- सागर में 45 लाख के सोने के गहने जब्त, 19 पर मिले फर्जी हॉलमार्क; BIS की कार्रवाई से मचा हड़कंप
- 248 ग्राम से ज्यादा सोना जब्त, ग्राहकों से धोखाधड़ी की आशंका
- हॉलमार्किंग नियमों के उल्लंघन होने पर कैसे और कहां करें शिकायत
मध्य प्रदेश के सागर शहर में सोने के आभूषणों की शुद्धता और हॉलमार्किंग को लेकर बड़ा मामला सामने आया है. भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) भोपाल की टीम ने कोतवाली रोड स्थित गणपति ज्वेलर्स पर छापामार कार्रवाई करते हुए लगभग 45 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण जब्त किए हैं. जांच के दौरान कई गहनों पर फर्जी हॉलमार्क पाए गए, जबकि कुछ आभूषण बिना हॉलमार्क के मिले. कार्रवाई के बाद ग्राहकों के साथ संभावित धोखाधड़ी और सोने के कारोबार में गुणवत्ता नियंत्रण को लेकर चर्चा हो रही है.
BIS की कार्रवाई; दुकानदार की सफाई
भारतीय मानक ब्यूरो भोपाल शाखा की टीम ने 19 नवंबर को सागर शहर के रामपुरा वार्ड स्थित मेसर्स गणपति ज्वेलर्स पर जांच कार्रवाई की जिसका नेतृत्व बीआईएस के उपनिदेशक हरिओम मीना और आशुतोष राय ने किया. टीम ने दुकान में रखे सोने के आभूषणों की हॉलमार्किंग और प्रामाणिकता की जांच की. जांच के दौरान कुल 36 सोने के आभूषण संदिग्ध पाए गए, जिन्हें नियमानुसार जब्त कर सीलबंद कर दिया गया. जब्त आभूषणों का कुल वजन 248.77 ग्राम बताया गया है, जबकि उनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 45 लाख रुपये आंकी गई है.

सागर में ज्वेलर्स की दुकान पर बीआईएस की कार्रवाई
Photo Credit: NDTV
उपनिदेशक हरिओम मीना ने बताया कि अनिवार्य हॉलमार्किंग वाले क्षेत्रों में बिना वैध हॉलमार्क सोने के आभूषण बेचना और नकली हॉलमार्क का उपयोग करना भारतीय मानक ब्यूरो अधिनियम, 2016 का उल्लंघन है. उन्होंने कहा कि मामले की जांच के बाद नियमानुसार आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

सोने में फर्जी हालमार्क पाए जाने पर हुआ एक्शन
Photo Credit: NDTV
19 गहनों पर मिले फर्जी हॉलमार्क, 17 पर निशान नहीं
बीआईएस अधिकारियों के अनुसार जांच में 19 आभूषण ऐसे पाए गए जिन पर नकली हॉलमार्क अंकित था. इन गहनों का कुल वजन लगभग 154.89 ग्राम है. इसके अलावा 17 आभूषण बिना किसी वैध हॉलमार्क के मिले, जिनका वजन करीब 93.88 ग्राम बताया गया. दोनों श्रेणियों को मिलाकर कुल 248.77 ग्राम सोना जब्त किया गया. अधिकारियों का कहना है कि यह भी जांच की जा रही है कि संदिग्ध आभूषण बिक्री के लिए रखे गए थे या इनमें से कुछ पहले ग्राहकों को बेचे जा चुके हैं. यदि जांच में यह साबित होता है कि नकली हॉलमार्क का उपयोग कर ग्राहकों को सोने की शुद्धता के नाम पर गुमराह किया गया, तो संबंधित प्रावधानों के तहत आगे कानूनी कार्रवाई की जा सकती है.
ग्राहकों के लिए चेतावनी, शिकायत कैसे करें?
इस कार्रवाई के बाद BIS ने उपभोक्ताओं से विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा है कि सोने के आभूषण खरीदते समय केवल हॉलमार्क देखकर संतुष्ट न हों, बल्कि उसकी प्रामाणिकता भी जांचें. इसके लिए उपभोक्ता BIS Care App के माध्यम से आभूषण पर अंकित HUID नंबर दर्ज कर उसकी जानकारी सत्यापित कर सकते हैं. बीआईएस ने ग्राहकों को खरीदारी के दौरान पक्का बिल लेने की सलाह दी है. यदि किसी आभूषण पर अंकित हॉलमार्क या एचयूआईडी नंबर संदिग्ध लगे अथवा जानकारी मेल न खाए, तो उपभोक्ता बीआईएस की आधिकारिक वेबसाइट या बीआईएस केयर एप के जरिए शिकायत दर्ज करा सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं