भारत सरकार ने बांग्लादेश में अपने हाई कमिश्नर दिनेश त्रिवेदी को केंद्रीय कैबिनेट मंत्री का दर्जा दे दिया है. दिनेश त्रिवेदी ने गुरुवार, 25 जून को बांग्लादेश में हाई कमिश्नर की जिम्मेदारी संभाई. इसके साथ ही उन्हें केंद्रीय कैबिनेट मंत्री का दर्जा देने का यह फैसला दिखाता है कि बांग्लादेश में तारिक रहमान की नई सरकार के साथ रिश्तों को लेकर नई दिल्ली कितनी गंभीर है. इतना ही नहीं भारत ने लगभग दो साल बाद बांग्लादेशी नागरिकों को टूरिस्ट वीजा जारी करना फिर से शुरू कर दिया है. जुलाई 2024 के प्रदर्शनों के बाद इसपर रोक लगी थी. इसी प्रदर्शन के बाद शेख हसीना की सरकार गिर गई थी और फिर बनी अंतरिम सरकार के दौर में रिश्तों में खटास आई थी. लेकिन अब तारिक रहमान के पीएम बनने के बाद जोर है कि संबंधों में सुधार आए.
दिनेश त्रिवेदी ने संभाली जिम्मेदारी
गुरुवार को दिनेश त्रिवेदी ने बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन को अपना परिचय पत्र (क्रेडेंशियल्स) सौंपा. साथ ही, उन्होंने दोनों देशों के लोगों के फायदे के लिए द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के प्रति नई दिल्ली की प्रतिबद्धता दोहराई. ढाका में भारतीय हाई कमीशन ने X पर पोस्ट किया, "बांग्लादेश में भारत के हाई कमिश्नर दिनेश त्रिवेदी ने आज बंगभवन में बांग्लादेश के सम्मानित राष्ट्रपति महामहिम मोहम्मद शहाबुद्दीन को अपना परिचय पत्र सौंपा. हाई कमिश्नर ने भारत सरकार और भारत के लोगों की ओर से शुभकामनाएं दीं और भारत-बांग्लादेश की बहुआयामी साझेदारी को और मजबूत करने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया. इस साझेदारी का मकसद इन दो संप्रभु देशों के लोगों का आपसी कल्याण है."
कैबिनेट मंत्री का दर्जा
गृह मंत्रालय की तरफ से जारी ऑफिस मेमोरेंडम में कहा गया कि बांग्लादेश में भारत के हाई कमिश्नर दिनेश त्रिवेदी को 'टेबल ऑफ प्रेसिडेंस' (ToP) में केंद्रीय कैबिनेट मंत्री के बराबर का दर्जा दिया गया है. यह दर्जा उन्हें व्यक्तिगत तौर पर दिया गया है और इसके लिए 'टेबल ऑफ प्रेसिडेंस' में कोई बदलाव नहीं किया गया है. टेबल ऑफ प्रेसिडेंस में यह पद सिर्फ औपचारिक कार्यक्रमों के लिए है.
टूरिस्ट वीजा जारी करना शुरू
हाईकमिश्नर बनते ही दिनेश त्रिवेदी ने गुरुवार को घोषणा की कि बांग्लादेशी नागरिकों के लिए टूरिस्ट वीजा 28 जून से ढाका सहित पांच वीजा सेंटर से फिर से जारी करना शुरू कर दिया जाएगा. उन्होंने जमुना फ्यूचर पार्क स्थित भारतीय वीजा आवेदन केंद्र (IVAC) में कहा, "मुझे यह घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि हम टूरिस्ट वीजा के लिए सामान्य आवेदन प्रक्रिया फिर से शुरू कर रहे हैं, जो रविवार, 28 जून 2026 से जमा किए जा सकते हैं. हम मानवीय आधार पर मेडिकल वीजा और आपातकालीन वीजा की सुविधा देना जारी रखेंगे."
उन्होंने कहा कि वीजा बांग्लादेश के पांच केंद्रों - ढाका, राजशाही, चटगांव, सिलहट और खुलना - से जारी किए जाएंगे और भविष्य में इनका विस्तार किया जाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं