Jhansi and Bina third railway line: दिल्ली-मुंबई रेल कॉरिडोर पर भारतीय रेलवे ने बड़ी कामयाबी हासिल की है. दरअसल, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाले 153 किलोमीटर लंबे झांसी-बीना तीसरी रेल लाइन प्रोजेक्ट का काम पूरा हो गया है. 2,274 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस नए रेलवे ट्रैक के शुरू होने से व्यस्त रूट पर ट्रेनों की लेटलतीफी खत्म होगी और माल गाड़ियों की आवाजाही को रफ्तार मिलेगी. इसके साथ ही 5,961 करोड़ रुपये की लागत वाली मथुरा झांसी तीसरी लाइन परियोजना भी दिसंबर 2026 तक पूरी होने की उम्मीद है, जिसके बाद दिल्ली-इटारसी सेक्शन में तीन-तीन रेल लाइनें उपलब्ध हो जाएंगी.
इस महत्वाकांक्षी परियोजना की कुल अनुमानित लागत 2,274 करोड़ है. इस नए ट्रैक के चालू होने से न केवल उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा, बल्कि बुंदेलखंड क्षेत्र में यात्रियों और माल ढुलाई के संचालन में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा.
झांसी-बीना तीसरी रेल लाइन प्रोजेक्ट की मुख्य विशेषताएं
- झांसी बीना रेलखंड भारतीय रेलवे के व्यस्ततम डबल लाइन मार्गों में से एक रहा है, जहां क्षमता से अधिक ट्रेनें चलाई जा रही थी. तीसरी लाइन बनने से पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों को अब आउटर पर सिग्नल के इंतजार में खड़ा नहीं रहना पड़ेगा.
- इस पूरे 153 किमी लंबे कॉरिडोर में पड़ने वाले लगभग 32 स्टेशनों के बुनियादी ढांचे को सुधारा गया है, जिससे स्थानीय यात्रियों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा.
- इस रूट पर गतिमान, वंदे भारत और सुपरफास्ट ट्रेनों के साथ साथ गुड्स ट्रेनों के संचालन को अलग और समर्पित ट्रैक मिलने से स्पीड में काफी इजाफा होगा.
दिसंबर 2026 तक पूरा होगा काम
- 274 किलोमीटर लंबे इस मथुरा झांसी 3rd लाइन प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 5,961 करोड़ रुपये है.
- इस परियोजना का बड़ा हिस्सा पूरा किया जा चुका है और महज 26 किमी का काम बचा है. उम्मीद है कि दिसंबर 2026 के अंत तक इसे पूरी तरह कमीशन कर दिया जाएगा.
- मथुरा-झांसी लाइन के पूरा होते ही पूरे दिल्ली-इटारसी सेक्शन में तीन तीन रेल लाइनों का जाल बिछ जाएगा, जिससे उत्तर भारत से मध्य व दक्षिण भारत जाने वाली ट्रेनों की आवाजाही बेहद सुगम हो जाएगी.
यह भी पढ़ें- साबरमती में 307 करोड़ की लागत से बनेगा वंदे भारत मेंटेनेंस हब, यहीं होगी 24 कोच वाली ट्रेनों की विशेष मरम्मत
इटारसी-कल्याण ट्रैक विस्तार
दिल्ली-मुंबई रूट के अगले हिस्से इटारसी से मुंबई के कल्याण तक तीसरी और चौथी रेल लाइन बिछाने का काम भी अलग-अलग चरणों में तेजी से चल रहा है.
यह भी पढ़ें- इन ट्रेनों के PNR नंबर की बदलेगी सीरीज! जानिए क्या होगा नया नियम और किस अंक से शुरू होगा नंबर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं