- दिल्ली विकास प्राधिकरण ने नरेला में लो इनकम ग्रुप के लिए 2516 फ्लैट्स की ऑनलाइन बुकिंग शुरू की है.
- फ्लैट्स की कीमत 25 प्रतिशत छूट के बाद लगभग 14.95 से 15.01 लाख रुपये के बीच उपलब्ध कराई जा रही है.
- नरेला में रेड लाइन मेट्रो के विस्तार से क्षेत्र की कनेक्टिविटी गाजियाबाद-कुंडली से बेहतर होगी.
DDA Housing Scheme: दिल्ली में अपना घर खरीदने का सपना देख रहे मध्यम और कम आय वर्ग के लोगों के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण यानी डीडीए ने एक शानदार मौका पेश किया है. डीडीए की आवास निवेश योजना 2026 के तहत नरेला में 2,516 एलआईजी फ्लैट्स की बुकिंग पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर शुरू हो चुकी है. खास बात यह है कि 25 प्रतिशत की भारी छूट के चलते ये फ्लैट्स सिर्फ 14.95 लाख रुपये की शुरुआती कीमत में मिल रहे हैं, जिसके चलते लॉन्च होते ही महज दो घंटे के भीतर हजारों फ्लैट बुक हो गए.
योजना के तहत मंगलवार को नरेला के सेक्टर जी2 स्थित पॉकेट 3 और पॉकेट 6 में एलआईजी यानी लो इनकम ग्रुप फ्लैट्स की ऑनलाइन बुकिंग शुरू हुई, जिसे जनता का अभूतपूर्व रिस्पॉन्स मिला और शुरुआती चंद घंटों में ही लोगों ने 2516 फ्लैट बुक कर लिए.
फ्लैट्स की मुख्य खासियत
डीडीए की ओर से दी जा रही 25 प्रतिशत की छूट के बाद इन 1BHK फ्लैट्स की कीमत बेहद कम हो गई है.
- इलाका नरेला पॉकेट 3
- उपलब्ध फ्लैट्स: 1,020
- क्षेत्रफल: 49.90 वर्ग मीटर
- छूट के बाद शुरुआती कीमत: लगभग 15.01 लाख रुपये
नरेला पॉकेट 6
- उपलब्ध फ्लैट्स: 1,496
- अनुमानित क्षेत्रफल: 49.90 वर्ग मीटर
- छूट के बाद शुरुआती कीमत: लगभग 14.95 लाख रुपये
ऐसे होगी नरेला में मेट्रो और कनेक्टिविटी
आने वाले समय में नरेला में बुनियादी सुविधाओं का दायरा और तेजी से बढ़ने वाला है. दरअसल, नरेला में रेड लाइन मेट्रो का विस्तार हरियाणा के कुंडली तक किया जाना प्रस्तावित है. इस 26 किलोमीटर लंबे नए कॉरिडोर में कुल 22 मेट्रो स्टेशन होंगे, जिससे नरेला सीधे तौर पर गाजियाबाद, नत्थूपुरा और कुंडली जैसे प्रमुख क्षेत्रों से जुड़ जाएगा. डीडीए नरेला में अब तक लगभग 62,801 फ्लैटों का निर्माण कर चुका है, जिसमें से 31,000 से अधिक फ्लैट्स का आवंटन किया जा चुका है. शेष फ्लैट्स पहले आओ, पहले पाओ योजना के तहत उपलब्ध कराए जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें- दिल्ली में सिर्फ 15 लाख में अपना घर! पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर हो रही है बुकिंग ; ऐसे करें आवेदन
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
अगर आप भी इस योजना के तहत फ्लैट बुक करना चाहते हैं, तो 31 जनवरी 2027 तक आधिकारिक पोर्टल के जरिए बुक कर सकते हैं. इसके लिए नीचे बताए गए प्रोसेस को फॉलो करना होगा.
- सबसे पहले डीडीए की आधिकारिक वेबसाइट या DDA eServices या Awaas Portal पर जाएं.
- अगर पोर्टल पर नया खाता नहीं है, तो अपना पैन कार्ड, आधार कार्ड और बुनियादी जानकारी दर्ज करके रजिस्टर करें. इसके लिए 2,500 रुपये की नॉन रिफंडेबल रजिस्ट्रेशन फीस चुकानी होगी.
- अपने अकाउंट से लॉगिन करें और आवास निवेश योजना 2026 को चुनें. फिर नरेला के पॉकेट, ब्लॉक और अपनी पसंद का फ्लैट नंबर सेलेक्ट करें.
- फ्लैट को लॉक करने के बाद एक लाख रुपये की बुकिंग राशि का ऑनलाइन पेमेंट करना होगा.
- पेमेंट करने के बाद फ्लैट आपके नाम अस्थायी रूप से बुक हो जाएगा और डीडीए की ओर से डिमांड कम अलॉटमेंट लेटर जारी किया जाएगा.
यह भी पढ़ें- जयपुर में मुख्यमंत्री जन आवास योजना के सस्ते फ्लैट, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के करीब लोकेशन, जानें डिटेल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं