विज्ञापन

ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल प्रोजेक्ट ने पकड़ी रफ्तार, 96 KM सुरंग से गुजरेगी ट्रेन, केदारनाथ-बदरीनाथ की यात्रा होगी आसान

ऋषिकेश से कर्णप्रयाग तक बन रही 125 किलोमीटर लंबी रेल लाइन प्रोजेक्ट में बड़ी सफलता मिली है. उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में 6.59 किलोमीटर लंबी सुरंग-14 का काम पूरा हो गया है. सुमेरपुर वाले पोर्टल-1 से 4.7 किमी और मरोड़ा वाले पोर्टल-2 से 1.79 किमी खोदी गई सुरंग आपस में जुड़ गई है.

ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल प्रोजेक्ट ने पकड़ी रफ्तार, 96 KM सुरंग से गुजरेगी ट्रेन, केदारनाथ-बदरीनाथ की यात्रा होगी आसान
Rishikesh-Karnaprayag Rail Project: ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल प्रोजेक्ट में बड़ी सफलता

भारतीय रेलवे ने 125 किलोमीटर लंबी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना में एक बड़ा मील का पत्थर पार कर लिया है. इस परियोजना के अंतर्गत उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में 6.59 किलोमीटर लंबी सुरंग-14 का काम पूरा हो गया है. अब इससे सुमेरपुर वाले पोर्टल-1 और मरोड़ा वाले पोर्टल-2 की तरफ से खोदी गई दोनों सुरंगें आपस में जुड़ गई हैं. यह रेल परियोजना बेहद खास और महत्वपूर्ण है. इसके  125 किमी लंबे रूट में 83% हिस्सा सुरंगों का है और इससे चीन बॉर्डर के करीब तक पहुंच और मजबूत हो जाएगी. इस परियोजना में कुल 16 सुरंगें और 19 पुल होंगे.

ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल प्रोजेक्ट की 6.59 किमी लंबी सुरंग में ब्रेकथ्रू

अभी का बड़ा अपडेट है कि रुद्रप्रयाग में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल प्रोजेक्ट की 6.59 किमी लंबी टनल-14 का ब्रेकथ्रू हो गया. सुरंग के मामले में ब्रेकथ्रू का मतलब होता है दोनों तरफ से खोदी जा रही सुरंग का आपस में मिल जाना. भारतीय रेलवे के मुताबिक, इसमें सुमेरपुर वाले पोर्टल-1 से 4.7 किमी और मरोड़ा वाले पोर्टल-2 से 1.79 किमी खोदी गई सुरंग आपस में जुड़ गई है.

पोर्टल-1 के बारे में बात करते हुए मंत्रालय ने कहा कि ट्रिपल-ट्रैक सुरंग का 110 मीटर का हिस्सा बसे हुए इलाकों के नीचे ढीली मिट्टी के बीच से खोदा गया, जिसके ऊपर 20-30 मीटर मिट्टी और चट्टान थी. सुरक्षित खुदाई सुनिश्चित करने के लिए प्री-एक्सकेवेशन और मल्टी-ड्रिफ्टिंग सहित विशेष तकनीकों का इस्तेमाल किया गया. पोर्टल-2 पर, ढलान को 30-35 मीटर गहरे माइक्रोपाइल्स, 15-20 मीटर लंबे रॉक बोल्ट्स और कंसोलिडेशन ग्राउटिंग के जरिए सुरक्षित किया गया.

क्यों अहम है ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना?

ऋषिकेश से कर्णप्रयाग तक बन रही 125 किलोमीटर लंबी रेल लाइन उत्तराखंड के लिए बेहद अहम होगी. यह सिर्फ एक रेलवे लाइन नहीं, बल्कि पहाड़ों में रहने वाले लोगों, पर्यटकों और तीर्थयात्रियों के लिए आने-जाने का नया रास्ता तैयार करेगी. इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसका 83 फीसदी हिस्सा सुरंगों से होकर गुजरेगा. हिमालय के कठिन पहाड़ी इलाकों और जटिल जमीन के बीच इतनी लंबी रेल लाइन बनाना इंजीनियरिंग की बड़ी चुनौती है.

इस परियोजना में कुल 12 रेलवे स्टेशन, 16 सुरंगें और 19 पुल बनाए जा रहे हैं. पहाड़ों के अंदर से गुजरने वाली सुरंगों और गहरी घाटियों को पार करने वाले पुलों की मदद से ट्रेन पहाड़ी इलाकों के बीच से गुजरेगी. इस तरह यह परियोजना भारतीय रेलवे के सबसे चुनौतीपूर्ण निर्माण कार्यों में से एक है.

रेल लाइन बनने के बाद कर्णप्रयाग और रुद्रप्रयाग जैसे इलाकों तक पहुंचना आसान हो जाएगा. इसका फायदा बद्रीनाथ और केदारनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं को भी मिलेगा. अभी इन इलाकों तक पहुंचने के लिए सड़क मार्ग पर निर्भर रहना पड़ता है. रेल कनेक्टिविटी मिलने से तीर्थयात्रियों का सफर आसान होगा और उत्तराखंड में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा.

चीन बॉर्डर से केवल 123 किमी दूर होगा आखिरी स्टेशन

इस परियोजना का महत्व सिर्फ पर्यटन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से भी अहम है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मुताबिक, इस रेल लाइन का आखिरी स्टेशन कर्णप्रयाग भारत-चीन सीमा से करीब 123 किलोमीटर दूर है. ऐसे में यह रेल लाइन रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है. इससे पहाड़ी इलाकों तक पहुंच आसान होगी और उत्तराखंड के विकास को भी नई गति मिल सकती है.

यह भी पढ़ें | दिल्ली से 6 घंटे में मुंबई, 4 घंटे में अहमदाबाद, दिल्ली-मुंबई बुलेट ट्रेन रूट का सबको इंतजार

यह भी पढ़ें | चीन बना रहा दुनिया की सबसे लंबी अंडरवॉटर हाईवे टनल, 75 मीटर नीचे सुरंग में गुजरेगा 6 लेन का एक्सप्रेसवे

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Indian Railway Project, Indian Railway Projects, Rishikesh-Karnaprayag Rail Line, Rishikesh-Karnaprayag Rail Route
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com