विज्ञापन

गणपति विसर्जन पर छावनी में तब्दील होगी मुंबई, 84 रूट पर डायवर्जन...24 घंटे मेट्रो, जानें क्या होगी व्यवस्था

गणपति विसर्जन को लेकर मुंबई में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हजारों पुलिस बल तैनात किए गए हैं. वहीं सड़कों पर डायवर्जन और लोगों की सुविधाओं के लिए कंट्रोल रूम बनाए गए हैं.

गणपति विसर्जन पर छावनी में तब्दील होगी मुंबई, 84 रूट पर डायवर्जन...24 घंटे मेट्रो, जानें क्या होगी व्यवस्था
गणपति विसर्जन पर एडवाइजरी जारी
NDTV इंडिया ग्राफिक्‍स

मुंबई पुलिस ने गणपति विसर्जन के लिए सुरक्षा और ट्रैफिक इंतजामों का ऐलान किया है. अनंत चतुर्दशी के लिए मुंबई में 21,000 से ज्यादा पुलिसकर्मी और 7,000 वॉलंटियर तैनात किए गए हैं. वहीं, मुंबई पुलिस ने अनंत चतुर्दशी की भीड़ को संभालने के लिए 24 घंटे ट्रेन और मेट्रो सेवाएं चलाने का अनुरोध किया है. वहीं लोगों भीड़ में न फंसे इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने गणपति विसर्जन के लिए 84 रूट डायवर्जन और 95 क्रेन तैनात किए हैं. मुंबई में गणपति विसर्जन की 341 जगहों की सुरक्षा के लिए इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर और 51 वॉचटावर बनाए गए. इस बात की जानकारी संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) मनोज कुमार शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी है.

मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि अनंत चतुर्दशी पर भक्तों की भारी भीड़ होती है. यहां 7,000 से ज्यादा बड़ी गणपति मूर्तियां और 9,000 से ज्यादा प्रमुख मंडल हैं. विसर्जन के लिए 341 तय जगहें हैं, जिनमें प्राकृतिक विसर्जन स्थल भी शामिल हैं. गिरगांव चौपाटी पर सबसे ज्यादा मूर्तियाँ और भक्त आते हैं, इसके बाद दादर, माहिम, वर्सोवा, पवई, जुहू और दूसरी झीलें आती हैं. उन्होंने कहा कि हर साल हम कुछ नया करने की कोशिश करते हैं. ऐसे में इस बार वर्सोवा जेटी पर रैंप को अपग्रेड किया गया है. 

क्या-क्या है सुरक्षा व्यवस्था

  • सभी विसर्जन स्थलों पर राफ्ट का इंतजाम किया गया है.
  • 6 अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, 38 DCP, 66 ACP, 3,213 पुलिस अधिकारी और 18,340 पुलिसकर्मी तैनात हैं.
  • अतिरिक्त फोर्स में डेल्टा स्क्वाड, दंगा-रोधी पुलिस, क्विक रिस्पॉन्स टीम, होम गार्ड और दूसरी खास यूनिटें शामिल हैं.
  • पुलिस कंट्रोल रूम कानून-व्यवस्था बनाए रखने और भगदड़ को रोकने के लिए पूरे शहर पर नजर रखेगा.

मेट्रो 24 घंटे चालू रखने की अपील

भीड़ से निपटने के लिए मुंबई पुलिस ने रेलवे और मेट्रो अधिकारियों को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि लोगों की भारी भीड़ को देखते हुए अनंत चतुर्दशी पर सेवाएं 24 घंटे चालू रखी जाएं. वहीं भीड़ में बच्चे न खो जाएं इसके लिए खास टीमें तैनात की गई हैं. मुख्य जगहों पर मेडिकल सुविधाएं और डॉक्टर तैनात रहेंगे.

हर गणेश मंडल की जानकारी देने के लिए गिरगांव चौपाटी पर एक नया कंट्रोल रूम बनाया गया है. मुंबई पुलिस ने इस साल भी विसर्जन जुलूस के सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न होने का भरोसा दिलाया है.

खराब गाड़ियों के लिए क्रेन की व्यवस्था

संयुक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) सत्यनारायण चौधरी ने बताया कि मुंबई में सभी जरूरी जगहों की मैपिंग की गई है. विसर्जन की मुख्य जगहों पर 5 ट्रैफिक कंट्रोल रूम बनाए गए हैं. 7,000 वॉलंटियर पुलिस की मदद करेंगे. 51 वॉचटावर बनाए गए हैं, जिनमें से अकेले गिरगांव चौपाटी पर 17 टावर हैं. एक इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर बनाया गया है. भीड़-भाड़ वाले इलाकों में पार्किंग के खास इंतजाम किए गए हैं और ट्रैफिक राइडर्स तैनात किए गए हैं. मुंबई भर में, खासकर उन अहम रास्तों पर जहां गाड़ियां खराब होने की संभावना रहती है, इस वजह से 95 क्रेन तैनात की गई हैं.

84 रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन 

84 रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन किया गया है. दक्षिण मुंबई और जुहू तारा रोड इलाके के लिए वैकल्पिक रास्ते बताए गए हैं. फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाने पर खास ध्यान दिया जाएगा. बंद रास्तों और वैकल्पिक रास्तों की जानकारी नागरिकों को दी जाएगी. लोकमान्य तिलक मार्ग का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है. शोर प्रदूषण से जुड़े कोर्ट के निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ेंः नोएडा वाले ध्यान दें! 5 दिन इन रास्तों पर ट्रैफिक रहेगा डायवर्ट, यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को लेकर एडवाइजरी जारी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ganpati Visarjan, Ganpati Visarjan Mumbai, Mumbai Traffic Advisory, Mumbai Police, Mumbai Security
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com