- रेलवे ने माता वैष्णो देवी कटरा व बडगाम के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन को नियमित एक्सप्रेस ट्रेन में बदल दिया है
- ट्रेन को नियमित एक्सप्रेस श्रेणी में शामिल करने से यात्रियों को सामान्य एक्सप्रेस किराए पर मिलंगे टिकट.
- इस बदलाव से श्रद्धालुओं और स्थानीय यात्रियों के लिए यात्रा अधिक सुलभ और आर्थिक रूप से किफायती होगी.
कश्मीर घाटी का सफर करने वालों और माता वैष्णो देवी की यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने बड़ा तोहफा दिया है. दरअसल, रेल मंत्रालय माता वैष्णो देवी कटरा और बडगाम के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन को 19 अक्टूबर 2026 से नियमित एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में चलाने का फैसला लिया है. इसके साथ ही इस ट्रेन का नंबर और किराया समेत सब कुछ बदल जाएगा. अब यात्रियों को नए नंबर 14687 और 14688 के साथ टिकट बुक कराना होगा.
अब तक ट्रेन ऑन डिमांड स्पेशल के रूप में चल रही कटरा बेलगाम ट्रेन को रेलवे मंत्रालय ने नियमित एक्सप्रेस सेवा का दर्जा दे दिया है. रेलवे प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के मुताबिक यह व्यवस्था 19 अक्टूबर 2026 से प्रभावी रूप से लागू कर दी जाएगी.
नोट कर लें नया ट्रेन नंबर
रेलवे अधिकारियों को जारी दिशानिर्देशों के मुताबिक, इस ट्रेन का पुराना स्पेशल नंबर समाप्त कर नया एक्सप्रेस नंबर आवंटित कर दिया गया है. अब यात्रियों को IRCTC ऐप या रेलवे आरक्षण केंद्र से टिकट बुक कराते समय नए नंबर का ही उपयोग करना होगा.
पुराना ट्रेन नंबर
- बेलगाम श्री माता वैष्णो कटरा - 04687
- वैष्णो देवी कटरा बेलगाम स्पेशल- 04688
नया ट्रेन नंबर
- बडगाम- माता वैष्णो देवी कटरा - 14687
- माता वैष्णो देवी कटरा -बडगाम -14688
अब लागू होगा एक्सप्रेस का साधारण किराया
नियमित एक्सप्रेस का दर्जा मिलने के बाद, संबंधित स्टेशनों पर यात्रियों को स्पेशल ट्रेन के स्पेशल किराए की जगह साधारण एक्सप्रेस श्रेणी की दर से ही टिकट जारी किया जाएगा. इससे श्रद्धालुओं और स्थानीय यात्रियों की जेब पर पड़ने वाला अतिरिक्त आर्थिक बोझ कम होगा और नियमित समय पर ट्रेन सेवा उपलब्ध रहेगी.
माता वैष्णो देवी कटरा स्टेशन धार्मिक पर्यटन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है. कटरा से बडगाम के बीच नियमित एक्सप्रेस सेवा शुरू होने से माता के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को कश्मीर घाटी तक की यात्रा के लिए सीधी और सुलभ ट्रेन सेवा मिलेगी. इसके साथ ही कश्मीर घाटी और कटरा के बीच दैनिक आवाजाही करने वाले स्थानीय यात्रियों, कारोबारियों और कर्मचारियों को नियमित सीटें मिल सकेंगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं