नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है. अब एयरपोर्ट तक पहुंचना पहले के मुकाबले काफी आसान होने वाला है. यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश के आठ प्रमुख जिलों से एयरपोर्ट के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर दी गई है. इससे न सिर्फ सफर आसान होगा, बल्कि लोगों का समय और पैसा भी बचेगा.
इन 8 जिलों से मिलेगी सीधी बस सेवा
नई व्यवस्था के तहत आगरा, फिरोजाबाद, हाथरस, मथुरा, अलीगढ़, एटा, कासगंज और लखनऊ से बसें सीधे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए चलेंगी. परिवहन विभाग की ओर से इन बसों की समय सारिणी भी जारी कर दी गई है. इसमें बताया गया है कि निर्धारित समय पर चलने वाली ये बसें यात्रियों को करीब डेढ़ से दो घंटे के अंदर एयरपोर्ट तक पहुंचाने में मदद करेंगी. इससे निजी टैक्सी या कई बार वाहन बदलने की परेशानी भी कम होगी.
दूसरे राज्यों से भी बढ़ेगी सुविधानोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को सिर्फ उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि आसपास के राज्यों से भी जोड़ने की तैयारी की जा रही है. इसके लिए हरियाणा रोडवेज 15 जून से पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम और चंडीगढ़ से अपनी सीधी बस सेवाएं शुरू करने जा रही है. वहीं, दिल्ली के प्रमुख बस अड्डों सराय काले खां, आनंद विहार और कश्मीरी गेट से भी जल्द ही एयरपोर्ट के लिए सीधी बस सेवा शुरू की जाएगी.
इसके अलावा उत्तराखंड के देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और हल्द्वानी से भी सीधी बस सेवा शुरू करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है. उम्मीद है कि जल्द ही इन रूटों को भी हरी झंडी मिल जाएगी.
यात्रियों को मिलेगा सीधा फायदायमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड और दिल्ली रोडवेज के साथ विशेष समझौते किए हैं. इसका मकसद एयरपोर्ट तक पहुंचने की प्रक्रिया को आसान और सुविधाजनक बनाना है. इस पहल से यात्रियों को कम खर्च में बेहतर यात्रा सुविधा मिलेगी. खासकर उन लोगों को फायदा होगा, जो छोटे शहरों से हवाई यात्रा करते हैं.
रेल और मेट्रो कनेक्टिविटी पर भी तेजी से कामसड़क मार्ग के साथ-साथ रेल और मेट्रो नेटवर्क को भी मजबूत किया जा रहा है. गाजियाबाद से एयरपोर्ट तक करीब 72 किलोमीटर लंबे रूट पर नमो भारत (आरआरटीएस) और मेट्रो परियोजना प्रस्तावित है. इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) केंद्र सरकार को भेजी जा चुकी है.
वहीं, भारतीय रेलवे चोला से रुंधी (पलवल) के बीच नए रेल लिंक प्रोजेक्ट पर काम कर रही है. एयरपोर्ट के पास एक आधुनिक रेलवे स्टेशन भी बनाया जाएगा. यहां से यात्री वंदे भारत, राजधानी और शताब्दी जैसी प्रीमियम ट्रेनों के जरिए यूपी, बिहार और दक्षिण भारत के कई शहरों तक सीधे सफर कर सकेंगे.
देश का सबसे बड़ा ट्रांसपोर्ट हब बनाने की तैयारीग्रेटर नोएडा के बोड़ाकी गांव में देश का सबसे बड़ा ट्रांसपोर्ट हब विकसित करने की भी योजना है. इसके बनने के बाद बस, मेट्रो और रेलवे जैसी कई सुविधाएं एक ही जगह उपलब्ध होंगी, जिससे यात्रियों का सफर और आसान हो जाएगा.
यह भी पढ़ें- नोएडा एयरपोर्ट की 10 खूबियां, जो देश के किसी अन्य एयरपोर्ट से ज्यादा है खास
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं