AC Buying Guide: देश में गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है और समय के साथ इसका प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है. ऐसे में अक्सर लोग गर्मी से बचने के लिए AC खरीदते हैं. लेकिन इस दौरान केवल AC खरीद लेना ही काफी नहीं होता, सही मॉडल और कैपेसिटी चुनना भी उतना ही जरूरी है. AC के गलत सिलेक्शन से न केवल कूलिंग प्रभावित होती है, बल्कि बिजली का बिल भी बढ़ सकता है. कमरे का आकार, स्टार रेटिंग और इन्वर्टर टेक्नोलॉजी जैसे फैक्टर्स को ध्यान में रखकर लिया गया फैसला लंबे समय में बिजली बिल और आराम दोनों में फायदा दे सकता है.
उपभोक्ता को जरूर जानने चाहिए AC कितने तरह के होते हैं
बाजार में अलग-अलग जरूरतों के हिसाब से कई तरह के AC उपलब्ध हैं. इनमें शामिल हैं -
विंडो AC: छोटे कमरों और बजट के लिए बेहतर
स्प्लिट AC: बेडरूम और लिविंग रूम के लिए बेहतर
इन्वर्टर AC: रोजाना लंबे समय तक इस्तेमाल के लिए सबसे किफायती
पोर्टेबल AC: किराए के घर या अस्थायी इस्तेमाल के लिए सही
कैसेट AC: बड़े ऑफिस और कमर्शियल जगहों के लिए
हर AC की कीमत, कैपेसिटी और इस्तेमाल अलग-अलग होता है, इसलिए जरूरत के अनुसार चुनना जरूरी है.
कमरे के साइज के अनुसार सही टन चुनें
AC खरीदते समय सबसे जरूरी बात कमरे का साइज है. गलत टन का AC लेने से कूलिंग और बिजली दोनों प्रभावित होते हैं. यहां साइज के हिसाब से टन बताएं गए हैं -
120 वर्ग फुट तक – 1 टन
120 से 180 वर्ग फुट – 1.5 टन
180 वर्ग फुट से ज्यादा – 2 टन
अगर कमरा ज्यादा गर्म रहता है या ऊपर की मंजिल पर है, तो थोड़ा ज्यादा कैपेसिटी वाला AC लेना बेहतर होता है.
इन्वर्टर बनाम नॉन-इन्वर्टर AC
इन्वर्टर AC तापमान के अनुसार अपनी स्पीड एडजस्ट करता है, जिससे बिजली की खपत कम होती है. वहीं नॉन-इन्वर्टर AC बार-बार ऑन-ऑफ होता है, जिससे ज्यादा बिजली खर्च होती है. अगर रोजाना AC चलाना है तो इन्वर्टर AC बेहतर ऑप्शन है.
स्टार रेटिंग का ध्यान रखें
AC पर लगी स्टार रेटिंग उसकी एनर्जी एफिशिएंसी के बारे में जानकारी देती है, जैसे -
5 स्टार: सबसे ज्यादा बिजली बचत
3 स्टार: बेहतर ऑप्शन
2 स्टार या कम: कम बचत
ज्यादा इस्तेमाल के मामले में 5 स्टार AC फायदेमंद रहता है.
कूलिंग, क्वॉलिटी और कंप्रेसर
कॉपर कंडेंसर वाले AC ज्यादा टिकाऊ और बेहतर कूलिंग देते हैं. इसके साथ ही टर्बो कूलिंग और एयर फ्लो भी जरूरी फैक्टर हैं, जो कमरे को तेजी से ठंडा करते हैं.
इंस्टॉलेशन और एक्स्ट्रा खर्च
AC खरीदने के बाद इंस्टॉलेशन, पाइपिंग और स्टैंड जैसे खर्च भी जुड़ते हैं. यह खर्च कुछ हजार रुपये तक बढ़ सकता है. इसलिए खरीद से पहले पूरी लागत समझ लेना जरूरी है.
शोर और आराम का ध्यान रखें
स्प्लिट AC आमतौर पर कम शोर करते हैं, जबकि विंडो AC थोड़े ज्यादा आवाज वाले होते हैं. बेडरूम के लिए कम शोर वाला AC बेहतर माना जाता है.
स्मार्ट फीचर्स और मेंटेनेंस
आजकल कई AC वाई-फाई और ऐप कंट्रोल जैसे फीचर्स के साथ आते हैं, लेकिन सबसे पहले कूलिंग पर ध्यान देना चाहिए. इसके साथ ही नियमित सर्विस और फिल्टर की सफाई से AC की परफॉर्मेंस बेहतर रहती है और बिजली की खपत भी कम होती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं