उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में कहा कि उत्तर प्रदेश, जो कभी दंगों की आग में झुलसता था और जहां अपराधियों के हौसले बुलंद थे, आज कानून के राज यानी ‘रूल ऑफ लॉ' के लिए जाना जाता है. प्रदेश में अराजकता और अपराध का दौर खत्म हुआ है. आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर केंद्र और राज्य सरकार की नीति स्पष्ट है, न अपराधियों को अभय, न आतंकियों को अवसर और न ही देश की सुरक्षा से कोई समझौता होता.उन्होंने ये बात पुलिस लाइंस में एनएसजी और उत्तर प्रदेश पुलिस के संयुक्त क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ के मौक पर कही.
IANS के मुताबिक, सीएम योगी ने कहा कि आज पूरा देश यूपी पुलिस और एटीएस के पराक्रम पर गर्व करता है. सुरक्षा चुनौतियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि समय के साथ दुश्मन ने अपने तरीके बदले हैं. आज दुश्मन अदृश्य मोर्चे से वार कर रहा है. हवाला नेटवर्क, फेक करेंसी, अवैध कन्वर्जन, साइबर क्राइम और क्रिप्टो करेंसी के जरिए समाज के भीतर से पूरी व्यवस्था को खोखला करने की साजिश रची जा रही है.
यूपी कैसे बना 'लैंड ऑफ लॉ'?
उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि यूपी पुलिस और एटीएस के जांबाजों ने हर ऐसी अदृश्य साजिश को बेनकाब किया है. आज एटीएस की 21 फील्ड यूनिट पूरे प्रदेश में तैनात हैं और 10 नई फील्ड यूनिट खड़ी करके सुरक्षा का अभेद्य किला बनाया गया है. एटीएस के पास अवैध धर्मांतरण सेल, क्रिप्टो एनालिसिस विंग और साइबर ऑप्स टीम मौजूद हैं. उन्होंने कहा कि एक समय था जब उत्तर प्रदेश दंगों की आग में झुलसता था और अपराधियों के हौसले बुलंद थे. आज प्रदेश में रूल ऑफ लॉ है और यह लॉलेस लैंड से लैंड ऑफ लॉ बन गया है.
यूपी में डकैती और लूट में आई भारी कमी
उन्होंने बताया कि पुलिस भर्ती की पारदर्शी व्यवस्था के साथ ही पुलिस बजट को तीन से चार गुना किया गया है. साइबर थाने दो से बढ़ाकर 75 जनपदों तक ले जाए गए हैं. ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत 15 लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और पीआरवी 112 का रिस्पॉन्स टाइम 65 मिनट से घटाकर 5 से 7 मिनट किया गया है. इसके अलावा 15,000 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त या ध्वस्त की गई है, जिससे प्रदेश में डकैती और लूट में भारी कमी आई है. कार्यक्रम के दौरान एनएसजी और एटीएस के दक्ष कमांडो ने आतंकवादी हमलों, बंधकों को मुक्त कराने, विस्फोटकों को निष्क्रिय करने और वीआईपी सुरक्षा जैसे चुनौतीपूर्ण अभियानों का शानदार प्रदर्शन किया.
सीएम योगी ने कहा कि हेलिकॉप्टर से उतरकर ऑपरेशन को अंजाम देने की वर्टिकल एनवेलपमेंट तकनीक की लाइव ड्रिल भी की गई. साथ ही काफिले के गुजरने के दौरान विस्फोट होने पर वीआईपी को सुरक्षित निकालने का जीवंत प्रदर्शन किया गया. कार्यक्रम का विशेष आकर्षण एनएसजी की के9 यूनिट का एक्सप्लोसिव डिटेक्शन डॉग 'डॉनी' रहा, जिसने मुख्यमंत्री को पुष्पों की टोकरी भेंटकर उनका अभिनंदन किया. राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड के महानिदेशक भृगु श्रीनिवासन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आयोजित यह कार्यक्रम राज्य पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय और तैयारी बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा.
ये भी पढ़ें-यूपी चुनाव: कांग्रेस ने मांगी 181 सीटें पर अखिलेश एक चौथाई भी देने के मूड में नहीं, सपा ने दिया जवाबी ऑफर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं