- नई दिल्ली-पटना वंदे भारत स्पेशल ट्रेन में कोचों की संख्या 16 से बढ़ाकर 20 कर दी गई है .
- दक्षिण मध्य रेलवे ने चारलापल्ली से रक्सौल के बीच दिवाली और छठ के लिए विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है.
- चारलापल्ली-रक्सौल विशेष ट्रेन में थ्री एसी, स्लीपर और जनरल सेकंड क्लास डिब्बे शामिल रहेंगे .
दिवाली और छठ पूजा पर घर जाने वाले रेल यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने बड़े फैसले लिए हैं. नई दिल्ली-पटना वंदे भारत त्योहार स्पेशल में अब 16 की जगह 20 कोच लगाए जाएंगे. इसके अलावा दक्षिण मध्य रेलवे (SCR) ने चारलापल्ली-रक्सौल और पूर्वोत्तर सीमा रेलवे ने चंडीगढ़-पूर्णिया जंक्शन के बीच विशेष ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है. दिवाली और छठ पर्व के दौरान ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने यात्रियों को राहत देने के लिए बड़े कदम उठाए हैं.
इसी कड़ी में उत्तर रेलवे, दक्षिण मध्य रेलवे और पूर्वोत्तर सीमा रेलवे ने कई महत्वपूर्ण बदलावों और नई स्पेशल ट्रेनों का शेड्यूल जारी कर दिया है. रेलवे के इन फैसलों से न सिर्फ दिल्ली-एनसीआर से पटना जाने वाले यात्रियों को वंदे भारत में अब ज्यादा सीटें मिलेंगी, बल्कि दक्षिण भारत और पंजाब-हरियाणा से बिहार जाने वाले प्रवासियों के लिए भी राह आसान हो जाएगी.
आगामी पर्व के दौरान रेल यात्रियों के सुविधाजनक आवागमन हेतु रेलगाड़ी संख्या 02252/02251 नई दिल्ली-पटना जं.-नई दिल्ली वंदे भारत त्योहार स्पेशल रेलगाड़ी को 16 कोच के स्थान पर 20 कोच से चलाने का निर्णय लिया गया है। https://t.co/41YZsluO8z
— Northern Railway (@RailwayNorthern) November 6, 2026
दिल्ली-पटना वंदे भारत स्पेशल में अब 16 नहीं, 20 कोच चलेंगे
उत्तर रेलवे ने नई दिल्ली से पटना जंक्शन के बीच चलने वाली वंदे भारत स्पेशल ट्रेन की क्षमता बढ़ा दी है. ट्रेन संख्या 02252 और 02251 नई दिल्ली-पटना जंक्शन-नई दिल्ली वंदे भारत त्योहार स्पेशल ट्रेन को अब 16 कोच की जगह 20 कोच से चलाने का फैसला लिया गया है. नई दिल्ली से यह व्यवस्था 9 नवंबर 2026 से और पटना जंक्शन से 10 नवंबर 2026 से लागू होगी. कोचों की संख्या बढ़ने से सैकड़ों अतिरिक्त यात्रियों को कन्फर्म सीट मिल सकेगी.
https://t.co/kXQz3W2yOn
— Northeast Frontier Railway (@RailNf) November 6, 2026
हैदराबाद के चारलापल्ली से रक्सौल के बीच स्पेशल ट्रेन
दक्षिण मध्य रेलवे ने दिवाली और छठ के मौके पर हैदराबाद व तेलंगाना क्षेत्र से बिहार के रक्सौल जाने वाले यात्रियों की सहूलियत के लिए विशेष ट्रेन का ऐलान किया है. इसके तहत ट्रेन संख्या 07007 चारलापल्ली-रक्सौल ट्रेन बुधवार को 15:15 बजे रवाना होगी और शुक्रवार को 05:55 बजे रक्सौल पहुंचेगी. इसके बाद ये ट्रेन 11, 18 और 25 नवंबर 2026 को लगाई जाएगी. वहीं, ट्रेन संख्या 07008 रक्सौल-चारलापल्ली शुक्रवार को 19:15 बजे रक्सौल से चलकर रविवार को 10:00 बजे चारलापल्ली पहुंचेगी. इसके बाद ये ट्रैन 13, 20 और 27 नवंबर 2026 भी चलाई जाएगी. इसमें 3AC, स्लीपर और जनरल सेकंड क्लास के डिब्बे शामिल लगाए जाएंगे.
प्रमुख स्टॉपेजेज
यह ट्रेन रास्ते में काजीपेट, रामागुंडम, बल्लारशाह, नागपुर, इटारसी, कटनी, सतना, प्रयागराज छिवकी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और बैरगनिया स्टेशनों पर भी रुकेगी.
https://t.co/kXQz3W2yOn
— Northeast Frontier Railway (@RailNf) November 6, 2026
चंडीगढ़ से पूर्णिया जंक्शन के बीच चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
पंजाब और हरियाणा से उत्तर बिहार जाने वाले प्रवासियों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (NFR) ने चंडीगढ़ और पूर्णिया के बीच 22 फेरों के लिए स्पेशल ट्रेन की व्यवस्था की है. यह ट्रेन 7 नवंबर 2026 और 11 नवंबर 2026 को रात 22:00 बजे रवाना होकर तीसरे दिन सुबह 03:50 बजे पूर्णिया पहुंचेगी. वहीं, ट्रेन संख्या 04513 पूर्णिया -चंडीगढ़ 9 नवंबर 2026 और 13 नवंबर 2026 को सुबह 06:50 बजे चलकर अगले दिन दोपहर 14:45 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी. इस ट्रेन में 9 स्लीपर क्लास, 11 जनरल सेकंड क्लास और 2 ब्रेक वैन सह लगेज यान होंगे.
प्रमुख स्टॉपेजेज
यह ट्रेन रास्ते में अंबाला कैंट, यमुनानगर जगाधरी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, रायबरेली, मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, वाराणसी, गाजीपुर सिटी, बलिया, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी, सहरसा और बनमनखी स्टेशनों पर भी रुकेगी.
यह भी पढ़ें- दिवाली-छठ पर बिहार के लिए चलेंगी वंदे भारत समेत 106 स्पेशल ट्रेनें, देखें रूट और टाइम टेबल की पूरी जानकारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं