विज्ञापन

घर बैठे 2 मिनट में करें असली और नकली सोने की पहचान, नोट कर लें ये 6 आसान तरीके

धनतेरस, दिवाली या शादियों के सीजन में सोने की खरीदारी करते समय धोखाधड़ी से बचना बेहद जरूरी है. असली सोने की पहचान करने के लिए BIS हॉलमार्क (HUID) देखने के अलावा आप घर पर ही चुंबक टेस्ट, पानी का टेस्ट, नींबू टेस्ट और सिरेमिक टाइल टेस्ट जैसे आसान तरीकों को आजमा सकते हैं.

घर बैठे 2 मिनट में करें असली और नकली सोने की पहचान, नोट कर लें ये 6 आसान तरीके
घर बैठे ही कुछ बेहद आसान वैज्ञानिक और व्यावहारिक तरीकों से असली और नकली सोने की पहचान कर सकते हैं.
NDTV
  • सोने की शुद्धता जांचने के लिए हॉलमार्किंग और यूनिक HUID कोड की जांच सबसे विश्वसनीय तरीका है.
  • चुंबक टेस्ट से पता चलता है कि सोना चुंबकीय नहीं होता और मिलावटी धातु से अलग होता है.
  • पानी में सोना डुबोने पर असली सोना पानी के तल से जुड़ जाता है और कभी तैरता नहीं है.

 बाजार में बढ़ते मिलावटी और नकली सोने के मामलों को देखते हुए हर खरीदार के मन में यह सवाल जरूर उठता है कि उनका खरीदा हुआ सोना पूरी तरह शुद्ध है या नहीं. अगर आपको अपने सोने के गहनों की शुद्धता पर थोड़ा भी संदेह है, तो आपको किसी लैब में जाने की तुरंत जरूरत नहीं है. आप घर बैठे ही कुछ बेहद आसान वैज्ञानिक और व्यावहारिक तरीकों से असली और नकली सोने की पहचान कर सकते हैं.

हॉलमार्क और HUID कोड की जांच करें 

सोने की शुद्धता जांचने का सबसे पहला और भरोसेमंद तरीका उस पर बने हॉलमार्किंग के निशानों को देखना है. गहनों पर ध्यान से देखने के लिए आप मैग्नीफाइंग ग्लास का इस्तेमाल कर सकते हैं. इस दौरान, नीचे बताए गए प्रतीकों की बारीकी से जांच करें. दरअसल, हॉलमार्किंग वाले गहनों पर भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) का आधिकारिक तिकोना निशान होता है. इसके अलावा, 22 कैरेट के लिए 22K916, 18 कैरेट के लिए 18K750 और 14 कैरेट के लिए 14K585 लिखा होता है. हर हॉलमार्क वाले गहने पर 6 अक्षरों और अंकों का एक यूनिक HUID कोड दर्ज होता है. आप BIS CARE मोबाइल ऐप में इस HUID कोड को दर्ज करके ज्वेलर्स के नाम और सोने की सही शुद्धता की पूरी रिपोर्ट देख सकते हैं.

चुंबक टेस्ट 

शुद्ध सोना एक गैर चुंबकीय धातु है, यानी यह चुंबक की तरफ आकर्षित नहीं होता. ऐसे में सोने के गहने के पास एक मजबूत चुंबक लेकर जाएं. अगर सोना चुंबक से चिपकता है या उसकी तरफ आकर्षित होता है, तो इसका मतलब है कि वह या तो पूरी तरह नकली है या फिर उसमें लोहा, निकल या तांबे जैसी सस्ती धातुओं की भारी मिलावट की गई है.

पानी का फ्लोट टेस्ट

सोना एक अत्यधिक घनत्व वाली और भारी धातु होती है. इस वजह से यह पानी में कभी तैरता नहीं है. लिहाजा, एक गहरे कांच के गिलास या बर्तन में साफ पानी भरें और सोने के गहने को उसमें डालें. असली सोना डालते ही तुरंत पानी के बिल्कुल नीचे बैठ जाएगा और बर्तन के तलवे से लग जाएगा. अगर सोना पानी में तैरता है या पूरी तरह नीचे नहीं बैठता, तो वह नकली है. ध्यान रहे, असली सोने पर पानी या नमी से कभी जंग नहीं लगता.

नींबू का रस और एसिड टेस्ट

नींबू में प्राकृतिक रूप से सिट्रिक एसिड होता है, जो सस्ती धातुओं के साथ प्रतिक्रिया करता है. ऐसे में सोने के गहने के किसी छोटे हिस्से पर नींबू के रस की 2-3 बूंदें निचोड़ें. अगर सोने का रंग बदलने लगे, वह काला या हरा पड़ने लगे, तो वह मिलावटी या नकली है. असली सोने पर नींबू के प्राकृतिक एसिड का कोई प्रभाव नहीं पड़ता है.

बिना पॉलिश की सिरेमिक टाइल टेस्ट

यह टेस्ट घर पर बिना किसी नुकसान के बहुत आसानी से किया जा सकता है. इसके लिए एक बिना पॉलिश की सफेद सिरेमिक टाइल या प्लेट लें और उस पर सोने के गहने को हल्के हाथों से रगड़ें. अगर टाइल पर काली या भूरी लकीर बनती है, तो वह सोना नकली है. अगर टाइल पर सुनहरी लकीर बनती है, तो सोना पूरी तरह असली है.

नाइट्रिक एसिड टेस्ट

यह ज्वेलर्स की ओर से किया जाने वाला सबसे सटीक केमिकल टेस्ट माना जाता है, हालांकि इसे घर पर करने के बजाय किसी विशेषज्ञ सुनार से ही करवाना चाहिए. सोने की सतह पर बहुत हल्की सी खरोंच मारकर वहां नाइट्रिक एसिड की एक बूंद डाली जाती है. अगर वह स्थान हरा हो जाता है, तो वह कोई आम धातु है, जिस पर सोने का पानी चढ़ाया गया है. अगर वह दूधिया हो जाता है, तो वह सोने की परत चढ़ी चांदी है. अगर रंग में कोई बदलाव नहीं आता, तो वह शुद्ध सोना है.

यह भी पढ़ें- एमपी में अब मुफ्त में होगी घर और जमीन की रजिस्ट्री, जानिए मालिकाना हक और मुफ्त रजिस्ट्री योजना की पूरी जानकारी

अगर आप अपने सोने के गहनों की शुद्धता को लेकर 100 प्रतिशत आश्वस्त होना चाहते हैं, तो किसी भी नजदीकी BIS मान्यता प्राप्त हॉलमार्किंग सेंटर या किसी भरोसेमंद सर्राफा व्यापारी के पास जाएं. वहां मौजूद आधुनिक कैरट मीटर मशीन से बिना किसी खरोंच के कुछ ही सेकेंड में सोने की सटीक कैरेट और शुद्धता का पता चल जाता है.

यह भी पढ़ें- बैंक में सिक्के और कटे-फटे नोट लेने से कर्मचारी ने कर दिया मना, जानिए क्या कहता है RBI का नियम और शिकायत का तरीका

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Real Gold, Check Gold Purity At Home, Hallmarking, Check Gold Purity
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com