सर्दियों की ठंडी हवाओं के साथ जब रसोई में मसालों और ताज़ी सब्जियों की खुशबू घुलती है, तो खाने का मज़ा ही बदल जाता है. इस मौसम में कच्ची हल्दी बाज़ार में आसानी से दिखने लगती है. वहीं, अगर आप इसका अचार बनाकर खाते हैं, तो बस क्या कहने. खट्टा, तीखा और हल्का चटपटा यह अचार दाल-चावल हो या गरमागरम पराठा, हर चीज के साथ गजब का लगता है. कई लोग इसे साल भर चलाने की सोचकर बनाते हैं, पर असलियत यह है कि घर के लोग इसे इतनी चाव से खाते हैं कि यह डिब्बे में ज्यादादिन टिक ही नहीं पाता.
इतना ही नहीं, कच्ची हल्दी में मौजूद प्राकृतिक गुण ठंड के दिनों में शरीर को भीतर से गर्माहट और ताकत देने का काम भी करते हैं. अगर आप भी इस सर्दी कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं जो सेहतमंद भी हो और स्वाद में लाजवाब भी, तो यह रेसिपी आपके लिए बिल्कुल सही रहेगी.
देखें वीडियो...
सामग्री:
- कच्ची हल्दी 250 ग्राम)
- अदरक (करीब 50 ग्राम)
- हरी मिर्च (50 से 70 ग्राम)
- नींबू (2)
- लहसुन (1 से 2 मुट्ठी)
- सादा नमक (2 छोटे चम्मच)
- हल्दी पाउडर (आधा छोटा चम्मच)
- काला नमक (डेढ़ से 2 छोटे चम्मच)
- कच्चा सरसों का तेल (एक चौथाई कप)
- हींग पाउडर (एक चौथाई छोटा चम्मच)
- अचार का मसाला (जरूरत के हिसाब से)
- जामुन या गन्ने का सिरका (2 से 3 बड़े चम्मच)
बनाने का तरीका:
- सबसे पहले हरी मिर्च को पानी से धोकर पोंछ लें और डंठल निकालकर मोटे टुकड़ों में काट लें. चॉपर या मिक्सर में पल्स मोड पर इसे दरदरा क्रश करके अलग रख लें, नींबू को बीच से काटकर उसका रस निकाल लें.
- अब कच्ची हल्दी और अदरक को अच्छी तरह धो लें ताकि मिट्टी या गंदगी पूरी तरह निकल जाए. छिलका खुरचकर हटा दें और हल्दी, अदरक व हरी मिर्च को मोटा काट लें, चाहें तो लहसुन की कलियां भी इसी समय साथ में डाल दें.
- इन सब को चॉपर, फूड प्रोसेसर या मिक्सी में डालकर दरदरा पीस लें.
- सारा दरदरा मिश्रण एक बड़े बाउल में निकालें.
- इसमें सादा नमक, हल्दी पाउडर और ताजा नींबू का रस डालकर अच्छी तरह मिला दें.
- नींबू का रस डालने से अचार जल्दी खाने लायक हो जाता है और इसमें खटास भी बैठ जाती है, इसे लगभग दो घंटे के लिए ऐसे ही छोड़ दें.
- दो घंटे बाद बाउल में कच्चा सरसों का तेल, हींग और अचार का मसाला डालें.
- स्वाद में अलग गहराई लाने के लिए काला नमक मिलाएं और सब कुछ अच्छे से चला लें.
- अगर आप कम तेल का इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो तेल की मात्रा घटाकर दो से तीन चम्मच सिरका डाल सकते हैं.
- सिरका खटास के साथ अचार को लंबे समय तक सुरक्षित रखने में भी मदद करता है.
- तैयार अचार को ढककर 12 से 24 घंटे के लिए बाहर रखा रहने दें ताकि मसाले और खटास हर टुकड़े में समा जाएं.
- इसके बाद इसे साफ और सूखे कांच या प्लास्टिक के जार में भरकर रख लें और खाने के साथ परोसें.
इसे भी पढ़ें: आंवले का खट्टा मीठा पापड़ कैसे बनाएं? चटपटा और स्वादिष्ट आंवला पापड़ बनाने का आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं