भारत में छोटे क्लीनिकों और ओपीडी सेवाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में केंद्र सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा 29 जून को eSushrut@Clinic प्लेटफॉर्म लॉन्च करेंगे, जो खासतौर पर छोटे स्वास्थ्य केंद्रों के लिए तैयार किया गया है. यह सी-डैक (C-DAC) द्वारा विकसित एक हल्का और क्लाउड-आधारित सिस्टम है, जो क्लीनिकों के कामकाज को बेहद आसान और किफायती बनाता है.
क्या है eSushrut@Clinic?
यह C-DAC द्वारा विकसित एक हल्का और क्लाउड आधारित Hospital Management Information System (HMIS) है. इसे आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत तैयार किया गया है, ताकि छोटे क्लीनिक भी आसानी से डिजिटल सेवाओं का लाभ ले सकें.
क्यों है इसकी जरूरत?
देश के अधिकांश छोटे क्लीनिकों में आज भी मरीजों का रिकॉर्ड, बिलिंग और रिपोर्टिंग मैनुअल तरीके से होती है. इससे समय भी अधिक लगता है और डेटा सुरक्षित रखना भी चुनौतीपूर्ण होता है. नया सिस्टम इन सभी प्रक्रियाओं को डिजिटाइज करेगा, जिससे काम तेज और व्यवस्थित होगा.
क्या-क्या मिलेंगी सुविधाएं?
eSushrut@Clinic के जरिए मरीजों का रजिस्ट्रेशन, बिलिंग और मेडिकल रिपोर्ट पूरी तरह डिजिटल होगी. इसमें Speech-to-Text और Clinical Decision Support System जैसी आधुनिक तकनीकें भी उपलब्ध होंगी. इसके अलावा ABHA, Scan & Share जैसी ABDM सुविधाओं का भी इसमें समावेश होगा, जिससे मरीजों का डेटा एकीकृत रहेगा.
कहां-कहां होगा इस्तेमाल?
इस सिस्टम का उपयोग सरकारी PHC, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, सब-सेंटर और निजी क्लीनिकों में किया जा सकेगा. अभी तक 800 से ज्यादा स्वास्थ्य संस्थान इस प्लेटफार्म से जुड़ चुके हैं, जबकि eSushrut सॉफ्टवेयर पहले से AIIMS सहित कई बड़े अस्पतालों में इस्तेमाल हो रहा है.
कितनी होगी कीमत?
eSushrut@Clinic की सामान्य कीमत 499 रुपये प्रति माह (5 यूजर) रखी गई है. हालांकि NHA की ओर से 200 रुपये की छूट दी जाएगी, जिससे प्रभावी कीमत 299 रुपये प्रति माह रह जाएगी. शुरुआती 3 महीने यह सेवा मुफ्त मिलेगी, जबकि अतिरिक्त यूजर के लिए 50 रुपये प्रति माह देना होगा.
यह भी पढ़ें:- घर बैठे पिकअप और डिलीवरी, रियल-टाइम लाइव ट्रैकिंग, रेलवे से भेजे गए पार्सल ऐसे कर सकेंगे ट्रैक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं