Smartphone's Location Tracking : आज के दौर में स्मार्टफोन हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है. बैंकिंग से लेकर शॉपिंग, ट्रेवल, मनोरंजन और सोशल मीडिया तक लगभग हर काम मोबाइल फोन के जरिए किया जा रहा है. हालांकि, स्मार्टफोन जितना फायदेमंद है, उतना ही खतरनाक भी है. क्योंकि आपकी छोटी सी चूक से इसमें मौजूद ऐप्स आपकी लोकेशन और पर्सनल जानकारी को ट्रैक कर सकते हैं, जिससे आपकी प्राइवेसी पर असर पड़ सकता है. दरअसल, ज्यादातर लोग ऐप इंस्टॉल करते समय बिना सोचे-समझे सभी परमिशन दे देते हैं. यही छोटी सी लापरवाही आगे चलकर बड़ी समस्या बन सकती है.
कौन-कौन से ऐप्स ट्रैक करते हैं आपकी लोकेशन?
कुछ ऐप्स को काम करने के लिए लोकेशन की जरूरत होती है. उदाहरण के लिए, मैप्स, फूड डिलीवरी और कैब बुकिंग ऐप्स आपकी मौजूदा लोकेशन के आधार पर सर्विसेज मुहैया कराते हैं. लेकिन चिंता की बात तब होती है, जब सोशल मीडिया, शॉपिंग या एडवर्टाइजमेंट बेस्ड ऐप्स भी आपकी लोकेशन तक लगातार पहुंच बनाए रखते हैं. कई बार ये ऐप्स तब भी आपकी लोकेशन की जानकारी जुटाते रहते हैं, जब आप उनका इस्तेमाल नहीं कर रहे होते. इस डेटा का इस्तेमाल एडवर्टाइजमेंट दिखाने, आपके आसपास की दुकानों की जानकारी देने और आपकी रोजमर्रा की एक्टिविटीज को समझने के लिए किया जाता है.

क्यों जरूरी है लोकेशन सेटिंग की जांच?
साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट्स के अनुसार, "Allow All the Time" जैसी सेटिंग्स आपकी एक्टिविटीज की लगातार निगरानी की इजाजत देती हैं. इससे आपकी लोकेशन हिस्ट्री, यात्रा के पैटर्न और आदतों से जुड़ी जानकारी इकट्ठा की जा सकती है. इसलिए समय-समय पर यह चेक करना जरूरी है कि किन ऐप्स को लोकेशन एक्सेस दिया गया है और क्या सच में उन्हें इसकी जरूरत है.
एंड्रॉयड यूजर्स ऐसे बदलें सेटिंग
स्टेप 1 : मोबाइल की Settings में जाएं.
स्टेप 2 : Location ऑप्शन पर क्लिक करें.
स्टेप 3 : App Location Permissions को चुनें.
स्टेप 4 : अब उन ऐप्स की लिस्ट दिखाई देगी जिन्हें लोकेशन एक्सेस मिला हुआ है.
स्टेप 5 : हर एक ऐप के सामने मौजूद ऑप्शंस में से Only While Using the App चुनें.
स्टेप 6 : जिन ऐप्स को लोकेशन की जरूरत नहीं है, उनके लिए Not Allowed ऑप्शन चुन सकते हैं.
iPhone यूजर्स क्या करें?
स्टेप 1 : Settings खोलें.
स्टेप 2 : Privacy & Security पर जाएं.
स्टेप 3 : Location Services ऑप्शन चुनें.
स्टेप 4 : संबंधित ऐप को सेलेक्ट करें.
स्टेप 5 : लोकेशन एक्सेस को Only While Using the App पर सेट करें.
सुरक्षित रहें, प्राइवेसी बचाएं
डिजिटल दौर में अपनी पर्सनल जानकारी की सुरक्षा करना बेहद जरूरी है. अगर आप नहीं चाहते कि ऐप्स हर समय आपकी एक्टिविटीज और लोकेशन पर नजर रखें, तो आज ही अपनी लोकेशन सेटिंग्स को चेक करें. छोटी सी सावधानी आपकी प्राइवेसी को सुरक्षित रखने में बड़ी भूमिका निभा सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं