Lucknow LDA Bageshwari Apartment Scheme: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अपना घर बसाने की चाहत रखने वालों के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) एक बड़ा अवसर लेकर आया है. एलडीए की नगर विस्तार योजना के तहत बागेश्वरी अपार्टमेंट में 1 हजार 248 फ्लैटों के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है. इसमें 2BHK फ्लैट्स के साथ-साथ प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत किफायती मकान भी शामिल हैं, जिन पर पात्र आवेदकों को 2.5 रुपये लाख तक की सब्सिडी का लाभ मिलेगा. इस नई योजना के तहत कुल 1,248 फ्लैटों की बुकिंग खोली गई है. इसमें मध्यम वर्ग के लिए 2-बेडरूम यानी 2-BHK फ्लैट्स और कमजोर आय वर्ग के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत किफायती मकानों का निर्माण किया जाएगा.
कीमत और पीएम आवास की सब्सिडी
एलडीए द्वारा जारी विवरण के अनुसार, शारदा नगर विस्तार की इस योजना में दो अलग-अलग श्रेणियों में फ्लैट बुक किए जा रहे हैं:
- फ्लैट्स की बुकिंग: 2-BHK
- कुल संख्या: 936 फ्लैट्स
- क्षेत्रफल: 55.25 वर्ग मीटर
- निर्धारित कीमत: 35 लाख रुपये
फ्लैट्स: पीएम आवास योजना
- कुल संख्या: 312 किफायती फ्लैट्स
- क्षेत्रफल: 40.12 वर्ग मीटर
- निर्धारित कीमत: 8.99 लाख रुपये
- योजना के पात्र लाभार्थियों को केंद्र व राज्य सरकार की ओर से 2.5 लाख रुपये की सब्सिडी भी मिलेगी.
फ्लैट्स में क्यों सुस्त है रिस्पॉन्स
जमीन की भारी मांग के उलट लखनऊ में आवास विकास और एलडीए के 2,000 से अधिक निर्मित या प्रस्तावित फ्लैटों को खरीदार मिलने में चुनौती का सामना करना पड़ रहा है. अदिति अपार्टमेंट में फ्लैट्स के लिए 100 से भी कम आवेदन आए हैं.
एलडीए उपाध्यक्ष ने दी ये जानकारी
इस पर एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार का कहना है कि एलडीए लोगों की विविध आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर लगातार नई आवासीय योजनाएं ला रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राइम लोकेशंस पर बने फ्लैट्स के लिए जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है. उदाहरण स्वरूप, डालीबाग स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल आवासीय योजना के 72 फ्लैटों के लिए 8,000 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे, वहीं, अटल बिहारी वाजपेयी योजना में भी सभी फ्लैटों की सफल बुकिंग हुई है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली में मात्र 15 लाख रुपए में मिल रहा है DDA का फ्लैट, दो घंटे के भीतर ही हो गई 2500 बुकिंग, ऐसे करें अप्लाई
प्लॉट्स के लिए 8 से 10 गुना तक आ रहे आवेदन
लखनऊ में हाल के दिनों में आवासीय जमीनों की मांग में भारी उछाल देखा गया है. नागरिक रेडिमेड फ्लैट्स की तुलना में अपनी पसंद और जरूरत के हिसाब से जमीन लेकर घर बनाना अधिक पसंद कर रहे हैं.
- अनंत नगर योजना (LDA): 344 भूखंडों के लिए 12,776 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे.
- अवध विहार योजना (आवास विकास): सेक्टर-7 में केवल 72 प्लॉट्स के लिए 11,187 लोगों ने लाइन लगाई.
- वरुण विहार व नैमिष नगर योजना: इस वर्ष कुल उपलब्ध भूखंडों के मुकाबले 8 से 10 गुना तक अधिक आवेदन आ चुके हैं.
- ई-ऑक्शन का ट्रेंड: एलडीए और आवास विकास परिषद की ई-ऑक्शन नीलामी में खरीदार बेस प्राइस से 3 से 4 गुना अधिक बोली लगाकर भी जमीन खरीद रहे हैं.
यह भी पढ़ें- जयपुर में मुख्यमंत्री जन आवास योजना के सस्ते फ्लैट, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के करीब लोकेशन, जानें डिटेल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं