विज्ञापन

कालकाजी में एक रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, 3 LPG सिलेंडर फटे, दमकल टीम ने बुजुर्ग महिला को बचाया

दिल्ली के कालकाजी स्थित एक रेस्टोरेंट में आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया. इस दौरान एक बुजुर्ग महिला दूसरी मंजिल पर फंस गई.

कालकाजी में एक रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, 3 LPG सिलेंडर फटे, दमकल टीम ने बुजुर्ग महिला को बचाया
आग की लपटों ने तेजी से पूरी इमारत को चपेट में ले लिया.

Delhi Fire News: दिल्ली के कालकाजी (Kalkaji Fire) इलाके में रविवार तड़के एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई, जिसके बाद पूरी बिल्डिंग को आग ने अपने चपेट में ले लिया. आग इतनी भयावह थी कि तीन कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों में धमाके हुए. इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया. वहीं दूसरी मंजिल पर एक बुजुर्ग महिला फंस गई. हालांकि दमकल कर्मियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन कर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.

तीन मंजिल तक फैली आग

घटना कालकाजी से गोविंदपुरी फ्लाईओवर के पास स्थित पंजाबी तड़का रेस्टोरेंट की है. सुबह करीब 4:45 बजे पर आग लगने की सूचना मिली, जिसके  बाद दिल्ली फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची. शुरुआती तौर पर छह फायर यूनिट्स को रवाना किया गया, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए मेक-4 घोषित कर अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को भी बुलाया गया.

फायर अधिकारियों के मुताबिक, आग बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर से लेकर तीसरी मंजिल तक फैली हुई थी. वहीं तीसरी मंजिल की छत पर बने अस्थायी ढांचे को भी आग ने अपनी चपेट में ले लिया. आग के दौरान तीन कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों में विस्फोट होने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

आग बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर से लेकर तीसरी मंजिल तक फैल गई.

दूसरी मंजिल पर फंसी बुजुर्ग महिला

आग इतनी भीषण थी कि उसका असर आसपास की इमारतों पर भी पड़ने लगा. इसी दौरान आग वाली इमारत से सटी एक दूसरी बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर 75 वर्षीय सीता देवी फंस गई थीं. घना धुआं और बढ़ते खतरे को देखते हुए दिल्ली फायर सर्विस ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और बुजुर्ग महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. दमकल कर्मियों की इस तत्परता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और महिला की जान बचाई जा सकी.

फायर ब्रिगेड की 9 गाड़ियों ने पाया काबू

आग बुझाने के लिए कुल 9 फायर यूनिट्स को लगाया गया, जिनमें वॉटर टेंडर, वॉटर बाउजर, ब्रेथिंग सपोर्ट यूनिट और मल्टीपर्पज वाहन शामिल रहे. एडीओ यशवंत, एडीओ सरबजीत, एसटीओ फूल सिंह, एसटीओ मनीष कुमार और एसओ राज कुमार की निगरानी में ऑपरेशन चलाया गया. फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और कूलिंग ऑपरेशन जारी है. फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. राहत की बात यह है कि समय रहते किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के चलते एक बड़ी जनहानि टल गई.

(कालकाजी से वसीम फिरोज की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें: दिल्ली की 94 अवैध कॉलोनियां, ZONE- O और यमुना का 22KM का दायरा, बुलडोजर के डर से उड़ी 15 लाख लोगों की नींद

ये भी पढ़ें: दिल्ली में महंगी होगी बिजली, DERC ने फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने की इजाजत दी, छोटे ग्राहकों पर असर नहीं

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Fire, Delhi News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com