Kanpur Kanwar Yatra Traffic Diversion: सावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए कानपुर नगर और आसपास के जिलों में भारी वाहनों के लिए सख्त रूट डायवर्जन (Traffic Diversion) लागू किया गया है.
ट्रैफिक पुलिस ने रामादेवी फ्लाईओवर पिकेट पॉइंट और जाजमऊ चेकपोस्ट पर बैरिकेडिंग कर लखनऊ रूट पर जाने वाले ट्रकों और अन्य भारी वाहनों का प्रवेश रोक दिया है. यह डायवर्जन सोमवार रात 12:00 बजे तक प्रभावी रहेगा. जानकारी के अभाव में हाईवे किनारे वाहन खड़े करने से कई स्थानों पर जाम जैसी स्थिति देखने को मिली, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है.

प्रयागराज रूट से भेजे जा रहे वाहन
लंबे रूट और दूसरे राज्यों से आ रहे भारी वाहन चालकों को रामादेवी चौराहा से प्रयागराज रूट की तरफ डायवर्ट किया जा रहा है.प्रयागराज रूट से लंबा चक्कर काटने से बचने के लिए कई चालक सड़कों के किनारे गाड़ियां खड़ी कर नो एंट्री खुलने का इंतजार करते नजर आए. हालांकि, पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा और सोमवार मध्य रात्रि तक डायवर्सन नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा. इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त डॉ. विपिन ताडा ने खुद रामादेवी चौराहा व जाजमऊ क्षेत्र का निरीक्षण किया गया.
भारी वाहनों का नया रूट चार्ट
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कानपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से अलग-अलग दिशाओं से आने वाले कमर्शियल व भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं. इटावा और औरैया की ओर से आने वाले और उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी और गोरखपुर की ओर जाने वाले वाहनों के लिए रामादेवी चौराहा से दाहिने मुड़कर चौडगरा फतेहपुर से बाएं मुड़ेंगे. इसके बाद लालगंज, बछरावां होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के जरिए अपनी मंजिल की ओर जा सकेंगे.
हमीरपुर से ऐसे जाए लखनऊ
हमीरपुर की तरफ से आने वाले और सजेती, घाटमपुर, नौबस्ता होकर उन्नाव या लखनऊ जाने वाले वाहनों के लिए आनूपुर मोड़ से दाहिने मुड़कर परास मोड़, जहानाबाद, चौडगरा, फतेहपुर, लालगंज और बछरावां होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर डायवर्ट किया जा रहा है. झांसी, कालपी, भोगनीपुर और मूसानगर की ओर से आने वाले नौबस्ता होकर उन्नाव या लखनऊ जाने वाले वाहन घाटमपुर चौराहा से बाएं न मुड़कर सीधे चौडगरा, फतेहपुर, लालगंज, बछरावां होकर पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का रास्ता अपनाएंगे. वहीं, कानपुर शहर के शिवराजपुर, चौबेपुर, बिठूर क्षेत्र से जाने वाले वाहनों के लिए परियर पुल होते हुए उन्नाव की तरफ भारी वाहनों का जाना पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है. इन वाहनों को अब सीधे अरौल से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे होते हुए अपनी मंजिल की ओर जाना होगा.
यह भी पढ़ें- डैड या खराब मेट्रो कार्ड का पैसा नहीं डूबेगा! बस करना होगा ये छोटा सा काम, जानें बैलेंस ट्रांसफर का तरीका
रूट डायवर्जन के सा ही कानपुर ट्रैफिक पुलिस ने भारी वाहन से माल ढुलाई करने वालों को सलाह दी है कि सोमवार रात 12 बजे तक कानपुर-लखनऊ मार्ग का उपयोग करने से बचें. साथ ही लंबी दूरी के चालक गूगल मैप्स के साथ-साथ पुलिस की ओर से बताए गए पूर्वांचल या आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे वाले रूट का ही पालन करें. साथ ही मुख्य राजमार्गों के किनारे वाहन खड़े करने के बजाय तय डायवर्सन रूट पर आगे बढ़ें ताकि यातायात बाधित न हो.
यह भी पढ़ें- दिल्ली की 1,511 कॉलोनियों में पक्की रजिस्ट्री शुरू! जानें आवेदन की पूरी प्रक्रिया और लास्ट डेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं