विज्ञापन

आटा चक्की-दूध डेयरी खोलनी है तो कहां-कैसे मिलेगा सस्ता लोन, सरकार देती है 35% सब्सिडी, जानें कैसे करें अप्लाई

अगर आप आटा चक्की, ग्रोसरी या डेयरी का नया कारोबार खोलना चाहते हैं, तो फंड की चिंता छोड़ दीजिए. PMEGP, मुद्रा और AHIDF जैसी सरकारी योजनाएं बेहद कम ब्याज और 15 प्रितशत से 35 प्रतिशत सब्सिडी के साथ लोन दे रही हैं। बस सही प्रक्रिया समझें, जरूरी दस्तावेज पूरे रखें और आसानी से मदद पाएं.

आटा चक्की-दूध डेयरी खोलनी है तो कहां-कैसे मिलेगा सस्ता लोन, सरकार देती है 35% सब्सिडी, जानें कैसे करें अप्लाई
नया बिजनेस शुरू करने के लिए सरकार देती हैं लोन और सब्सिडी.
NDTV
  • PM रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुद्रा लोन और AHIDF योजना कम ब्याज दर और भारी सब्सिडी के साथ लोन प्रदान करती हैं.
  • लोन के लिए पहचान पत्र, प्रोजेक्ट रिपोर्ट, कोटेशन, उद्यम रजिस्ट्रेशन व शैक्षणिक प्रमाण पत्र के दस्तावेज जरूरी.
  • योजना सिर्फ नए व्यवसाय शुरू करने वालों के लिए है, पुराने व्यवसाय के विस्तार पर सब्सिडी लागू नहीं होती है.

अगर आप आटा चक्की, ग्रोसरी स्टोर या दूध डेयरी जैसा नया बिजनेस शुरू करने की सोच रहे हैं, तो पैसों की कमी अब रुकावट नहीं बनेगी. दरअसल, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP), मुद्रा लोन और AHIDF जैसी सरकारी योजनाएं सबसे सस्ते ब्याज दरों और 15 प्रतिशत से 35 प्रतिशत तक की भारी सब्सिडी के साथ लोन मुहैया कराती हैं. हालांकि, सरकारी योजना के तहत लोन के लिए आवेदन से पहले कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जरूरत होती है.

दरअसल, खुद का स्वरोजगार या स्टार्टअप शुरू करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें कई शानदार योजनाएं चला रही हैं. अगर आप सही प्रक्रिया और दस्तावेजों के साथ आवेदन करते हैं, तो आपको बिना किसी परेशानी के आसानी से कम ब्याज पर लोन मिल सकता है. दरअसल, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) भारत सरकार के MSME मंत्रालय की एक क्रेडिटलिंक्ड सब्सिडी योजना है, जिसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में नए सूक्ष्म उद्यमों की स्थापना कर रोजगार के अवसर सृजित करना है. राष्ट्रीय स्तर पर खादी और ग्राम उद्योग आयोग (KVIC) इसकी नोडल एजेंसी है. विनिर्माण क्षेत्र में 50 लाख और सेवा क्षेत्र में 20 लाख रुपये तक का लोन मिलता है. ग्रामीण क्षेत्रों में 25 प्रतिशत से 35 प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में 15 प्रतिशत से 25 प्रतिशत तक की सरकारी सब्सिडी दी जाती है. आवेदक को प्रोजेक्ट लागत का केवल 5 प्रतिशत से 10 प्रतिशत खुद लगाना होता है. साथ ही, 10 लाख रुपये तक के ऋण के लिए किसी गारंटी की जरूरत नहीं होती. इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की उम्र कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए और यह लाभ केवल नया व्यवसाय शुरू करने के लिए मान्य है, जिसकी कोई पारिवारिक आय सीमा नहीं है.

आवेदन करने का तरीका

  • सबसे पहले KVIC PMEGP e-Portal या KVIC Online पर जाएं और Application for New Unit के विकल्प पर क्लिक करें.
  • इसके बाद अपनी पहचान से जुड़ी जानकारी दर्ज करें और मोबाइल पर आने वाले ओटीपी के जरिए उसे वेरिफाई करें.
  • अब आपके सामने एक ऑनलाइन फॉर्म खुलेगा, जिसमें अपनी व्यक्तिगत जानकारी, अपने प्रोजेक्ट की कुल लागत और बैंक खाते का पूरा विवरण सही-सही भरें.
  • इसके बाद अपनी सुविधा के अनुसार कार्यान्वयन एजेंसी चुनें, जैसे कि KVIC, KVIB या DIC.
  • अपने सभी जरूरी कागजात अपलोड करें; जैसे कि पासपोर्ट साइज फोटो, प्रोजेक्ट रिपोर्ट, पैन कार्ड और अपनी शैक्षणिक योग्यता का प्रमाण पत्र.
  • फॉर्म फाइनल सबमिट करने के बाद आपको एक एप्लीकेशन आईडी और पासवर्ड मिल जाएगा, जिसकी मदद से आप कभी भी अपने आवेदन का स्टेटस चेक कर सकते हैं।

मुद्रा लोन

  • छोटे दुकानदारों, व्यापारियों और छोटे स्तर पर काम करने वाले उद्यमियों के लिए यह योजना बेहद मददगार है। इसके तहत बिना किसी गारंटी के 10 लाख रुपये तक का लोन आसानी से मिल जाता है.
  • लोन लेने के लिए जनसमर्थ पोर्टल, या आप सीधे अपने नजदीकी बैंक की वेबसाइट या उसकी शाखा में जाकर भी आवेदन कर सकते हैं.
  • आवेदन करने का तरीका
  • जनसमर्थ पोर्टल पर जाकर Business Activity Loan के विकल्प को चुनें और चेक करें कि आप इसके लिए पात्र हैं या नहीं.

अपनी जरूरत के हिसाब से लोन की सही श्रेणी चुनें

  • शिशु लोन: 50,000 तक रुपये
  • किशोर लोन: 5 लाख तक रुपये
  • तरुण लोन:  10 लाख तक रुपये
  • अपना मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी डालकर पोर्टल पर रजिस्टर करें.
  • अपनी जरूरी डिटेल्स भरें, जैसे कि पैन कार्ड, उद्योग रजिस्ट्रेशन और अपने बिजनेस का फाइनेंशियल रिकॉर्ड.
  • जैसे ही आपको डिजिटल अप्रूवल मिल जाता है, अपनी पसंद का बैंक चुनें. इसके बाद बैंक आपके दस्तावेजों की जांच करके लोन की रकम आपके खाते में ट्रांसफर कर देगा.

AHIDF-पशुपालन अवसंरचना विकास कोष

अगर आप डेयरी फार्मिंग, मीट प्रोसेसिंग यूनिट या पशुओं के चारे से जुड़ा कोई प्लांट लगाना चाहते हैं, तो यह इंफ्रास्ट्रक्चर फंड आपको बेहद किफायती दरों और 3 प्रतिशथ ब्याज सब्सिडी पर लोन मुहैया कराता है.

आवेदन करने का तरीका

  • AHIDF Udyami Mitra पोर्टल पर विजिट करें और Apply for Loan के विकल्प को चुनें.
  • अपना मोबाइल नंबर दर्ज करें और ओटीपी के जरिए अपना अकाउंट बनाएं.
  • अपनी श्रेणी चुनें जैसे कि आप व्यक्तिगत उद्यमी  हैं, कोई एफपीओ या कंपनी चला रहे हैं और अपनी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार रखें.
  • ऑनलाइन फॉर्म में अपनी और अपने बिजनेस से जुड़ी सभी जानकारियां भरें.
  • अपने सभी जरूरी दस्तावेज जैसे कि प्रोजेक्ट रिपोर्ट , जमीन से जुड़े कागजात, केवाईसी  और वित्तीय विवरण अपलोड करें.
  • फॉर्म सबमिट होने के बाद पशुपालन मंत्रालय द्वारा आपके प्रोजेक्ट की शुरुआती जांच की जाएगी, जिसके पास होने पर इसे फाइनल अप्रूवल के लिए बैंक के पास भेज दिया जाता है. 

लोन आवेदन के लिए ये कागजात है जरूरी

 पहचान संबंधी दस्तावेज

  •  आवेदक का पैन कार्ड
  •  निवास प्रमाण पत्र (वोटर आईडी कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या बिजली का बिल).

 बिजनेस और प्रोजेक्ट डिटेल्स

  •  बैंक में देने के लिए एक विस्तृत और पेशेवर प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाना होना चाहिए.
  •  प्लांट, मशीनरी या उपकरणों की खरीद के लिए आधिकारिक कोटेशन.
  •  उद्यम रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, जो ऑनलाइन मुफ्त में बनता है.

 शैक्षणिक और श्रेणी प्रमाण

  •  8वीं पास या शैक्षणिक योग्यता का प्रमाण.
  •  जाति प्रमाण पत्र .
  •  लोकेशन और बैंक रिकॉर्ड
  •  दुकान या गोदाम का रेंट एग्रीमेंट या खुद की जगह होने पर मालिकाना हक के दस्तावेज.
  •  आवेदक का पिछले 6 महीने का अपडेटेड बैंक स्टेटमेंट

 खाद्य और व्यावसायिक लाइसेंस

  •  आटा चक्की, किराना या खाद्य उत्पादों से जुड़े बिजनेस के लिए FSSAI फूड लाइसेंस जरूरी है.

लोन लेते समय इन बातों का रखें ध्यान

 सिर्फ नए उद्यमों के लिए

 ये सरकारी योजनाएं पूरी तरह नए बिजनेस शुरू करने वालों के लिए हैं. पुराने चल रहे बिजनेस के विस्तार पर यह सब्सिडी सामान्यतः नहीं मिलती.

मार्जिन मनी

 नियमों के मुताबिक, प्रोजेक्ट लागत का 5 प्रतिशत से 10 प्रतिशत हिस्सा आपको खुद लगाना होता है, जिसे मार्जिन मनी कहते हैं . बाकी 90 प्रतिशत तक की राशि बैंक की ओर से फाइनेंस की जाती है.

ईडीपी ट्रेनिंग अनिवार्य

 PMEGP योजना के तहत लोन मंजूर होने के बाद उद्यमिता विकास प्रशिक्षण लेना जरूरी है.

यह भी पढ़ें- दिल्ली में बिजली सब्सिडी के लिए आधार अनिवार्य, एक ग्राहक कितने मीटर पर ले रहा सब्सिडी, होगी पहचान

 डेयरी और कृषि ऋण अपडेट

 ध्यान रखें कि पुरानी DEDS (नाबार्ड) योजना अब बंद हो चुकी है. छोटे स्तर की डेयरी के लिए अब Mudra Loan सबसे बेहतर विकल्प है, जबकि बड़े डेयरी इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए AHIDF योजना के तहत तीन प्रतिशत ब्याज सब्सिडी का लाभ लिया जा सकता है. हालांकि, इन सभी लोन के लिए क्रेडिट इतिहास साफ सुथरा होना चाहिए. अगर पहले का कोई लोन डिफाल्टर है, तो सरकारी सब्सिडी वाली फाइल आगे बढ़ने में दिक्कत आ सकती है.

यह भी पढ़ें- दिवाली से पहले किसानों के खाते में आएंगे 5000-5000,  महाराष्ट्र सरकार ने किया राहत राशि का ऐलान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Business Loan, Business Loan For MSME, Business Loan For Women And SC ST, Business Loans, Business Loans For Women
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com