नौकरीपेशा वालों के लिए अच्छी की खबर है. अब कर्मचारी अपने EPF खाते से पैसा ATM और UPI के जरिए किसी भी समय निकाल सकेंगे. सूत्रों के मुताबिक यह नया सिस्टम जुलाई 2026 के पहले हफ्ते से लागू किया जा सकता है, जिसकी शुरुआत शुरुआती चरण में कुछ मेट्रो शहरों से होगी.
क्या है नई सुविधा?
नई व्यवस्था के तहत अब पीएफ का पैसा निकालना लंबी प्रक्रिया नहीं रहेगा. कर्मचारी अपने PF खाते से सीधे लिंक बैंक खाते में तुरंत ट्रांसफर कर सकेंगे. इससे अचानक पैसों की जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद मिलेगी.
कैसे काम करेगा सिस्टम?
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए कुछ जरूरी शर्तें रखी गई हैं. जैसे- PF खाते को बैंक खाते से लिंक करना होगा, UPI से जोड़ने के लिए आधार, पैन और मोबाइल नंबर लिंक होना जरूरी होगा, खाताधारकों को UAN आधारित ATM कार्ड दिया जाएगा, जिससे ATM से पैसे निकाले जा सकेंगे.
75% तक तुरंत निकासी की सुविधा
नई व्यवस्था में PF खाताधारक अपनी जमा राशि का लगभग 75% हिस्सा तुरंत निकाल सकेंगे. इससे इमरजेंसी के समय आर्थिक मदद लेना आसान हो जाएगा.
EPFO पोर्टल अपग्रेड, सेवाएं रहीं प्रभावित
इस नई व्यवस्था को लागू करने के लिए EPFO ने अपने पोर्टल को अपग्रेड किया है. इसके चलते 26 से 28 जून तक रात 12 बजे तक वेबसाइट बंद रहेगी. इस दौरान PF विड्रॉल क्लेम प्रोसेस प्रभावित रहेगी, ई-पासबुक सेवा बाधित रहेगी, ECR फाइलिंग और UAN लिंकिंग सेवाएं बंद रहेंगी. अब यह पोर्टल 29 जून से नए वर्जन के साथ दोबारा शुरू होगा, जिसके बाद सभी ऑनलाइन सेवाएं सामान्य हो जाएंगी.
क्या होगा फायदा?
इस पहल से पीएफ निकासी प्रक्रिया तेज, आसान और डिजिटल बनेगी. लंबी कागजी प्रक्रिया और इंतजार से मुक्ति मिलेगी, जिससे कर्मचारियों को फटाफट पैसा मिल सकेगा.
यह भी पढ़ें:- दिल्ली में खत्म होगी टोल पर रुकने की झंझट, 156 टोल नाकों पर लागू होगा नया सिस्टम, जानिए क्या होंगे बदलाव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं