- रेलवे बोर्ड ने उदयपुर सिटी से कोटा जंक्शन तक नई मेमू ट्रेन संचालन की आधिकारिक मंजूरी दी है.
- यह मेमू ट्रेन गाड़ी संख्या 61628 और 61627 के तहत उदयपुर, चित्तौड़गढ़ व कोटा के बीच चलेगी.
- नई ट्रेन सेवा से क्षेत्र के यात्रियों, सरकारी कर्मचारियों और प्रतियोगी परीक्षा देने वाले छात्रों को लाभ होगा.
Udaipur Kota New MEMU Train: राजस्थान के रेल यात्रियों और छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. दरअसल, रेलवे बोर्ड ने मेवाड़ और हाड़ौती क्षेत्र के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए उदयपुर सिटी कोटा जंक्शन मेमू (MEMU) ट्रेन के परिचालन को आधिकारिक मंजूरी दे दी है. गाड़ी संख्या 61628/61627 के तहत चलने वाली यह नई मेमू ट्रेन उदयपुर, चंदेरिया यानी चित्तौड़गढ़ और कोटा के बीच चलने वाले दैनिक यात्रियों, छात्रों और व्यापारियों के लिए बेहद मुफीद साबित होगी.
दरअसल, राजस्थान के तीन प्रमुख शहरों-उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और कोचिंग हब कोटा के बीच यात्रा करने वाले हजारों लोगों की वर्षों से ये मांग रही है, जिसे रेलवे ने अब पूरा कर दिया है. रेल, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने चित्तौड़गढ़ के सांसद सीपी जोशी को लिखे आधिकारिक पत्र में इस नई ट्रेन सेवा की स्वीकृति की पुष्टि की है.
🚨 Railway Board has approved the 61628/61627 Udaipur City – Kota Junction MEMU via Chittaurgarh! 🎉 A significant step towards improving rail connectivity between Udaipur, Chittaurgarh and Kota. #Kota #Udaipur #IndianRailways https://t.co/ywmdVxnbL7
— Kota Junction (@Kota__Junction) October 19, 2026
गाड़ी संख्या और रूट डिटेल्स
उदयपुर सिटी-कोटा जंक्शन-उदयपुर सिटी मेमू ट्रेन गाड़ी संख्या 61628 और 61627 के रूप में संचालित होगी. यह ट्रेन उदयपुर सिटी से रवाना होकर वाया चंदेरिया यानी चित्तौड़गढ़ होते हुए कोटा जंक्शन तक जाएगी. इस पूरे सफर के दौरान ये गाड़ी सात स्टेशनों पर ठहरेगी. इसके स्टॉपेज की जानकारी नीचे दी गई है.
ये हैं स्टॉपेज
• उदयपुर सिटी
• मावली जंक्शन
• फतहनगर
• चंदेरिया / चित्तौड़गढ़
• मांडलगढ़
• बूंदी
• कोटा जंक्शन
सभी वर्गों को होगा फायदा
इस नई सेवा से उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और कोटा जिलों के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के बीच दैनिक आवागमन करने वाले यात्रियों, सरकारी कर्मचारियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को सीधा फायदा मिलेगा.
सांसद सीपी जोशी की पहल पर मिली मंजूरी
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से जारी पत्र के मुताबिक सांसद सीपी जोशी ने क्षेत्र में बेहतर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के लिए उदयपुर से कोटा के बीच वाया चित्तौड़गढ़ नई मेमू ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रखा था, जिसे रेलवे बोर्ड के पश्चिमी मध्य रेलवे और उत्तर पश्चिम रेलवे के समन्वय से इस रूट पर नई लोकल मेमू ट्रेन चलाने की स्वीकृति दे दी गई है.
यह भी पढ़ें- पुणे-मुजफ्फरपुर के बीच चलेगी 24 दिवाली-छठ स्पेशल ट्रेनें, जानें कैसे बुक करें टिकट
दैनिक यात्रियों और छात्रों के लिए खास खास है यह मेमू ट्रेन
मेमू ट्रेनें कम किराया, तेज रफ्तार और बेहतर फ्रीक्वेंसी के लिए जानी जाती हैं. लिहाजा, उदयपुर और मेवाड़ क्षेत्र से कोटा जाकर पढ़ाई करने वाले हजारों छात्र-छात्राओं के लिए यह सीधी और किफायती ट्रेन सुविधा बनेगी. इसके अलावा, चंदेरिया और चित्तौड़गढ़ के औद्योगिक व व्यापारिक केंद्रों का कोटा और उदयपुर के बाजारों से सीधा जुड़ाव होगा.
यह भी पढ़ें- रेलवे स्टेशनों पर खुलेंगे सैलून और ब्यूटी पॉर्लर, रेलयात्रियों के लिए प्रयागराज जोन के 2 स्टेशनों से होगी शुरुआत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं