- दिल्ली से गुरुग्राम तक कई रास्तों पर आज होगा ट्रैफिक जाम.
- दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर चेतावनी दी है.
- दिल्ली-एनसीआर में आज हजारों शादियां आयोजित होने वाली है.
Delhi Police Traffic Advisory: देवउठनी एकादशी के साथ शादी-विवाह के सीजन की शुरुआत होते ही राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में ट्रैफिक दबाव बढ़ने की आशंका जताई गई है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार (20 नवंबर) को एडवाइजरी जारी की है. जिसमें बताया है कि दक्षिण दिल्ली के विभिन्न इलाकों में 20 से अधिक वैवाहिक समारोह आयोजित होने हैं, जिनमें करीब 8,000 मेहमानों के पहुंचने और 3,500 से 4,000 अतिरिक्त वाहनों के सड़कों पर आने का अनुमान है. शाम के समय बारात और समारोहों की आवाजाही बढ़ने से दिल्ली और गुरुग्राम के बीच सफर करने वाले यात्रियों को जाम और देरी का सामना करना पड़ सकता है.
वहीं यह भी बताया गया है कि दिल्ली-एनसीआर में छोटी बड़ी हजारों शादियों का आयोजन किया जा रहा है. जबकि इस सीजन में दिल्ली-एनसीआर में 5 लाख शादियां होने का अनुमान है.
कहां-कहां होगी ट्रैफिक धीमी
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, एसएसएन मार्ग (भाटी माइंस रोड), बांध रोड, मंडी रोड और एमजी रोड के आसपास के इलाकों में वाहनों का दबाव अधिक रहेगा. इसके अलावा एसएसएन मार्ग, 100 फुटा रोड, अनुव्रत मार्ग, अरबिंदो मार्ग, मंडी रोड, जोनापुर रोड, महरौली-गुरुग्राम रोड और महरौली-महिपालपुर रोड पर धीमी ट्रैफिक व्यवस्था की चेतावनी दी गई है. दक्षिण दिल्ली से गुरुग्राम जाने वाले और गुरुग्राम से दिल्ली में प्रवेश करने वाले वाहन चालकों को शाम के वक्त अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है.
दूसरी ओर, द्वारका के सेक्टर 25 स्थित यशोभूमि (IICC) के आसपास भी यातायात प्रभावित रहने की संभावना है. अधिकारियों ने बताया कि दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक होने वाले 'फहीम अब्दुल्ला' लाइव कॉन्सर्ट में 6,000 से 7,000 लोगों के जुटने की उम्मीद है. ऐसे में यात्रियों को भरथल चौक और गोलचक्कर से बचने तथा भरथल फ्लाईओवर का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. द्वारका एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले चालकों को भी फ्लाईओवर का उपयोग करने को कहा गया है.
सार्वजनिक परिवहन और पार्किंग में गाड़ी पार्क करने की अपील
यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे संभव हो तो प्रभावित मार्गों से बचें और सार्वजनिक परिवहन, विशेष रूप से दिल्ली मेट्रो का उपयोग करें. शादी समारोहों में जाने वाले मेहमानों से भी कहा गया है कि वे सड़क किनारे वाहन खड़ा करने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही गाड़ी पार्क करें, ताकि जाम की स्थिति न बने. यातायात संबंधी किसी भी सहायता के लिए लोग हेल्पलाइन नंबर 1095 पर संपर्क कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें | ट्रैफिक नियम तोड़ने पर जुर्माने के साथ करना होगा 32 घंटे तक समाजसेवा, इस राज्य में लागू होगा नया नियम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं