विज्ञापन

सोना या अयोध्‍या में जमीन, 5 लाख रुपये लगाने वालों को कहां हुई मोटी कमाई? 5 साल का रिटर्न देख चौंक जाएंगे आप

Gold vs Ayodhya Property Return: देश में सोना और जमीन, दोनों निवेश के सुरक्षित माध्‍यम रहे हैं. लेकिन ज्‍यादा पैसा कहां बनता है? अयोध्या के कई इलाकों में प्‍लॉट के दाम में 5 से 10 गुना तक बढ़े हैं. और सोने की कीमतें कितनी बढ़ी है. 5 लाख रुपये के निवेश पर तुलना कर के देखते हैं.

सोना या अयोध्‍या में जमीन, 5 लाख रुपये लगाने वालों को कहां हुई मोटी कमाई? 5 साल का रिटर्न देख चौंक जाएंगे आप
अयोध्‍या में जमीन की कीमतें, सोने की तुलना में काफी तेजी से बढ़ी हैं.
Source: NDTV Graphics/Canva

अयोध्‍या, जो कभी फैजाबाद हुआ करता था, राम मंदिर बन जाने के बाद कितना बदल गया है न! उत्तर प्रदेश और देश के मानचित्र अयोध्‍या चमक रहा है. निवेश के लिहाज से देखें तो इस शहर ने बड़ी संख्‍या में आम लोगों और कारोबारियों का ध्‍यान खींचा है. वैसे तो अपने देश में सोना और प्रॉपर्टी, दोनों ही हमेशा से निवेश के दो भरोसेमंद विकल्प माने जाते रहे हैं, लेकिन रिटर्न के मामले में दोनों काफी अलग हैं. 

एक तरफ सोना है, जिसने पिछले कुछ वर्षों में शानदार रिटर्न दिया है. दूसरी तरफ अयोध्या की जमीन है, जिसके दाम राम मंदिर के निर्माण और शहर में तेजी से हो रहे विकास के बीच कुछ इलाकों में कई गुना तक बढ़ गए हैं. 

द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा के CEO समुज्ज्वल घोष का कहना है कि प्‍लॉट में निवेश के समय उसकी मौजूदा वैल्‍यू से ज्‍यादा आने वाले वर्षों में उसकी वैल्‍यू का आकलन करना चाहिए. 

नवंबर 2026 तक के आंकड़ों के मुताबिक, 2021 में सोने में निवेश करने वालों को करीब 166% रिटर्न मिला है. वहीं, अयोध्या में राम मंदिर के आसपास कुछ चुनिंदा इलाकों में जमीन की कीमतें 2019 के मुकाबले 5 से 10 गुना तक बढ़े हैं.  

ऐसे में सवाल है कि अगर किसी ने 2021 में सोने में 5 लाख रुपये लगाए होते या राम मंदिर के निर्माण से पहले अयोध्या में जमीन खरीदी होती, तो किसे बंपर फायदा हुआ, कौन ज्‍यादा मालामाल हुआ? आइए Experts के हवाले से विस्‍तार से समझने की कोशिश करते हैं. 

सोने में 5 लाख रुपये लगाए होते तो कितनी होती वैल्यू?

सोने की कीमतों में पिछले कुछ वर्षों में जबरदस्त तेजी आई है. 2021 में 24 कैरेट सोने का औसत भाव करीब 48,720 रुपये प्रति 10 ग्राम था. इसके बाद कीमतों में लगातार तेजी आई और 2025 में सोना 1 लाख रुपये के पार पहुंच गया.

जनवरी 2026 के आखिर में सोने ने करीब 1.78 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम का रिकॉर्ड स्तर छुआ. हालांकि, इसके बाद कीमतों में गिरावट आई. इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के बेंचमार्क के मुताबिक, 4 नवंबर को 24 कैरेट सोने का भाव 1,41,062 रुपये प्रति 10 ग्राम था. 19 नवंबर को ये घटकर 1,29,531 रुपये रह गया.

इसके बावजूद 2021 के औसत भाव के मुकाबले सोने ने करीब 166% रिटर्न दिया है.

अगर 2021 में किसी ने 5 लाख रुपये का सोना खरीदा होता, तो 19 नवंबर 2026 तक उसकी वैल्यू करीब 13.3 लाख रुपये हो जाती. इसमें टैक्‍स और दूसरे खर्च शामिल नहीं हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

अयोध्या में जमीन के दाम 5 से 10 गुना तक बढ़े

सोने के मुकाबले अयोध्या की प्रॉपर्टी मार्केट में कुछ इलाकों ने कहीं ज्यादा तेजी दिखाई है. राम मंदिर निर्माण की रफ्तार बढ़ने के साथ अयोध्या में होटल, रिटेल कारोबार, इंफ्रास्ट्रक्चर और रियल एस्टेट कंपनियों की दिलचस्पी बढ़ी है.

प्रॉपर्टी कंसल्टेंसी Liases Foras के मुताबिक, 2019 से अयोध्या में जमीन की कीमतें औसतन 25-40% तक बढ़ी हैं. हालांकि, राम मंदिर के आसपास के कुछ इलाकों में कीमतों में 5 से 10 गुना तक बढ़ोतरी दर्ज किए जाने की बात कही गई है.

इसे ऐसे समझ सकते हैं:

  • जमीन की कीमत 5 गुना होने का मतलब 400% की बढ़त है.
  • कीमत 10 गुना होने का मतलब 900% की बढ़त है.
  • यानी चुनिंदा इलाकों में जमीन का रिटर्न सोने के करीब 166% रिटर्न से काफी ज्यादा रहा है.

5 लाख रुपये के निवेश पर फायदे का कैलकुलेशन समझें

दोनों निवेश की तुलना एक उदाहरण से समझिए. मान लीजिए किसी निवेशक ने 5 लाख रुपये लगाए होते.

Latest and Breaking News on NDTV

इस तुलना से साफ है कि अयोध्या के उन चुनिंदा इलाकों में जमीन खरीदने वाले निवेशकों को ज्यादा रिटर्न मिला, जहां कीमतें 5 से 10 गुना तक बढ़ीं.

हालांकि, ये रिटर्न हर इलाके या हर प्लॉट के लिए नहीं है. जमीन की कीमत लोकेशन, सड़क से कनेक्टिविटी, जमीन के इस्तेमाल और खरीद के समय पर निर्भर करती है.

राम मंदिर के साथ एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन ने भी बढ़ाई रफ्तार

अयोध्या में जमीन की कीमतों में तेजी के पीछे सिर्फ राम मंदिर ही वजह नहीं है. शहर में पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और शहरी इंफ्रास्‍ट्रक्‍चर का भी तेजी से विकास हुआ है.

अयोध्या में 2023 में 5.8 करोड़ पर्यटक आए थे. 2025 में ये संख्या बढ़कर 29.9 करोड़ हो गई. पर्यटकों की बढ़ती संख्या से होटल, रेस्टोरेंट, दुकान, परिवहन और आवास जैसे कारोबार के लिए नए अवसर बने हैं.

इसके अलावा, सरकार ने जून 2025 में करीब 8 साल के अंतराल के बाद अयोध्या की सर्किल रेट में बदलाव किया. कुछ इलाकों में सर्किल रेट 200% तक बढ़ाए गए.

हालांकि, सर्किल रेट और बाजार में जमीन की वास्तविक कीमत अलग-अलग हो सकती है.  

जमीन खरीदना और सोना खरीदना एक जैसा नहीं

अयोध्या की जमीन ने चुनिंदा इलाकों में सोने से ज्यादा रिटर्न दिया है, लेकिन दोनों निवेश विकल्पों में बड़ा अंतर है.

  1. सोने का फायदा: सोने की कीमत हर दिन ट्रैक की जा सकती है, पता चलती रहती है और इसे बाजार में  आसानी से बेचा जा सकता है. इसमें जमीन की तरह खरीदार तलाशने की लंबी प्रक्रिया नहीं होती.
  2. जमीन की चुनौती: किसी प्लॉट को बेचने में कई महीने या साल लग सकते हैं. बाजार में बताई जा रही कीमत पर सौदा पूरा हो, ये जरूरी नहीं है. इसके अलावा जमीन के मालिकाना हक, जमीन के इस्तेमाल की अनुमति, रास्ते और कानूनी विवाद जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं.

सबसे अहम बात ये है कि अयोध्या में 5 से 10 गुना तक कीमत बढ़ने का दावा कुछ खास इलाकों के लिए है. शहर के हर प्लॉट पर इतना रिटर्न मिलने की गारंटी नहीं है.

Latest and Breaking News on NDTV

निवेश से पहले शहर की ग्रोथ और जमीन की लोकेशन समझें

द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा के CEO समुज्ज्वल घोष ने NDTV से बातचीत में कहा कि जमीन में निवेश करते समय सिर्फ प्लॉट की मौजूदा कीमत नहीं देखनी चाहिए. निवेशक को ये समझना चाहिए कि अगले 10 वर्षों में उस शहर या इलाके की ग्रोथ को कौन-सी चीजें आगे बढ़ाएंगी.

उनके मुताबिक, उभरते उद्योग, पर्यटन और बेहतर कनेक्टिविटी किसी जगह की विकास क्षमता को बढ़ा सकते हैं. निवेश के लिए ऐसी जमीन चुनना जरूरी है, जिसे इन बदलावों का फायदा मिल सके. साथ ही जमीन का मालिकाना हक स्पष्ट होना चाहिए और विकास की योजना भी तय होनी चाहिए.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gold Vs Property Returns, Gold Vs Real Estate Investment, Gold Investment, Gold Investment In India, Ayodhya Property Investment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com