म के माध्यम से बस टिकट बुक कर सकते हैं और डिजिटल टिकटिंग, जीपीएस-आधारित लाइव ट्रैकिंग और चौबीसों घंटे ग्राहक सहायता जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं. हवाई अड्डे पर यात्रियों के चढ़ने और उतरने के लिए एक विशेष बस स्टैंड भी बनाया गया है, जहां यात्रियों की सहायता के लिए ग्राउंड स्टाफ तैनात है.

नोएडा एयरपोर्ट के लिए कनेक्टिविटी

एक्सप्रेसवे- एयरपोर्ट यमुना एक्सप्रेसवे से सीधे जुड़ा है और 31 किमी लंबी सड़क इसे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ेगी, जो सीधे दक्षिण दिल्ली, फरीदाबाद और गुरुग्राम तक पहुंच प्रदान करेगी.

मेट्रो- एक्वा लाइन (सेक्टर-52 से नॉलेज पार्क) और नमो भारत ट्रेन का विस्तार सीधे जेवर एयरपोर्ट तक होगा.

इंटरसिटी बसें- redBus के सहयोग से दिल्ली, गुरुग्राम, चंडीगढ़, देहरादून और आगरा सहित 25 से अधिक शहरों के लिए सीधी बस सेवा. इसके अलावा यूपी सरकार भी बस सेवा शुरू हो गई है.

टैक्सी और ई-मोबिलिटी- ओला, उबर और रैपिडो जैसी कंपनियों के साथ साझेदारी में समर्पित टैक्सी सेवा, जिसमें ई-कैब भी शामिल हैं.

भविष्य की योजना- दिल्ली-NCR से तेज कनेक्टिविटी के लिए टनल-आधारित कॉरिडोर और 72 किमी लंबे लिंक एक्सप्रेसवे का प्रस्ताव है.

यह भी पढ़ें:- 100 ई बसें, सस्ता किराया, CM योगी ने किया शुभारंभ, नोएडा, ग्रेनो और नोएडा एयरपोर्ट के इन रूट पर चलेंगी 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Noida Airport, Jewar Airport, Noida Airport Connectivity
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com