- सांदीपनि लोक निर्माण से पहले जमीन पर घमासान
- आसाराम आश्रम की जमीन पर विवाद, प्रबंधन बोला- कोर्ट जाएंगे, आंदोलन करेंगे
- 17 बीघा जमीन अधिग्रहण पर विवाद, उज्जैन में आमने-सामने प्रशासन और आश्रम
उज्जैन में भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली को भव्य रूप देने के लिए प्रस्तावित सांदीपनि लोक परियोजना को लेकर विवाद गहरा गया है. परियोजना के लिए प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण में आसाराम बापू आश्रम की जमीन शामिल होने पर आश्रम प्रबंधन ने विरोध का ऐलान कर दिया है. आश्रम संचालक शिवा भाई ने कहा है कि किसी भी कीमत पर जमीन नहीं दी जाएगी. यदि प्रशासन ने जबरन अधिग्रहण की कार्रवाई की तो कोर्ट का रुख किया जाएगा और आंदोलन भी होगा. दूसरी ओर प्रशासन का कहना है कि जिन भू-स्वामियों से सहमति नहीं मिली है, उनके मामलों में कानूनी प्रक्रिया के तहत अनिवार्य भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई जारी है.
आश्रम प्रबंधन ने खोला मोर्चा, पहले सड़क अब सांदीपनि लोक पर आपत्ति
सांदीपनि आश्रम के समीप स्थित आसाराम बापू आश्रम की जमीन को अधिग्रहण प्रक्रिया में शामिल किए जाने के बाद आश्रम प्रबंधन ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. आश्रम संचालक शिवा भाई का कहना है कि प्रबंधन किसी भी स्थिति में अपनी जमीन देने को तैयार नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन लगातार आश्रम की जमीन लेने की कोशिश कर रहा है.
अब सांदीपनि लोक परियोजना के लिए दोबारा जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की गई है, जिसका आश्रम प्रबंधन विरोध कर रहा है.
'नोटिस नहीं मिला, जमीन नहीं देंगे'
आश्रम संचालक का कहना है कि उन्हें अब तक भूमि अधिग्रहण से संबंधित कोई आधिकारिक नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है. हालांकि उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले नायब तहसीलदार शेफाली जैन आश्रम पहुंची थीं और परियोजना के लिए जमीन की आवश्यकता के बारे में चर्चा की थी. उसी बैठक में आश्रम प्रबंधन ने जमीन देने से इनकार कर दिया था. शिवा भाई ने दावा किया कि हाल ही में आश्रम पहुंचे आसाराम बापू ने भी भूमि नहीं देने की बात कही थी.
प्रशासन और आश्रम के दावों में अंतर
दूसरी ओर प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि भूमि अधिग्रहण की कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है. सूत्रों के मुताबिक धारा-4 की कार्रवाई के बाद धारा-11 के तहत नोटिस भी जारी किया जा चुका है. इसी बिंदु पर आश्रम प्रबंधन और प्रशासन के दावों में अंतर दिखाई दे रहा है. जहां आश्रम नोटिस नहीं मिलने की बात कह रहा है, वहीं प्रशासन प्रक्रिया पूरी होने का दावा कर रहा है.
उन्होंने सवाल किया कि सनातन संस्कृति की बात करने वाली सरकार के रहते आश्रम को जमीन के लिए क्यों परेशान किया जा रहा है. उन्होंने आसाराम बापू के स्वास्थ्य और इलाज को लेकर भी सरकार पर सहयोग नहीं मिलने का आरोप लगाया.
139 करोड़ की परियोजना; नौ थीम जोन और डिजिटल अनुभव
उज्जैन विकास प्राधिकरण (यूडीए) करीब 139 करोड़ रुपये की लागत से सांदीपनि लोक विकसित करने की योजना पर काम कर रहा है. पहले इस परियोजना के लिए लगभग 15 बीघा भूमि लेने का प्रस्ताव था, लेकिन बाद में इसे बढ़ाकर करीब 17 बीघा कर दिया गया. इसी विस्तारित क्षेत्र में आश्रम की भूमि भी शामिल बताई जा रही है. यूडीए परियोजना के लिए टेंडर जारी कर चुका है और जमीन उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी में है.
प्रशासन का कहना है कि जिन भूमिधारकों से सहमति नहीं मिली है, उनके मामलों में अनिवार्य भूमि अधिग्रहण की कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी.
यह भी पढ़ें : उज्जैन में अब सांदीपनि लोक: 108 फीट ऊंची श्रीकृष्ण मूर्ति, सिंहस्थ 2028 से पहले 9 थीम जोन व डिजिटल अनुभव भी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं