आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अमेरिकी हमले में तीन भारतीयों की मौत पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से दो टूक कहा कि जल्द ही भारत में एक मजबूत प्रधानमंत्री होगा, जो अमेरिका से हर अपमान और हत्या का बदला लेगा. भारतीय जहाजों पर जिन भारतीयों की जान गई है, उसके लिए ट्रंप सीधे जिम्मेदार हैं.
AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने डोनाल्ड ट्रंप से एक्स पर कहा कि जिन भारतीयों की जान गई है, उसके लिए आपको जवाबदेह ठहराया जाएगा. यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि पीएम मोदी इस पर चुप हैं. लेकिन आज पूरे देश का खून खौल रहा है. लोग बहुत ज्यादा गुस्से में हैं. ट्रंप ने तीन जहाजों के ऊपर हमला किया. 8 जून, 10 जून और 11 जून को हुए इन हमलों के दौरान जहाजों में भारत के 68 लोग सवार थे, जिनमें से तीन भारतीय मारे गए. लेकिन हमारे प्रधानमंत्री ने एक शब्द नहीं बोला.
अमेरिका ने तीन भारतीयों की मौत अफसोस नहीं जताया: केजरीवाल
केजरीवाल ने कहा कि 10 जून को ट्रंप ने ट्वीट करके प्रधानमंत्री जी को सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाला प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी. इसके जवाब में प्रधानमंत्री ने भी ट्वीट करके ट्रंप को धन्यवाद कहा और लिखा कि वह उनके साथ काम करने के लिए उत्सुक हैं. इसका क्या मतलब है? अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हद तो तब हो गई जब हमारे देश के विदेश मंत्री ने अमेरिका के सेक्रेटरी ऑफ स्टेट रुबियो को फोन किया, तो अमेरिका ने तीन भारतीयों की मौत पर कोई खेद या अफसोस नहीं जताया. अगर रूस, चीन, ईरान या किसी और देश का एक भी नागरिक मारा जाता, तो क्या वह देश अमेरिका या ट्रंप को छोड़ देता? क्या वह देश चुप रहता?
मनीष सिसोदिया ने भी किया तंज
उधर, AAP पंजाब के प्रभारी और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि जब प्रधानमंत्री विदेश यात्राओं पर जाते हैं, तो एयरपोर्ट पर तालियां बजाने के लिए वहां रह रहे भारतीयों को बुला लेते हैं. वहां उनके डांस और बच्चों के साथ अपनी तस्वीरें ट्वीट करके मोदी जी यह बताने की कोशिश करते हैं कि भारतीय उनसे कितना प्रेम करते हैं. लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या वह विदेशों में रहने वाले इन भारतीयों से प्रेम करते हैं?
यह भी पढ़ें: अहमदाबाद एयर इंडिया प्लेन हादसे की कब आएगी अंतिम जांच रिपोर्ट? मंत्री ने बताया क्यों हो रही है देरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं