विज्ञापन

LPG के लिए e-KYC की आखिरी तारीख नजदीक, 30 जून से पहले कर लें ये काम, जानें जरूरी बात

इंडेन, भारत गैस और एचपी गैस के ग्राहकों को 30 जून 2026 तक e-KYC पूरा करने की सलाह दी गई है. जिन लोगों का e-KYC अभी बाकी है, उन्हें जल्द यह काम कर लेना चाहिए ताकि गैस सब्सिडी से जुड़े फायदों में कोई परेशानी न आए.

LPG के लिए e-KYC की आखिरी तारीख नजदीक, 30 जून से पहले कर लें ये काम, जानें जरूरी बात
30 जून से पहले करा लें e-KYC
Photo Credit: NDTV

LPG e-KYC : अगर आपके घर में इंडेन, भारत गैस या एचपी गैस का सिलेंडर आता है तो ये खबर आपके लिए जरूरी है. गैस कंपनियों ने अपने ग्राहकों से 30 जून 2026 तक e-KYC पूरा करने को कहा है. जिन लोगों का e-KYC अभी तक नहीं हुआ है, उन्हें जल्द ये काम पूरा करने की सलाह दी गई है. कंपनियों का कहना है कि e-KYC नहीं होने पर गैस सब्सिडी से जुड़े कुछ फायदे मिलने में दिक्कत आ सकती है. हालांकि अभी तक ऐसा नहीं कहा गया है कि 30 जून के बाद गैस कनेक्शन बंद कर दिया जाएगा. फिर भी आगे किसी परेशानी से बचने के लिए समय रहते e-KYC पूरा कर लेना बेहतर रहेगा.

क्या 30 जून के बाद बंद हो जाएगी गैस सब्सिडी

गैस कंपनियों ने कहा है कि जिन ग्राहकों का e-KYC अभी बाकी है, वे 30 जून से पहले इसे पूरा कर लें. कंपनियां अपने रिकॉर्ड अपडेट करना चाहती हैं ताकि सब्सिडी का फायदा सही लोगों तक पहुंच सके. अगर e-KYC नहीं हुई तो सब्सिडी से जुड़ी कुछ सेवाओं में परेशानी आ सकती है.

क्या गैस कनेक्शन बंद हो जाएगा?

कई लोगों के मन में ये सवाल है कि क्या e-KYC नहीं कराने पर गैस कनेक्शन बंद हो जाएगा. फिलहाल ऐसी कोई जानकारी नहीं दी गई है. कंपनियों की सलाह सिर्फ इतनी है कि ग्राहक समय सीमा से पहले e-KYC पूरा कर लें ताकि आगे कोई दिक्कत न हो.

e-KYC क्यों जरूरी है?

e-KYC के जरिए गैस कंपनियां अपने ग्राहकों की जानकारी अपडेट करती हैं. इससे ये पता लगाने में मदद मिलती है कि कहीं एक ही नाम पर कई कनेक्शन तो नहीं हैं या कोई पुराना कनेक्शन बिना इस्तेमाल के तो नहीं पड़ा है. इससे सरकारी मदद सही लोगों तक पहुंचाने में भी आसानी होती है.

किन लोगों को करानी है e-KYC?

ये काम उन लोगों के लिए जरूरी है जिनकी e-KYC अभी तक पूरी नहीं हुई है. उज्ज्वला योजना का फायदा लेने वाले लोगों को भी यह देख लेना चाहिए कि उनका आधार नंबर गैस कनेक्शन से जुड़ा हुआ है या नहीं. जिन लोगों ने पहले ही e-KYC कर ली है, उन्हें दोबारा ये प्रक्रिया करने की जरूरत नहीं है.

घर बैठे भी कर सकते हैं e-KYC?

इंडेन के ग्राहक IndianOil ONE ऐप, भारत गैस के ग्राहक Hello BPCL ऐप और एचपी गैस के ग्राहक HP Pay ऐप की मदद से घर बैठे e-KYC कर सकते हैं. इसके लिए मोबाइल नंबर और आधार की जरूरत होगी. ऐप में दिए गए आसान स्टेप्स को पूरा करके ये काम किया जा सकता है.

ऑफलाइन भी है सुविधा

जो लोग मोबाइल ऐप का इस्तेमाल नहीं करना चाहते, वे अपनी नजदीकी गैस एजेंसी पर जाकर भी e-KYC करवा सकते हैं. वहां आधार के जरिए यह काम पूरा किया जाएगा. अच्छी बात ये है कि e-KYC के लिए कोई पैसा नहीं देना पड़ता. ये पूरी प्रक्रिया मुफ्त है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
LPG E-KYC, Aadhaar Link
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com