विज्ञापन

नोएडा वाले ध्यान दें! 5 दिन इन रास्तों पर ट्रैफिक रहेगा डायवर्ट, यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को लेकर एडवाइजरी जारी

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को लेकर 25 से 29 सितंबर तक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है. इस वजह से नोएडा, ग्रेटर नोएडा, एक्सप्रेसवे, परीचौक, गाजियाबाद, यमुना एक्सप्रेसवे, डीएनडी फ्लाईओवर तक रूट में बदलाव होने वाला है.

नोएडा वाले ध्यान दें! 5 दिन इन रास्तों पर ट्रैफिक रहेगा डायवर्ट, यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को लेकर एडवाइजरी जारी
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो ट्रैफिक एडवाइजरी
NDTV इंडिया ग्राफिक्‍स

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. जिसमें विस्तृत यातायात डायवर्जन प्लान जारी किया गया है. एक्सपो मार्ट ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले ट्रेड शो में बड़ी संख्या में देश-विदेश से लोग पहुंचेंगे. वहीं, 25 सितंबर को उद्घाटन समारोह में गृहमंत्री अमित शाह पहुंचने वाले हैं. ऐसे में सुरक्षा का खास इंतजाम होगा. आयोजन में पहुंचने वाले VIP और VVIP लोगों के शामिल होने की वजह से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और एक्सपो मार्ट के आसपास के मार्गों पर जरूरत के मुताबिक ट्रैफिक डायवर्जन किया जाएगा.

ट्रेड शो को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के लिए 1500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन प्लान के अनुसार वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें.

एक्सप्रेसवे-DND-कालिंदी बॉर्डर-महामाया फ्लाईओवर कहां-कहां डायवर्जन

चिल्ला रेड लाइट से एक्सप्रेसवे के रास्ते ग्रेटर नोएडा जाने वाले यातायात को सेक्टर-14ए फ्लाईओवर से गोलचक्कर चौक सेक्टर-15 की ओर डायवर्ट किया जाएगा. वाहन DSC मार्ग से जा सकेंगे. इसी तरह DND से एक्सप्रेसवे होकर ग्रेटर नोएडा जाने वाले वाहनों को रजनीगंधा चौक सेक्टर-16 की ओर डायवर्ट किया जाएगा. यहां से वाहन MP-01 मार्ग और DSC मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे. कालिंदी बॉर्डर से आने वाले वाहनों को महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-37 की ओर भेजा जाएगा और वे एमपी-03 तथा DSC मार्ग से आगे जा सकेंगे. सेक्टर-37 से एक्सप्रेसवे होकर ग्रेटर नोएडा जाने वाले वाहनों को सेक्टर-44 गोलचक्कर से डबल सर्विस रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा.

डबल सर्विस रोड से DSC मार्ग के जरिए गंतव्य तक पहुंचा जा सकेगा. आगरा की ओर से नोएडा आने वाले वाहनों को जेवर टोल से आगे कस्बा जेवर की ओर उतरकर साबौता अंडरपास, खुर्जा बाईपास और जहांगीरपुर होते हुए गंतव्य तक जाने की सलाह दी गई है.

परीचौक से नोएडा-ग्रेटर नोएडा जाने वाला रास्ता डायवर्ट होगा

परीचौक से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे होकर नोएडा की ओर जाने वाले यातायात को परीचौक से सूरजपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा. वाहन सूरजपुर से ग्रेटर नोएडा वेस्ट होते हुए आगे जा सकेंगे. सूरजपुर से परीचौक जाने वाले वाहनों को एलजी गोलचक्कर से 130 मीटर रोड की ओर भेजा जाएगा. पी-3 गोलचक्कर से परीचौक होते हुए सूरजपुर/ग्रेटर नोएडा वेस्ट जाने वाले वाहनों को पी-3 से स्वर्ण नगरी गोलचक्कर की ओर डायवर्ट किया जाएगा. इसके बाद 130 मीटर रोड से गंतव्य तक पहुंचा जा सकेगा. आगरा से नोएडा की ओर आने वाला यातायात हिंडन कट से सेक्टर-151 की ओर डबल सर्विस रोड से होकर आगे जा सकेगा.

वहीं, ग्रेटर नोएडा से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के रास्ते नोएडा जाने वाले वाहनों को चरखा गोलचक्कर से सेक्टर-94 की ओर भेजा जाएगा. ये वाहन महामाया फ्लाईओवर और सेक्टर-37 होकर आगे जा सकेंगे. GIP की ओर से फिल्मसिटी फ्लाईओवर होकर डीएनडी जाने वाले वाहनों को फिल्मसिटी फ्लाईओवर के नीचे यू-टर्न से डायवर्ट किया जाएगा. वाहन DSC और एलिवेटेड मार्ग से जा सकेंगे. 

DND से दिल्ली जाने वाला रास्ता होगा डायवर्ट

रजनीगंधा की ओर से DND फ्लाईओवर होकर दिल्ली जाने वाले यातायात को रजनीगंधा चौक से डायवर्ट कर DSC मार्ग और न्यू अशोक नगर बॉर्डर की ओर भेजा जाएगा. गोलचक्कर चौक सेक्टर-15 से सेक्टर-14ए फ्लाईओवर होकर दिल्ली जाने वाले वाहनों को भी गोलचक्कर चौक से डायवर्ट किया जाएगा और DSC मार्ग से न्यू अशोक नगर बॉर्डर की ओर भेजा जाएगा.

पार्किंग व्यवस्था भी की गई है निर्धारित

यातायात पुलिस ने एक्सपो मार्ट पहुंचने वाले वाहनों के लिए अलग मार्ग और पार्किंग व्यवस्था भी निर्धारित की है. नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहन हिंडन कट से सर्विस रोड, संस्कृति मंत्रालय तिराहा, पुस्ता रोड और एप्को कॉलेज तिराहा होते हुए नासा (बड़ा) गोलचक्कर स्थित पार्किंग में वाहन खड़े कर एक्सपो मार्ट जा सकेंगे. एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहन गल्गोटिया कट से एक्सपो मार्ट गोलचक्कर और नासा गोलचक्कर स्थित पार्किंग तक पहुंच सकेंगे. सूरजपुर और परीचौक की ओर से आने वाले वाहनों के लिए एलजी गोलचक्कर, शारदा गोलचक्कर होते हुए नासा गोलचक्कर की पार्किंग का मार्ग निर्धारित किया गया है. नासा गोलचक्कर के अंदर बनी पार्किंग की क्षमता पूरी होने पर केसीसी, जुबिलेंट और यूनाइटेड कॉलेज परिसर में बनी पार्किंग को वैकल्पिक पार्किंग के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा.

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद पार्किंग स्थल से कोई भी वाहन एक्सपो मार्ट की ओर वापस नहीं जाएगा. पार्किंग से निकलने वाले वाहन शारदा गोलचक्कर, एलजी गोलचक्कर, सूरजपुर, कच्ची सड़क तिराहा, कुलेसरा, फेस-2, ककराला होते हुए सोरखा-पर्थला/किसान चौक या गंगेल, बरौला और सेक्टर-37 की ओर जा सकेंगे.

दिल्ली और गाजियाबाद की ओर जाने वाले वाहनों को शारदा गोलचक्कर, एलजी गोलचक्कर, साकीपुर गोलचक्कर, 130 मीटर रोड, सिरसा गोलचक्कर होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जाएगा. यमुना एक्सप्रेसवे जाने वाले वाहन शारदा गोलचक्कर, एलजी गोलचक्कर, आसियाना गोलचक्कर, डेल्टा-3, बीटा-2, लेबर चौक और डेल्टा-01 गोलचक्कर होते हुए आईटीवीपी गोलचक्कर, पी-3 गोलचक्कर और आईएफएस विला गोलचक्कर से जीरो प्वाइंट होकर यमुना एक्सप्रेसवे पहुंच सकेंगे.

7 बजे से 11 बजे तक भारी मालवाक गाड़ियों के प्रवेश पर प्रतिबंध

ट्रेड शो के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए 24 सितंबर से 29 सितंबर तक प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक भारी मालवाहक वाहन, मध्यम मालवाहक वाहन और हल्के मालवाहक वाहन का नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और कार्यक्रम स्थल के आसपास के मार्गों पर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. हालांकि, दूध, सब्जी, फल जैसी आवश्यक वस्तुओं तथा चिकित्सीय वाहनों को नो-एंट्री के प्रावधानों के अनुसार छूट दी जाएगी. भारी वाहनों के लिए चिल्ला बॉर्डर और DND से यू-टर्न लेकर एनएच-09/24, एनएच-91 और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. कालिंदी बॉर्डर से आने वाले वाहन भी एनएच-09/24, ईस्टर्न पेरिफेरल और एनएच-91 का इस्तेमाल कर सकेंगे.

यमुना एक्सप्रेसवे पर भी डायवर्जन

यमुना एक्सप्रेसवे से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को जेवर टोल से पहले यू-टर्न लेकर अलीगढ़-टप्पल की ओर भेजा जाएगा. जेवर टोल पार करने के बाद आने वाले वाहनों को जेवर-जहनगीरपुर की ओर डायवर्ट कर खुर्जा-बुलंदशहर के रास्ते भेजा जाएगा. होंडा सीएल चौक से आने वाले वाहनों को सिरसा गोलचक्कर और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जाएगा. सूरजपुर घंटा चौक से आने वाले वाहनों को तिलपता और सिरसा गोलचक्कर होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे का रास्ता दिया जाएगा.

यातायात पुलिस ने बताया कि ट्रेड शो में प्रदर्शनी सामग्री लेकर आने वाले ट्रकों को सामग्री उतारने के बाद नासा गोलचक्कर से शारदा गोलचक्कर, एलजी गोलचक्कर और 130 मीटर रोड होते हुए सिरसा गोलचक्कर की ओर भेजा जाएगा. रामपुर-फतेहपुर तिराहे के पास स्थित ट्रक पार्किंग में करीब 260 ट्रकों की पार्किंग क्षमता निर्धारित की गई है. इसी मार्ग से ट्रक एक्सपो मार्ट वापस भी आ सकेंगे. आपात स्थिति में चिकित्सीय और फायर सर्विस वाहनों को डायवर्जन के दौरान सुरक्षित रूप से रास्ता दिया जाएगा.

यातायात पुलिस ने लोगों से मेट्रो सेवाओं का अधिकतम उपयोग करने, यात्रा की योजना पहले से बनाने और पर्याप्त समय लेकर निकलने की अपील की है. यातायात संबंधी असुविधा होने पर हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क किया जा सकता है.

यह भी पढ़ेंः 

ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 25 से, सीएम योगी ने तैयारियां परखीं, चौथे संस्करण में क्‍या खास?

नेशनल हाईवे को लेकर NHAI की नई गाइडलाइन, 4 और 6 लेन वाले सड़कों पर होगी लागू

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP International Trade Show, Noida Traffic Advisory, UP International Trade Show 2026, Noida Traffic Diversion, Greater Noida Traffic Advisory
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com