विज्ञापन

AC Blast: क्या रात भर AC चलाने से ब्लास्ट हो सकता है? जानिए रात के समय AC का इस्तेमाल कैसे करें, कितनी देर और कैसे चलाएं

What is the best way to use the AC at night: AC ब्लास्ट के पीछे कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं. लेकिन क्या रात भर AC चलाने से भी ब्लास्ट हो सकता है? आइए जानते हैं-

AC Blast: क्या रात भर AC चलाने से ब्लास्ट हो सकता है? जानिए रात के समय AC का इस्तेमाल कैसे करें, कितनी देर और कैसे चलाएं
रात में AC चलाने का सही तरीका क्या है? (P.C- AI)

Should you turn your AC off at night when sleeping: भीषण गर्मी में एयर कंडीशनर (AC) अब हर घर की जरूरत बन चुका है. खासकर लोग रात को चैन की नींद सोने के लिए AC ऑन कर सोते हैं, लेकिन क्या ऐसा करना सही है? बीते दिन यानी रविवार तड़के करीब 3:47 बजे दिल्ली के विवेक विहार स्थित एक इमारत में भीषण आग लग गई. इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग बुरी तरह झुलस गए. शुरुआती जांच में बिल्डिंग आग का कारण AC ब्लास्ट बताया जा रहा है. ऐसे में कई लोगों के मन में सवाल है कि क्या रातभर AC चलाना सुरक्षित है या क्या इससे ब्लास्ट का खतरा बढ़ तो नहीं जाता है? आइए इसे आसान भाषा में समझते हैं- 

क्या रात भर AC चलाना खतरनाक है?

सीधा जवाब है- नहीं. अगर आपका AC सही हालत में है तो उसे रात भर चलाना सुरक्षित है. हर AC में थर्मोस्टेट होता है, जो तय तापमान पर पहुंचने के बाद कंप्रेसर को बंद कर देता है. यानी मशीन लगातार फुल पावर पर नहीं चलती. समस्या तब होती है जब AC पुराना हो, उसकी सर्विसिंग न हुई हो या उसमें कोई खराबी हो. ऐसे में कम समय में भी हादसा हो सकता है. 

AC ब्लास्ट क्यों होता है?

इसके पीछे कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं. इनमें सबसे आम कारण हैं- 

सर्विसिंग की कमी

लंबे समय तक बंद रहने से AC के अंदर धूल जम जाती है. इससे कंप्रेसर पर ज्यादा दबाव पड़ता है और वह ओवरहीट हो सकता है. ओवरहीट होने पर AC के ब्लास्ट होने के चांस बढ़ जाते हैं. 

खराब वायरिंग और शॉर्ट सर्किट

AC ज्यादा बिजली खींचता है. अगर घर की वायरिंग कमजोर है, तो तार गर्म होकर शॉर्ट सर्किट कर सकते हैं, जो आग या ब्लास्ट का कारण बनता है.

आउटडोर यूनिट की गलत जगह

अगर AC का बाहरी हिस्सा बंद जगह में रखा है, तो गर्म हवा बाहर नहीं निकल पाती. इससे अंदर दबाव बढ़ता है और खतरा बढ़ जाता है.

गैस लीकेज और प्रेशर बढ़ना

कई AC में ज्वलनशील गैस (जैसे R32 या R290) होती है. अगर गैस लीक होकर आग के संपर्क में आ जाए, तो ब्लास्ट हो सकता है.

जरूरत से ज्यादा चलाना 

इसके अलावा मॉडर्न एयर कंडीशनर लगातार 8-12 घंटे तक चल सकते हैं. हालांकि, बहुत अधिक तापमान होने पर या  AC को बेहतर कंडीशन में रखने के लिए आम तौर पर 7-8 घंटे तक ही चलाने की सलाह दी जाती है. ऐसे में अगर आपने दिनभर बिना बंद किए AC चलाया है, तो इस कंडीशन में इसे रातभर चलाना खतरनाक हो सकता है. सुरक्षित तरीका यही है कि आप बीच-बीच में AC को थोड़ा आराम दें, ताकि कंप्रेसर पर बहुत अधिक दबाव न पड़े.

रात में AC चलाने का सही तरीका क्या है?

तापमान सही सेट करें 

सबसे पहले सही तापमान पर AC चलाएं. बहुत कम तापमान (जैसे 16–18°C) पर AC चलाने से कूलिंग जल्दी नहीं होती, बल्कि कंप्रेसर पर ज्यादा लोड पड़ता है. 24–26°C सबसे सुरक्षित और कंफर्टेबल होता है.

स्लीप मोड का इस्तेमाल करें

ज्यादातर AC में 'Sleep Mode' होता है. रात के समय स्लीप मोड पर AC चलाएं. इससे भी कंप्रेसर पर ज्यादा लोड नहीं पड़ता है. स्लीप मोड तापमान को धीरे-धीरे 1-2°C बढ़ाकर आरामदायक कूलिंग बनाए रखता है, जिससे कंप्रेसर बार-बार चालू-बंद नहीं होता और उस पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ता, साथ ही स्लीप मोड पर बिजली की खपत भी कम होती है.

टाइमर सेट करें

अगर पूरी रात AC चलाने की जरूरत नहीं है, तो टाइमर लगा दें. इससे AC कुछ घंटों बाद खुद बंद हो जाएगा, साथ ही बिजली की बचत भी होगी.

कमरे को अच्छी तरह बंद रखें

दरवाजे और खिड़कियां बंद रखें ताकि ठंडी हवा बाहर न जाए. इससे AC को ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ेगी.

इन बातों का भी रखें ध्यान 

इसके अलावा AC का सही इस्तेमाल करके आप ऐसे हादसों से बच सकते हैं. इसके लिए-

  • हर 6 महीने में AC की सर्विस जरूर करवाएं.
  • वायरिंग और प्लग की नियमित जांच करें.
  • अगर AC कम कूलिंग करे, तो तुरंत मैकेनिक बुलाएं.
  • 8–10 साल पुराने AC को बदलना बेहतर है
  • इन सब से अलग वोल्टेज स्टेबलाइजर का इस्तेमाल करें. 

 
ध्यान रखें रात भर AC चलाना अपने आप में खतरनाक नहीं है. असली खतरा लापरवाही, खराब रखरखाव और गलत इस्तेमाल से होता है. अगर आप नियमित सर्विसिंग और सही तरीके से AC का उपयोग करते हैं, तो आप पूरी गर्मी आराम से और सुरक्षित तरीके से बिता सकते हैं.

यह भी पढ़ें- अब दिल्ली में ट्रैफिक चालान के निपटारे पूरी तरह होंगे डिजिटल, लापरवाही पर लाइसेंस हो सकता है रद्द, जानिए क्या है नए नियम और प्रक्रिया

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com