विज्ञापन

चरित्र शंका में उजड़ा पूरा परिवार: मुरैना में पत्नी-दो बेटों की हत्या के बाद पति ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

मुरैना के किशनपुर गांव में एक व्यक्ति ने कथित चरित्र शंका के चलते पत्नी और दो बेटों की हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली. पुलिस जांच जारी.

चरित्र शंका में उजड़ा पूरा परिवार: मुरैना में पत्नी-दो बेटों की हत्या के बाद पति ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
मुरैना में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, पत्नी-बेटों की हत्या कर पति ने दी जान

Character Suspicion Murder: मुरैना जिले के माताबसैया थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया. यहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी और दो मासूम बेटों की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी और इसके बाद रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी पत्नी के एक वीडियो को लेकर लंबे समय से परेशान और नाराज था. घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है. पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटे हैं. चार मौतों की इस वारदात ने एक बार फिर घरेलू तनाव और मानसिक असंतुलन के गंभीर परिणामों को उजागर कर दिया है.

सुबह सामने आई चार मौतों की भयावह कहानी

घटना मुरैना जिले के किशनपुर गांव की है. जानकारी के अनुसार बलराम कुशवाहा ने अपनी पत्नी रबीता कुशवाहा तथा दो बेटों देवू और आरव की घर के अंदर कुल्हाड़ी से हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद वह घर से निकलकर शिकारपुर रेलवे फाटक के पास पहुंचा और ट्रेन के सामने कूद गया. ट्रेन से कटने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई. सुबह रेलवे ट्रैक पर मिले शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने गांव में सूचना पहुंचाई.

Morena Family Murder Case: मृतक महिला

Morena Family Murder Case: मृतक महिला

दूध देने पहुंचे व्यक्ति को हुआ संदेह

घटना का खुलासा उस समय हुआ जब रोज की तरह दूध देने पहुंचे व्यक्ति ने घर का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उसे अनहोनी की आशंका हुई. ग्रामीणों और सरपंच को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने पड़ोसी मकान की दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया. अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए.

घर के अलग-अलग हिस्सों में मिले तीन शव

पुलिस के अनुसार घर के भीतर दोनों बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े मिले, जबकि कुछ दूरी पर महिला का शव मिला. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तीनों पर धारदार और भारी हथियार से हमला किया गया था. घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और फॉरेंसिक टीम ने भी जांच शुरू कर दी है. पुलिस का मानना है कि वारदात रात के समय अंजाम दी गई.

Morena Family Murder Case: मृतक बच्चे

Morena Family Murder Case: मृतक बच्चे

एक वीडियो को लेकर परेशान था आरोपी

जांच के दौरान पुलिस को बलराम कुशवाहा का मोबाइल फोन मिला, जिसमें एक वीडियो मौजूद था. बताया जा रहा है कि वीडियो में उसकी पत्नी रबीता गांव के मंदिर में आयोजित भागवत कथा कार्यक्रम के दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुति देती हुई दिखाई दे रही थी. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इसी वीडियो को लेकर बलराम को आपत्ति थी. उसने यह वीडियो अपने कई रिश्तेदारों को भी भेजा था और नाराजगी जताई थी.

चरित्र शंका में घिरा हुआ था बलराम

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र को लेकर संदेह करता था. बताया जा रहा है कि वह पिछले कई दिनों से मानसिक रूप से परेशान था. करीब दस दिन पहले उसने अपनी पत्नी के पिता मलखान सिंह को फोन कर पत्नी और बच्चों को अपने साथ ले जाने के लिए कहा था. हालांकि बाद में रिश्तेदारों के हस्तक्षेप से 24 जून को पत्नी और दोनों बच्चे वापस उसके घर लौट आए थे.

परिजनों ने लगाए मारपीट के आरोप

मृतका रबीता के पिता मलखान सिंह और उसकी बहन भारती ने आरोप लगाया है कि बलराम पहले भी रबीता के साथ मारपीट करता था. परिजनों का कहना है कि परिवार में लंबे समय से तनाव की स्थिति बनी हुई थी. पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है.

फॉरेंसिक जांच और पुलिस की पड़ताल जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वरिष्ठ फॉरेंसिक अधिकारियों को जांच में शामिल किया है. पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने बताया कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. घटनास्थल से मिले साक्ष्य, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल सामग्री का परीक्षण कराया जाएगा.

गांव में पसरा मातम

एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से किशनपुर गांव में शोक का माहौल है. ग्रामीणों के अनुसार किसी ने भी नहीं सोचा था कि परिवार के भीतर चल रहा तनाव इतना भयावह रूप ले लेगा. फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें : चरित्र शंका में पत्नी की हत्या: पति ने टंगिया से किया हमला, सोनवर्षा में सनसनी

यह भी पढ़ें : MBBS छात्रा को बदनाम करने की साजिश; BLO ने दी फोटो, रिश्तेदारों ने अश्लील वीडियो बनाकर उज्जैन में किया वायरल

यह भी पढ़ें : मध्य भारत में है अंग्रेजों के जमाने का इकलौता कॉफी बागान; क्यों खास है कुकरू, CM मोहन के दौरे से जगी उम्मीद

यह भी पढ़ें : माइनिंग इंस्पेक्टर का थप्पड़ कांड वायरल; शिवपुरी में अवैध खनन कार्रवाई पर सवाल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Family Murder Case, Character Suspicion Murder Case, Morena News, Madhya Pradesh News, Wife Murder
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com