विज्ञापन

बाराबंकी विकास प्राधिकरण में आएंगे 402 ग्राम पंचायत, बदलेगा जमीन के कारोबार का तरीका

बाराबंकी में प्रस्तावित विकास प्राधिकरण के गठन से जिले की 402 ग्राम पंचायतें इसके दायरे में आएंगी, जिससे अवैध प्लाटिंग पर लगाम लगेगी और नियोजित विकास को बढ़ावा मिलेगा.

बाराबंकी विकास प्राधिकरण में आएंगे 402 ग्राम पंचायत, बदलेगा जमीन के कारोबार का तरीका
Barabanki Development Authority
NDTV इंडिया ग्राफिक्स
  • बाराबंकी विकास प्राधिकरण में 402 ग्राम पंचायतें दायरे में आएंगे.
  • जमीन की खरीद-बिक्री और रजिस्ट्री की व्यवस्था में बड़ा बदलाव.
  • अवैध प्लाटिंग पर लगाम लगेगी और नियोजित विकास को बढ़ावा मिलेगा.

हाल ही में यूपी सरकार ने बाराबंकी प्राधिकरण के गठन का ऐलान किया था. वहीं बाराबंकी में प्रस्तावित विकास प्राधिकरण के गठन से जिले की 402 ग्राम पंचायतें इसके दायरे में आएंगी, जिससे अवैध प्लाटिंग पर लगाम लगेगी और नियोजित विकास को बढ़ावा मिलेगा. प्राधिकरण बनने के बाद जमीन की खरीद-बिक्री और रजिस्ट्री की व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा.

क्या होगा प्राधिकरण का दायरा

प्रस्तावित बाराबंकी विकास प्राधिकरण में शहरी इलाकों के साथ ग्रामीण क्षेत्र का बड़ा हिस्सा शामिल किया जाएगा. नवाबगंज, बंकी, देवा, सतरिख और जैदपुर के अलावा कुल 402 ग्राम पंचायतें शामिल होंगी. इनमें सदर की 371 और फतेहपुर की 31 ग्राम पंचायतें शामिल हैं. प्राधिकरण के नियंत्रण में लगभग 13.68 लाख आबादी और जिले का करीब एक चौथाई क्षेत्रफल आएगा, जिससे खेतों में मनमाने तरीके से होने वाली प्लाटिंग पर रोक लग सकेगी.

जमीन के कारोबार और रजिस्ट्री में बदलाव

अभी तक अधिकांश डीलर किसान से अनुबंध कर प्लाट की रजिस्ट्री सीधे किसान से खरीदार के नाम कराते थे, जिससे सरकार को एक ही बार स्टांप शुल्क मिलता था और बीच के डीलर का नाम कागजों में दर्ज नहीं होता था. प्राधिकरण बनने के बाद डीलर को पहले जमीन अपनी फर्म के नाम रजिस्ट्री करानी होगी और फिर खरीदार को प्लाट बेचना होगा. पहली रजिस्ट्री में ही फर्म का नाम दर्ज होने से अवैध लेआउट मिलने पर सीधे संबंधित फर्म पर कार्रवाई संभव हो सकेगी.

दस्तावेज नवीस संजय वर्मा के मुताबिक, शहरी क्षेत्र में बिक्री विलेख पर 7 प्रतिशत स्टांप शुल्क और 1 प्रतिशत निबंधन शुल्क लागू होता है. किसान से फर्म और फर्म से खरीदार-दोनों चरणों में शुल्क लगने से उप निबंधक कार्यालय नवाबगंज का राजस्व बढ़ने की उम्मीद है.

खरीदारों को क्या मिलेगा फायदा

प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृत लेआउट के प्लाट नहीं बेचे जा सकेंगे. लेआउट में सड़क, नाली, पानी और बिजली का खाका पहले देना अनिवार्य होगा, जिससे खरीदारों को वैध जमीन, स्पष्ट कागजात और नक्शा पास कराने में सहूलियत मिलेगी.

यह भी पढ़ें | LDA के दायरे में आएगा पूरा लखनऊ, बाराबंकी होगा यूपी का 30वां प्राधिकरण, योगी सरकार का फैसला

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Barabanki Development Authority, Barabanki News, Barabanki, Development Authority, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com