विज्ञापन

सट्टे वाले 'बादशाह' के ठिकाने पर बुलडोजर एक्शन, 6 बीघा में बना आलीशान फार्महाउस ध्वस्त

बूंदी में पुलिस और प्रशासन ने सट्टा और जुआ का अवैध धंधा करने वाले एक आरोपी के फार्महाउस पर बने निर्माण को दो जेसीबी मशीनों से ढहा दिया.

सट्टे वाले 'बादशाह' के ठिकाने पर बुलडोजर एक्शन, 6 बीघा में बना आलीशान फार्महाउस ध्वस्त
आरोप है कि यह फार्महाउस अवैध पैसे से बनाया गया था
NDTV

बूंदी में सट्टे का बादशाह बताए जानेवाले एक हिस्ट्रीशीटर से जुड़ी कथित अवैध संपत्ति पर बड़ा एक्शन देखने को मिला. कोतवाली थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर साबिर अली उर्फ ‘सट्टे वाले' से जुड़ी बताई जा रही संपत्ति पर वन विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बुलडोजर चला दिया. दलेलपुरा क्षेत्र में करीब 6 बीघा वन एवं राजस्व भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराते हुए यहां बने फार्म हाउस सहित अन्य निर्माण ध्वस्त कर दिए गए. इस कार्रवाई को लेकर मौके पर पुलिस का भारी जाप्ता तैनात रहा. दो जेसीबी मशीनों से फार्म हाउस के भवन और अन्य कथित अवैध निर्माण को ढहाया गया. कार्रवाई के दौरान तहसीलदार अर्जुन लाल मीणा, कोतवाली थानाधिकारी रमेश आर्य, वन विभाग के एसीएफ और रेंजर सुमित कनौजिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.

हिस्ट्रीशीटर का फार्महाउस 

कोतवाली थानाधिकारी रमेश आर्य के अनुसार साबिर अली पुत्र पीर मोहम्मद निवासी महावीर कॉलोनी कोतवाली थाने का हिस्ट्रीशीटर है. पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ कोतवाली थाने में जुआ, सट्टा और अन्य आपराधिक धाराओं में कुल 11 प्रकरण दर्ज हैं.

पुलिस का आरोप है कि साबिर अली ने दलेलपुरा क्षेत्र में वन विभाग और राजस्व विभाग की करीब 6 बीघा भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा था. इसी जमीन पर कथित रूप से अवैध तरीके से अर्जित धन से बड़ा फार्म हाउस तैयार किया गया था.

बुलडोजर से निर्माण को ढहा दिया गया

बुलडोजर से निर्माण को ढहा दिया गया
Photo Credit: NDTV

पुलिस और स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार कथित फार्म हाउस में स्विमिंग पूल सहित कई अन्य सुविधाएं विकसित की गई थीं. आरोप है कि यहां पार्टियों और स्विमिंग पूल के नाम पर गतिविधियां संचालित की जाती थीं.

हालांकि इन गतिविधियों से जुड़े आरोपों पर प्रशासन की ओर से अलग से विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है. फिलहाल प्रशासन की कार्रवाई का मुख्य आधार वन एवं राजस्व भूमि पर कथित अतिक्रमण और अवैध निर्माण बताया गया है.

मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासन की टीम

मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासन की टीम
Photo Credit: NDTV

कब्जाधारियों से वसूला जाएगा कार्रवाई का खर्च

संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान करीब 6 बीघा वन एवं राजस्व भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया. फार्म हाउस के भवन और अन्य निर्माण को जेसीबी से ध्वस्त किया गया. प्रशासन की ओर से यह भी कहा गया है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में आया खर्च संबंधित कब्जाधारियों से नियमानुसार वसूल किया जाएगा. 

ये भी पढ़ें-: प्रमोशन, अनुकंपा नियुक्ति, UCC बिल... राजस्थान कैबिनेट का बड़ा फैसला; सीएम ने इन प्रस्तावों को दी मंजूरी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan News, Bundi News, Bulldozer Action
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com