बड़े कारोबारियों को हजारों करोड़ रुपये का लोन देने के बजाय अगर बैंक यही पैसा छोटे और सूक्ष्म कारोबारियों को दें तो इसका फायदा कहीं ज्यादा लोगों तक पहुंचेगा. यह कहना है भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गवर्नर संजय मल्होत्रा का. उन्होंने बैंकों से छोटे कारोबारियों को ज्यादा कर्ज देने की खास अपील की है. साथ ही उन्होंने 20 से 40% तक रिटर्न देने का लालच देने वाली स्कीमों और डिजिटल ठगी को लेकर भी लोगों को सावधान किया है.
छोटे कारोबारियों को कर्ज देने से 1000 गुना ज्यादा फायदा
पुणे जिले में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में RBI गवर्नर ने कहा कि अगर कोई बैंक किसी बड़े कारोबारी को 1,000 करोड़ रुपये का लोन देता है तो इसका फायदा सिर्फ एक व्यक्ति या एक कारोबार तक सीमित रह सकता है. लेकिन इतनी ही रकम अगर छोटे कारोबारों को दी जाए तो इसका कुल फायदा कम से कम 100 गुना ज्यादा हो सकता है.
वहीं, यही पैसा सूक्ष्म कारोबारियों यानी माइक्रो एंटरप्राइजेज में बांटा जाए तो फायदा 1,000 गुना तक ज्यादा हो सकता है. संजय मल्होत्रा ने कहा कि ग्रामीण इलाकों और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों तक बैंकिंग सर्विस पहुंचाने से बड़े स्तर पर फायदा हुआ है.इसलिए यह उनकी बैंकों से खास अपील है कि विकास का फायदा समाज के हर वर्ग और हर इलाके तक पहुंचना चाहिए.
60 करोड़ से ज्यादा बैंक खाते खुले, अब डिजिटल जानकारी भी जरूरी
RBI गवर्नर ने सरकार की वित्तीय समावेशन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके तहत 60 करोड़ से ज्यादा बैंक खाते खोले जा चुके हैं. अब लोगों को बैंकिंग सर्विस के साथ वित्तीय और डिजिटल जानकारी देना भी जरूरी है.उन्होंने कहा कि आज बैंकिंग सर्विस का इस्तेमाल तेजी से डिजिटल तरीके से हो रहा है. ऐसे में डिजिटल बैंकिंग अपनाने के साथ सावधानी रखना भी उतना ही जरूरी है.
20-40% रिटर्न का लालच देने वालों से रहें सावधान
मल्होत्रा ने लोगों को फर्जी निवेश योजनाओं से बचने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि अगर कोई कम समय में 20%, 30% या 40% रिटर्न देने का वादा करता है तो ऐसे ऑफर से बेहद सावधान रहना चाहिए. इतने ज्यादा रिटर्न के पीछे छिपा जोखिम या धोखाधड़ी हो सकती है. उन्होंने कहा कि किसी के साथ अपना OTP शेयर न करें. अनजान लिंक पर क्लिक करने और संदिग्ध मैसेज का जवाब देने से भी बचें. डिजिटल बैंकिंग का इस्तेमाल जरूर करें, लेकिन पूरी जानकारी और सावधानी के साथ.
31 दिसंबर तक देशभर में लगेंगे कैंप
RBI गवर्नर ने ये बातें पुणे जिले के मावल तालुका के वाकसाई गांव में आयोजित वित्तीय समावेशन कैंप में कहीं. इस कैंप में 500 से ज्यादा लोग शामिल हुए. इसका मकसद लोगों तक जरूरी बैंकिंग सेवाएं और सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाएं पहुंचाना है.उन्होंने बताया कि ऐसे कैंप 31 दिसंबर तक देशभर में लगाए जाएंगे. यह कैंप वित्तीय सेवा विभाग (DFS) के देशव्यापी फाइनेंशियल इंक्लूजन सैचुरेशन कैंपेन का हिस्सा है.
यह भी पढ़ें | सरकारी कर्मचारियों की मौज, फेस्टिवल एडवांस दोगुना कर 50,000 रुपये करेगी कर्नाटक सरकार, OPS पर भी बड़ा बयान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं