Delhi Zoo: दिल्ली जू में घूमने वालों के लिए अच्छी खबर है. दरअसल, दिल्ली जू में घूमने के लिए एक ऐप लॉन्च किया है, जिसका नाम NZP साथी–दिल्ली जू ऐप है. इस ऐप के लॉन्च होने के बाद अब बड़े राष्ट्रीय प्राणी उद्यान यानी चिड़ियाघर में किसी जानवर को ढूंढना मोबाइल के जरिए रास्ता देखने जितना आसान हो गया है. यह एक मोबाइल ऐप है, जिसका मकसद लोगों के चिड़ियाघर घूमने के अनुभव को आसान बनाना है. इसकी मदद से विजिटर बिना किसी गाइड के खुद ही पूरे जू में घूम सकते हैं, जानवरों के बारे में जानकारी ले सकते हैं और दूसरी सुविधाओं का भी पता लगा सकते हैं.
दिल्ली जू का NZP Saathi-Delhi Zoo ऐप
जो लोग पहली बार जू आते हैं, उनके लिए यह ऐप किसी डिजिटल साथी जैसा काम करता है. इससे आप आसानी से जानवरों के पिंजरे ढूंढ सकते हैं, पास के खाने-पीने की जगह या पानी की सुविधा भी देख सकते हैं. इस ऐप की सबसे खास बात इसका AI Guide Box है, जो रियल टाइम में आपके सवालों का जवाब देता है. जैसे अगर आप पूछें, “एशियाई शेर कहां है?”, तो ऐप आपको उसकी सही दूरी बताता है और वहां तक जाने का रास्ता भी दिखाता है.
NZP Saathi-Delhi Zoo ऐप से मिलेगी ये सुविधा
इस ऐप में एक 2D डिजिटल मैप भी दिया गया है, जिसमें पूरे चिड़ियाघर में मौजूद जानवरों और पक्षियों की लोकेशन दिखाई जाती है. साथ ही यह भी बताया जाता है कि वे आपकी मौजूदा जगह से कितनी दूर हैं. इस ऐप के “Explore” सेक्शन में जाकर यूजर अलग-अलग जानवरों के बारे में जानकारी ले सकते हैं, जैसे उनकी प्रजाति, उम्र, शरीर से जुड़ी जानकारी, खाने की आदतें और उनसे जुड़े रोचक तथ्य. यात्रा को आसान बनाने के लिए ऐप में “Plan My Visit” का विकल्प भी दिया गया है, जिसमें अलग-अलग तरह के रूट बनाए गए हैं.
यह भी पढ़ें:- रोबोट वाला रेस्टोरेंट, यहां 'रोबो दीदी' टेबल तक पहुंचाती है खाना, अनोखे अंदाज में होता है वेलकम
Express Tour- 1–2 घंटे में पूरा होने वाला, करीब 3 किलोमीटर का छोटा रूट, जिसमें 30 से ज्यादा जानवर दिखते हैं.
Family Tour- 2–3 घंटे का रूट, करीब 6 किलोमीटर लंबा, जिसमें 45 से ज्यादा जानवर शामिल हैं.
Explorer Tour (Green Route)- 7–8 किलोमीटर लंबा बड़ा रूट, जिसमें 10 स्टॉप हैं और 60 से ज्यादा जानवर देखे जा सकते हैं.
जानवरों के अलावा, यह ऐप जू के अंदर मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी भी देता है. “Amenities” सेक्शन में आप एंट्री और एग्जिट गेट, 10 वॉशरूम, पीने के पानी की जगह, 13 बग्गी स्टॉप, 5 फूड कोर्ट, बग्गी बुकिंग सेंटर, फर्स्ट एड, शिशु फीडिंग एरिया और एजुकेशन सेंटर जैसी सुविधाएं आसानी से ढूंढ सकते हैं. इस ऐप के जरिए आप ऑनलाइन टिकट भी बुक कर सकते हैं. यह ऐप हिंदी और अंग्रेजी दोनों में उपलब्ध है और इसमें जू का समय, टिकट दरें और नियम-कानून की जानकारी भी दी गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं