अगर आप EPFO, LIC या सरकारी पेंशनर हैं, तो अब आपको अपना लाइफ सर्टिफिकेट बनवाने के लिए बैंकों या सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. आप अपने घर के सबसे पास वाले CSC (कॉमन सर्विस सेंटर) पर जाकर बेहद आसानी से अपना डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जेनरेट करवा सकते हैं. इसके लिए आपको सिर्फ 10 रुपये की मामूली रजिस्ट्रेशन फीस देनी होगी. आइए जानते हैं जीवन प्रमाण पत्र बनवाने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका.
लाइफ सर्टिफिकेट क्यों जरूरी है
लाइफ सर्टिफिकेट एक ऐसा डॉक्यूमेंट है, जिससे यह कंफर्म होता है कि पेंशन पाने वाला व्यक्ति जिंदा है. अगर यह प्रमाण पत्र तय समय पर जमा नहीं किया जाता, तो पेंशन भुगतान अस्थायी तौर से रोका जा सकता है. इसलिए पेंशन लगातार मिलती रहे, इसके लिए हर साल लाइफ सर्टिफिकेट जमा करना अनिवार्य होता है.
किन लोगों को मिलेगा फायदा
EPFO पेंशनर्स
- LIC पेंशनर्स
- केंद्र और राज्य सरकार के पेंशनर्स
- फैमिली पेंशनर्स
- अन्य अधिकृत पेंशन लाभार्थी
CSC से कैसे बनेगा डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट
पेंशनर को अपने आधार नंबर, मोबाइल नंबर, PPO नंबर और बैंक खाते की जानकारी साथ ले जानी होगी. CSC ऑपरेटर बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन यानी फिंगरप्रिंट या आईरिस स्कैन के जरिए आपकी पहचान की पुष्टि करेगा. वेरिफिकेशन पूरा होते ही डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (Digital Life Certificate) जनरेट हो जाएगा और आपके फोन पर एक कंफर्मेशन मैसेज (प्रमाण आईडी के साथ) आ जाएगा. यह डायरेक्ट आपकी पेंशन एजेंसी के पास पहुंच जाता है. इसके लिए सिर्फ ₹10 का रजिस्ट्रेशन फीस देना होगा.
घर बैठे भी हैं ऑप्शन
जो पेंशनर CSC सेंटर नहीं जा सकते, वे जीवन प्रमाण पोर्टल (Jeevan Pramaan Portal), उमंग ऐप (UMANG App) या इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (India Post Payments Bank) की डोरस्टेप सर्विस का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. इसकी मदद से आपके घर तक यह सर्विस पहुंच सकती है और आपको कहीं भी जाने की जरुरत नहीं पड़ेगी.
सीएससी के माध्यम से जीवन प्रमाण पत्र...
— CSCeGov (@CSCegov_) June 4, 2026
- ईपीएफओ पेंशनधारक
- एलआईसी पेंशनधारक
- सरकारी पेंशनधारक
अपने नजदीकी सीएससी के माध्यम से जीवन प्रमाण पत्र (डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट) प्राप्त कर सकते हैं.
पंजीकरण शुल्क ₹10/-
किसी भी प्रश्न के लिए, 14599 पर कॉल करें या helpdesk@csc.gov.in… pic.twitter.com/EwJ5kOO1CA
परेशानी आने पर कहां से लें मदद
अगर लाइफ सर्टिफिकेट बनवाने में किसी तरह की समस्या हो रही है या इससे जुड़ा किसी तरह का कोई सवाल है, तो आप सरकार के हेल्पलाइन नंबर 14599 पर कॉल कर सकते हैं. इसके अलावा helpdesk@csc.gov.in पर ईमेल लिखकर भी मदद ले सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं