विज्ञापन

शादी सीजन में सोने में मिलावट की खबर से ज्‍वैलरी मार्केट में हड़कंप, 20 कैरेट गोल्‍ड को 22 कैरेट बताकर बेच रहे, CTI की एडवायजरी पढ़ लें

Gold Adulteration Alert: शादी सीजन में सोने में रेनियम पाउडर और दूसरी धातुओं की मिलावट की आशंका. CTI ने सरकार से श्‍वेत पत्र जारी करने की मांग की है. इसमें ये बताया जाए कि कितने रेनियम का आयात हुआ है. जानिए एडवाइजरी में क्या-क्या कहा गया है.

शादी सीजन में सोने में मिलावट की खबर से ज्‍वैलरी मार्केट में हड़कंप, 20 कैरेट गोल्‍ड को 22 कैरेट बताकर बेच रहे, CTI की एडवायजरी पढ़ लें
22 कैरेट के नाम पर 20 कैरेट सोना? एडवायजरी पढ़ लीजिए
Source: NDTV Graphics/IANS/Canva

शादी सीजन शुरू होते ही सोने की शुद्धता पर सवाल उठने लगे हैं. बाजार में 22 कैरेट के नाम पर करीब 20 कैरेट सोना बेचे जाने का दावा किया गया है. चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के मुताबिक, सोने का वजन बढ़ाने के लिए उसमें रेनियम पाउडर और दूसरी भारी धातुएं मिलाने की आशंका है. संगठन ने इस मामले में ज्वेलरी कारोबारियों और ग्राहकों के लिए एडवाइजरी जारी की है. CTI चेयरपर्सन बृजेश गोयल ने कहा, 'एक बेईमान ज्वैलर की वजह से 100 ईमानदार ज्वैलर बदनाम होते हैं.'

CTI के मुताबिक, इस बार देश में करीब 52 लाख शादियों से 6 लाख करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है. अकेले दिल्ली-NCR में 5 लाख शादियों से करीब 1 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है. इस कारोबार में सोने और गहनों की बड़ी हिस्सेदारी रहती है. ऐसे में मिलावट की खबरों ने ज्वेलरी कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है.

22 कैरेट के नाम पर 20 कैरेट सोना बेचने का दावा

CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से सोने में मिलावट को लेकर रिपोर्ट्स सामने आने के बाद ज्वेलरी कारोबारियों में चिंता है. संगठन को सैकड़ों व्यापारियों ने अपनी परेशानी बताई है. कारोबारियों को डर है कि शादी के पीक सीजन में ऐसी खबरों से ग्राहकों का भरोसा कमजोर हो सकता है और गहनों की बिक्री प्रभावित हो सकती है.

बृजेश गोयल के मुताबिक, रिपोर्ट्स में सोने का वजन बढ़ाने के लिए चीन से आने वाले रेनियम पाउडर के अलावा रूथेनियम, इरिडियम और ऑस्मियम जैसी भारी धातुओं के इस्तेमाल की आशंका जताई गई है. CTI का कहना है कि इन धातुओं का घनत्व सोने के बराबर या उससे अधिक हो सकता है. ऐसे में पुरानी जांच मशीनों से इनकी मिलावट पकड़ना मुश्किल हो सकता है.

22 कैरेट के गहने में 20 कैरेट के बराबर सोना? 

CTI चेयरमैन ने एक प्रयोग का हवाला देते हुए दावा किया कि 22 कैरेट बताकर बेचे जा रहे एक गहने में असली सोने की मात्रा सिर्फ 81.73% मिली. यानी उसकी शुद्धता करीब 20 कैरेट के बराबर थी.

जबकि 22 कैरेट सोने में कम से कम 91.6% शुद्ध सोना होना चाहिए. CTI के मुताबिक, चिंता की बात ये है कि कथित तौर पर कम शुद्धता वाला गहना हॉलमार्किंग जांच में भी पास हो गया.

CTI की सरकार से 4 बड़ी मांगें

CTI ने सोने में मिलावट की आशंका को देखते हुए सरकार और BIS से चार कदम उठाने की मांग की है:

  1. रेनियम पाउडर के आयात पर रोक: चीन से आने वाले संदिग्ध धातु पाउडर के आयात पर रोक लगाई जाए और इसके आयातकों की सूची सार्वजनिक की जाए.
  2. मिलावट करने वालों के नाम सार्वजनिक हों: दोषी पाए जाने वाले ज्वेलर्स के लाइसेंस रद्द किए जाएं और उनके नाम BIS की वेबसाइट पर सार्वजनिक किए जाएं.
  3. BIS Care App को अपग्रेड किया जाए: ऐप पर सिर्फ 22 कैरेट जैसी जानकारी के बजाय सोने और दूसरी धातुओं की मात्रा से जुड़ी विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए.
  4. 7 दिन में श्वेत पत्र जारी हो: सरकार बताए कि कितना रेनियम आयात हुआ, कितने जांच केंद्रों पर ऐसे मामले सामने आए और कितने ज्वेलर्स के खिलाफ केस दर्ज हुए.

ज्वेलरी कारोबारियों के लिए CTI की एडवाइजरी

संगठन ने कारोबारियों से अपनी दुकानों पर उपलब्ध सोने की दोबारा लैब जांच कराने और उसकी रिपोर्ट ग्राहकों के सामने रखने की अपील की है. CTI ने कहा है कि हर गहने के साथ एक 'शुद्धता कार्ड' दिया जाए, जिसमें सोने और दूसरी धातुओं की मात्रा साफ-साफ लिखी हो.

इसके अलावा कारोबारियों को पुरानी XRF मशीनों को अपग्रेड करने और रेनियम जैसी धातुओं की पहचान करने वाली नई तकनीक अपनाने की सलाह दी गई है. संदिग्ध सप्लायर की जानकारी CTI को देने की भी अपील की गई है. संगठन ने कहा है कि सूचना देने वाले कारोबारी का नाम गोपनीय रखा जाएगा.

सोना खरीदने वाले ग्राहक इन 5 बातों का रखें ध्यान

  • CTI ने ग्राहकों को भी सोना खरीदते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है:
  • सिर्फ हॉलमार्क देखकर संतुष्ट न हों, GST वाला पक्का बिल जरूर लें.
  • दुकान पर ही BIS Care App में HUID नंबर डालकर हॉलमार्क की जानकारी जांचें.
  • बाजार भाव से 3,000-5,000 रुपये सस्ता सोना मिल रहा हो तो उसकी शुद्धता की जांच जरूर कराएं.
  • पुराना सोना बेचने या एक्सचेंज करने से पहले भी उसकी शुद्धता जांचें.
  • मिलावट का शक होने पर CTI या BIS में शिकायत करें.

संगठन ने कहा कि शादी के सीजन में सोने की खरीदारी बढ़ने के साथ ग्राहकों के लिए उसकी शुद्धता की जांच करना और भी जरूरी हो गया है. वहीं, कारोबारियों के सामने चुनौती है कि वे क्‍वालिटी और पारदर्शिता बनाए रखें, इससे ग्राहकों का भरोसा बना रहेगा.  

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gold Adulteration Scam, Gold Adulteration, Gold Purity Check At Home, Gold Purity Check By Expert, Gold Purity Checking Tips
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com