RailOne App Integration with Bharat Taxi: ट्रेन से सफर करने वाले लोगों की यह एक बहुत बड़ी समस्या होती है, कि वे रेलवे स्टेशन से उतरने के बाद घर कैसे पहुंचेंगे. इसके साथ ही कई बार स्टेशन के बाहर मौजूद टैक्सी चालक अधिक किराये की भी मांग करते हैं. इन्हीं समस्याओं को देखते हुए, भारतीय रेलवे ने एक बड़ा कदम उठाया है, जिसकी मदद से यात्रियों का घर तक पहुंचना काफी ज्यादा आसान हो जाएगा. दरअसल, भारतीय रेलवे ने लास्ट‑माइल कनेक्टिविटी को आसान बनाने के लिए RailOne App को Bharat Taxi के साथ जोड़ने की योजना बनाई है. इसकी शुरुआत नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से की जाएगी. यह सुविधा RailTel के कोलेबोरेशन से डेवलेप की जा रही है, जिसका उद्देश्य स्टेशन के बाहर होने वाली भीड़‑भाड़ को कम करना, यात्रियों की परेशानियां घटाना और उन्हें स्टेशन से घर तक पहुंचने के लिए एक भरोसेमंद टैक्सी सेवा उपलब्ध कराना है.
यह भी पढ़ें: iPhone 17 Pro Max खरीदने का सुनहरा मौका, यहां मिल रहा है जबरदस्त डिस्काउंट, तुरंत जान लें बेस्ट डील
यात्रियों को कैसे मिलेगा फायदा?
नई सुविधा के आने से यात्रियों की परेशानी काफी हद तक कम हो जाएगी. अब RailOne ऐप के जरिए जैसे ही यात्री ट्रेन टिकट बुक करेंगे, उसी के साथ उन्हें भारत टैक्सी बुक करने का ऑप्शन भी दिखाई देगा. यात्रियों को अलग‑अलग ऐप इस्तेमाल करने या स्टेशन के बाहर टैक्सी ढूंढने की जरूरत नहीं पड़ेगी. सिर्फ कुछ ही क्लिक में रेलवे स्टेशन से सीधे घर तक की टैक्सी बुक की जा सकेगी. इससे न केवल समय बचेगा, बल्कि ज्यादा किराया वसूलने या कैब‑ऑटो के लिए इधर‑उधर भटकने की समस्या से भी राहत मिलेगी.

RailOne ऐप पर मिलती हैं यह सुविधाएं
RailOne ऐप को भारतीय रेलवे का सुपर ऐप भी कहा जाता है. यह ऐप रेलवे यात्रियों के लिए एक ही प्लेटफॉर्म पर कई डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराता है. इसके जरिए यात्री रिजर्व्ड टिकट, अनरिजर्व्ड टिकट और प्लेटफॉर्म टिकट बुक कर सकते हैं. साथ ही इसमें IRCTC Rail Connect, NTES, Rail Madad और Food on Track जैसी सेवाएं भी एक ही इंटरफेस में मिल जाती हैं, जिससे यात्रियों को अलग‑अलग ऐप इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं पड़ती है.
2.57 करोड़ से ज्यादा डाउनलोड
रेल मंत्रालय ने 18 मार्च को जारी अपने बयान में बताया कि RailOne ऐप को 15 मार्च 2026 तक 2.57 करोड़ बार डाउनलोड किया जा चुका है. इस ऐप के जरिए हर दिन लगभग 7.64 लाख टिकट बुक हो रहे हैं, जिनमें रिजर्व्ड और अनरिजर्व्ड दोनों तरह के टिकट शामिल हैं. साथ ही RailOne ऐप को एंड्रॉयड यूजर्स Google Play Store से और iPhone यूजर्स Apple App Store से डाउनलोड किया जा सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं