- क्या आप हिमालय के गांव में शिफ्ट होने का प्लान बना रहे हैं.
- पहाड़ के गांव में शिफ्ट होने से पहले 5 जरूरी बात जान लें.
- पहाड़ के गांव में रहने में कौन-कौन सी चुनौतियां आती है.
शहरों की भाग-दौड़, प्रदूषण और तनाव भरी जिंदगी से ऊबकर इन दिनों कई लोग हिमालय की गोद में बसे शांत गांवों में अपना नया आशियाना बनाने या वहां शिफ्ट होने का प्लान बना रहे हैं. पहाड़ों की खूबसूरत वादियां, साफ हवा और सुकून भरा माहौल लोगों को आकर्षित कर रहा है. काफी लोग यहां शिफ्ट हुए है जो अपनी रिल्स भी सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं. लेकिन शिफ्ट हुए लोग वहां की चुनौतियों के बारे में बता रहे हैं. क्योंकि वहां की असल जीवनशैली उतनी ही चुनौतीपूर्ण हो सकती है. अगर आप भी महानगरों को छोड़कर हिमालय के किसी गांव में बसने का मन बना रहे हैं, तो वहां की मुश्किलों को भी आपको समझना होगा. ऐसे में आप 5 जरूरी बातों पर गौर कर अपना प्लान तैयार कर सकते हैं.
सुहावना मौसम के बाद कठोर सर्दियां
पहाड़ों पर गर्मियों का मौसम तो बेहद सुहाना होता है, लेकिन साल के कई महीने कड़ाके की ठंड और भारी बर्फबारी के साथ बीतते हैं. सर्दियों के दिनों में तापमान शून्य से काफी नीचे चला जाता है. ऐसे में पानी की पाइपलाइन जम जाना, बिजली गुल होना और गैस सिलिंडर ढूंढना रोजमर्रा की बड़ी मुश्किलें बन जाती हैं. बर्फबारी के कारण कई दिनों तक सड़कें बंद हो जाती हैं, जिससे स्थानीय जनजीवन पूरी तरह ठप पड़ जाता है.
बुनियादी सुविधाओं और कनेक्टिविटी की चुनौती
शहरों की तरह 24 घंटे हर सुविधा मिलना पहाड़ों के दूर दराज के गांवों में आसान नहीं होता. ऐसे में स्वास्थ्य सेवाएं मुश्किल से मिलती है. छोटे गांवों में बड़े अस्पताल या अच्छे क्लीनिक नहीं होते. किसी भी मेडिकल इमरजेंसी या गंभीर बीमारी की स्थिति में नजदीकी शहर तक पहुंचने में घंटों का समय लग सकता है. हालांकि अब स्थिति सुधर रही है, लेकिन आज भी कई पहाड़ी इलाकों में बिजली कटौती आम बात है और मोबाइल नेटवर्क या हाई-स्पीड इंटरनेट कनेक्टिविटी एक बड़ी चुनौती है.
रोजगार, आय के साधन और आर्थिक स्थिरता
अगर आप पूरी तरह रिमोट वर्क नहीं कर रहे हैं, तो गांव में रहकर अपनी आजीविका चलाना एक बड़ी चुनौती हो सकता है. गांवों में कॉर्पोरेट नौकरियां या पारंपरिक व्यावसायिक अवसर बहुत सीमित होते हैं. आजीविका के लिए मुख्य रूप से खेती-किसानी, बागवानी (सेब या अन्य फल), होमस्टे संचालन या पर्यटन पर निर्भर रहना पड़ता है, जिसमें मौसम और फसल पर अनिश्चितता का जोखिम रहता है. ऐसे में आपको अपने रोजगार के बारे में सोचकर तैयारी करनी होगी.
स्थानीय संस्कृति और सामंजस्य
शहरी जीवनशैली से निकलकर ग्रामीण परिवेश में खुद को ढालना आसान नहीं होता. पहाड़ी गांवों के अपने कड़े सामाजिक नियम, परंपराएं और जीवन जीने के तौर-तरीके होते हैं. वहां के स्थानीय समुदायों के साथ तालमेल बिठाने में समय लगता है. शुरुआती दौर में सर्दियों के महीनों में जब स्थानीय लोग घरों में सीमित हो जाते हैं, तो बाहरी लोगों को अकेलेपन या अलगाव (Isolation) का सामना करना पड़ सकता है.
राशन और परिवहन की दिक्कत
पहाड़ी इलाकों में हर छोटी-छोटी जरूरत के लिए आपको शहर की तरह तुरंत होम डिलीवरी या पास की दुकान नहीं मिलती. रोजमर्रा का राशन, दवाइयां और अन्य जरूरी सामान लाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ सकती है. निजी वाहन होना या स्थानीय परिवहन पर निर्भर रहना वहां बेहद जरूरी हो जाता है. भूस्खलन (Landslides) और बारिश के मौसम में पहाड़ी रास्ते खतरनाक हो जाते हैं, जिससे यात्रा बाधित होती है. ऐसे में कई दिनों या हफ्तों तक सड़क बंद होती है.
हिमालय के गांव में शिफ्ट होना केवल एक खूबसूरत इंस्टाग्राम रील्स या सपनों जैसा नहीं है, बल्कि इसके लिए मजबूत मानसिक तैयारी, बुनियादी जरूरतों से समझौता करने की क्षमता और व्यावहारिक योजना की जरूरत होती है. इसलिए, कोई भी बड़ा कदम उठाने से पहले कुछ महीने किसी पहाड़ी गांव में किराए पर रहकर वहां के हालातों का अनुभव जरूर कर लें.
यह भी पढ़ें | हिमालय के गांव में शिफ्ट हुए कपल को आई गुरुग्राम की याद, कहा- '4 चीजें यहां मुश्किल से मिलती हैं'
यह भी पढ़ें | सिंगापुर में लाखों की सैलरी छोड़ हिमालय के गांव में शिफ्ट हुआ कपल, बोला- मां ने सोच बदल दी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं