विज्ञापन

नोएडा एयरपोर्ट की 10 खूबियां, जो देश के किसी अन्य एयरपोर्ट से ज्यादा है खास

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू हो चुका है. यह सिर्फ एक एयरपोर्ट नहीं, बल्कि तकनीक, पर्यावरण और यात्री सुविधाओं का एक अनोखा संगम है. नोएडा एयरपोर्ट पर कई ऐसी सुविधाएं हैं, जो देश के किसी अन्य एयरपोर्ट पर फिलहाल उपलब्ध नहीं है.

नोएडा एयरपोर्ट की 10 खूबियां, जो देश के किसी अन्य एयरपोर्ट से ज्यादा है खास
नोएडा एयरपोर्ट की 10 खूबियां
file photo

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Noida Airport) आज 15 जून से शुरू हो चुका है. राज्य को एक और अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट मिल गया है. लखनऊ से नोएडा की पहली फ्लाइट पहुंचने के साथ यहां से यात्री उड़ानों की शुरुआत हो गई है. जेवर एयरपोर्ट देश के एविएशन सेक्टर में गेम चेंजर साबित होने जा रहा है. यह सिर्फ एक एयरपोर्ट नहीं, बल्कि तकनीक, पर्यावरण और यात्री सुविधाओं का एक अनोखा संगम है. नोएडा एयरपोर्ट की खास बात यह है कि यहां कई ऐसी सुविधाएं हैं, जो देश के किसी अन्य एयरपोर्ट पर फिलहाल उपलब्ध नहीं है. चलिए आपको बताते हैं नोएडा एयरपोर्ट की 10 खूबियां, जो देश के किसी अन्य एयरपोर्ट पर फिलहाल नहीं है.

इंटीग्रेटेड मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को एक इंटीग्रेटेड मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित किया जा रहा है. यह हब हवाई यात्रा को रैपिड रेल (नमो भारत), बुलेट ट्रेन, मेट्रो, एक्सप्रेसवे और अंतरराज्यीय बसों से जोड़ेगा, जो उत्तर भारत के लिए एक प्रमुख लॉजिस्टिक्स और यात्री केंद्र बनेगा. इससे यात्रियों को अलग-अलग माध्यमों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और सफर आसान होगा.

ग्रीन एयरपोर्ट

नोएडा एयरपोर्ट नेट जीरो कार्बन एमिशन पर आधारित होगा यानी यह एयरपोर्ट पूरी तरह से 100 फीसदी सौर ऊर्जा पर संचालित किया जाएगा. इससे पर्यावरण पर बेहद कम असर पड़ेगा और यह देश का सबसे ग्रीन एयरपोर्ट बनेगा.

ILS CAT-IIIB के साथ कोहरे में लैंडिंग

यह एयरपोर्ट अत्याधुनिक 'इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम' (ILS) CAT-IIIB से लैस है, जो सर्दियों में बहुत कम विजिबिलिटी में भी सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित करता है, जो अक्सर दिल्ली एयरपोर्ट पर चुनौती होती है.

पॉड टैक्सी सेवा

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को फिल्म सिटी से जोड़ने के लिए भारत की पहली ड्राइवरलेस पॉड टैक्सी सेवा शुरू की जा रही है, जिसका उद्देश्य 2028 के मध्य तक इसे चालू करना है. यह एक अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक और स्वचालित परिवहन प्रणाली होगी, जो लगभग 14-15 किमी के एलिवेटेड कॉरिडोर के माध्यम से यात्रियों को हाई-स्पीड कनेक्टिविटी प्रदान करेगी. नोएडा एयरपोर्ट देश का पहला एयरपोर्ट होगा, जहां पॉड टैक्सी चलेगी. यह छोटी, ऑटोमेटेड कैब्स होंगी, जो यात्रियों को टर्मिनल के भीतर तेजी से एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाएंगी.

एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर

एयरपोर्ट का एटीसी यानी एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर भी बेहद खास होगा. यह देश के सबसे ऊंचे और आधुनिक ATC टावरों में शामिल होगा, जिससे विमान संचालन को बेहतर तरीके से कंट्रोल किया जा सकेगा. यह टावर 38 मीटर ऊंचा है और हवाई यातायात की निगरानी व सुरक्षित संचालन के लिए हवाई अड्डा प्राधिकरण (AAI) को सौंप दिया गया है.

पेपरलेस डिजी यात्रा

यह देश का पहला ऐसा एयरपोर्ट है, जहां यात्रियों को एआई और डिजी यात्रा (DigiYatra) आधारित फेशियल रिकग्निशन से पेपरलेस और टच-फ्री यात्रा मिलेगी, जिससे प्रवेश से लेकर बोर्डिंग तक का सफर मिनटों में पूरा होगा. यात्रियों को टिकट और आईडी दिखाने की जरूरत नहीं होगी, सिर्फ फेस रिकग्निशन से एंट्री हो जाएगी.

इंटीरियर में बनारस के घाट और हवेली

नोएडा एयरपोर्ट का इंटीरियर भारतीय संस्कृति और आधुनिकता का अद्भुत संगम है, जो मुख्य रूप से वाराणसी के घाटों और हवेलियों की थीम पर आधारित है. इस हवाई अड्डे के टर्मिनल में प्रवेश करते ही यात्रियों को बनारस के घाटों का अनुभव होगा.

नो क्यू चेक-इन सिस्टम

एयरपोर्ट पर एक आधुनिक 'नो क्यू' या शून्य-कतार चेक-इन सिस्टम लागू किया गया है. डिजिटल और ऑटोमेटेड सिस्टम के जरिए यात्रियों को लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़ेगा. यह पूरी तरह डिजिटल फर्स्ट अप्रोच पर आधारित है.

देसी स्ट्रीट फूड कॉर्नर

खाने-पीने के शौकीनों के लिए यहां खास देसी स्ट्रीट फूड कॉर्नर भी है, जहां भारत के अलग-अलग राज्यों के मशहूर स्ट्रीट फूड का स्वाद मिल सकेगा. एयरपोर्ट पर Chai Point, Chaayos, KFC और Subway जैसे आउटलेट्स के साथ-साथ स्थानीय व्यंजन भी उपलब्ध हैं, जो चेक-इन के बाद यात्रियों के लिए एक बेहतर अनुभव है.

सुरक्षा के बाद का कोर्टयार्ड

टर्मिनल के अंदर सिक्योरिटी चेक के बाद एक विशेष कोर्टयार्ड बनाया गया है, जो यात्रियों को एक अलग ही अनुभव और आराम प्रदान करता है.

यह भी पढ़ें:- 20 मिनट में IGI से जेवर एयरपोर्ट, गुरुग्राम जाना भी होगा आसान, अंडरग्राउंड टनल से बदलेगी यात्रा, जानें रूट मैप और पूरी प्लानिंग

यह भी पढ़ें:- नोएडा एयरपोर्ट से पश्चिमी उत्तर प्रदेश की बदलेगी तस्वीर, अलीगढ़, मथुरा से बुलंदशहर तक उत्पादों के निर्यात को लगेगे पंख

यह भी पढ़ें:- बस, रेल, मेट्रो और एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा नोएडा एयरपोर्ट, जानिए क्या है लास्ट माइल कनेक्टिविटी की तैयारी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Noida Airport Authority, Noida International Airport
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com