Assam Election Result, Top 10 Seat Chunav Result: देश के अन्य 4 राज्यों के साथ-साथ असम में भी आज सत्ता की तस्वीर साफ होने वाली है. सुबह के 8 बजते ही राज्य की 126 विधानसभा सीटों पर वोटों की गिनती शुरू हो गई है और सबकी नजरें उन 10 “हॉट सीटों” पर टिकी हैं, जहां मुकाबला बेहद कड़ा माना जा रहा है. 722 उम्मीदवारों की किस्मत EVM में बंद है, वोटों की गिनती कड़ी सुरक्षा के बीच 35 जिलों के 40 काउंटिंग सेंटरों पर की जा रही है. हर एक्जिट पोल में कहीं आगे दिखने वाली बीजेपी लगातार तीसरी जीत की कोशिश में है, जबकि कांग्रेस और अन्य दल किस्मत बदलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं. कई सीटों पर पुराने चेहरे और नए समीकरण मुकाबले को और दिलचस्प बना रहे हैं, जिससे नतीजे आखिरी राउंड तक रोमांचक बने रह सकते हैं.
हॉट 10 सीटों का हाल
1- जलुकुबड़ी
इस सीट पर मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा आगे चल रहे हैं और उनकी वजह से ही यह काफी हाई-प्रोफाइल मानी जाती है. कांग्रेस ने यहां बिदिशा नेओग को मैदान में उतारा है. 2021 में सरमा ने 73% से ज्यादा वोट लेकर बड़ी जीत हासिल की थी. हिमंता लगातार 25 साल से यहां से विधायक हैं. उन्होंने अपना पहला चुनाव 2001 में इसी सीट से कांग्रेस के टिकट पर लड़ा था.
2- जोरहाट
यह सीट हमेशा कांटे की टक्कर वाली रहती है. कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई इस सीट से आगे चल रहे हैं. 2021 में बीजेपी के हितेंद्र नाथ गोस्वामी ने कांग्रेस के राणा गोस्वामी को बहुत कम अंतर से हराया था.
3- नाजिरा
कांग्रेस की मजबूत सीट मानी जाती है। विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया यहां से आते हैं. 2021 में बहुत कम अंतर से जीत मिली थी, इसलिए इस बार भी कड़ा मुकाबला है.
4- बर्चल्ला
यहां बीजेपी के गणेश कुमार लिम्बू 2016 से जीतते आ रहे हैं. लेकिन इस बार रिपुन बोरा के आने से मुकाबला दिलचस्प हो गया है.
5- कालियाबोर
2023 की नई सीमा निर्धारण (डिलिमिटेशन) के बाद यह अहम सीट बनी है. एजीपी के केशव महंता ने पिछली बार जीत हासिल की थी, लेकिन कांग्रेस कड़ी टक्कर दे रही है.
6- दिसपुर
राजधानी क्षेत्र की अहम सीट है. कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आए प्रद्युत बोरदोलोई से मुकाबला और रोचक हो गया है. बीजेपी यहां मजबूत रही है, अतुल बोरा ने 2016 और 2021 दोनों में शानदार जीत हासिल की थी.
7- सिवसागर
यह सीट अलग राजनीति के लिए जानी जाती है. निर्दलीय नेता अखिल गोगोई ने 2021 में बीजेपी को हराया था. इस बार भी सबकी नजर इस सीट पर है.
8- रूपहिहाट
2021 में कांग्रेस के नुरुल हुदा ने बड़ी जीत हासिल की थी. लेकिन इस बार एआईयूडीएफ के अमीनुल इस्लाम के मैदान में होने से मुकाबला फिर से गर्म है.
9- गोलाघाट
अब यह सीट काजीरंगा लोकसभा सीट का हिस्सा है. 2021 में अजयता नेओग ने जीत दर्ज की थी, लेकिन कांग्रेस यहां अभी भी मजबूत चुनौती दे रही है.
10- बोकाखाट
यह असम गण परिषद की मजबूत सीट है. अतुल बोरा ने 2021 में आराम से जीत दर्ज की थी, लेकिन इस बार समीकरण बदल सकते हैं.
असम चुनाव एक नजर में
अगर बीजेपी जीतती है, तो यह उसकी लगातार तीसरी जीत होगी. 2016 में बीजेपी ने 15 साल की कांग्रेस सरकार को हटाकर पहली बार सत्ता हासिल की थी. इस बार यानी 2026 के चुनाव में यहां 85% से ज्यादा मतदान हुआ है. कुल 722 उम्मीदवार मैदान में हैं.
- कांग्रेस: 99 उम्मीदवार
- बीजेपी: 90 उम्मीदवार
- एआईयूडीएफ: 30 उम्मीदवार
- एजीपी: 26 उम्मीदवार
- बीपीएफ: 11 उम्मीदवार
अन्य दलों में राइजर दल, असम जातीय परिषद, सीपीआई(एम) और अन्य शामिल हैं. आम आदमी पार्टी और यूपीपीएल ने 18-18 सीटों पर चुनाव लड़ा है, टीएमसी ने 22 और जेएमएम ने 16 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं. इसके अलावा 258 निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं.
यह भी पढ़ें: असम में बीजेपी की ‘हैट्रिक' या कांग्रेस की वापसी, लाइव रिजल्ट यहां देखें और पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं