Ladli Behna Yojana FAQ: लाडली बहन योजना मध्य प्रदेश सरकार की महिला सशक्तिकरण की बड़ी योजनाओं में से एक है. इस योजना में महिलाओं के आर्थिक मदद के रूप में एक निश्चित राशि हर महीने सीधे बैंक अकाउंट में भेजे जाते हैं. इस योजना में पहले लाभार्थियों को 1250 रुपये दिए जाते थे. लेकिन मध्य प्रदेश में मोहन यादव की सरकार ने बीते साल नवंबर 2025 में राशि को 1250 से बढ़ाकर 1500 रुपये कर दी गई. यानी महिलाओं को सालाना 18000 रुपये की सहायता राशि सरकार के द्वारा दी जाती है. वहीं रक्षा बंधन के मौके पर मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार ने महिलाओं को 250 रुपये अतिरिक्त राशि देने का ऐलान किया है. यानी अगस्त में 1750 रुपये की राशि सभी महिलाओं को मिलेगी.
लाडली बहना योजना में सभी महिलाओं या बहनों को इस योजना का लाभ नहीं मिलता है. इस योजना में कुछ शर्तें रखी गई है, जिसमें पात्र होने के बाद ही योजना का लाभ मिलता है. चलिए आपको बताते हैं लाडली बहना योजना से जुड़ी सभी सवालों के जवाब.
FAQ लाडली बहना योजना
लाडली बहना योजना का उद्देश्य क्या है?
लाडली बहना योजना की शुरुआत साल 2023 में की गई थी. यह महिलाओं को आर्थिक सहायता देने और स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार के लिए शुरू किया गया.
क्या योजना में परिवार की आय देखी जाती है?
हां लाडली बहना योजना में परिवार की आय देखी जाती है. अगर किसी महिला के परिवार की संयुक्त रूप से सालाना आय ढाई लाख (2.5 लाख) रुपये से अधिक है तो वह योजना के लिए अपात्र होगी.
परिवार में कोई इनकम टैक्स पेयर है तो क्या लाभ मिलेगा?
अगर आवेदन करने वाली महिला के परिवार में कोई सदस्य इनकम टैक्स पेयर है तो महिला इस योजना के लिए अपात्र होगी.
क्या अविवाहित महिला योजना के लिए पात्र है?
लाडली बहना योजना में केवल विवाहित, तलाकशुदा, विधवा और ऐसी महिला जिसे पति ने छोड़ दिया हो और तलाक नहीं हुआ हो.
क्या आशा-आंगनवाड़ी-सहायिका कार्यकर्ता इस योजना का लाभ ले सकते हैं?
लाडली बहना योजना में आंगनवाड़ी-सहायिका और आशा कार्यकर्ता योजना का लाभ ले सकती है. बशर्ते कि वह अपात्रता की श्रेणी में नहीं आती है तो वह लाभ ले सकती है.
महिला अगर अन्य योजना का लाभ ले रही है तो क्या लाडली बहना योजना के लिए पात्र है?
लाडली बहना योजना में अब 1500 रुपये का भुगतान किया जाता है. अगर महिला सामाजिक न्याय पेंशनधारक है और उसे 1500 रुपये से कम पेंशन मिल रहा है तो वह 1500 रुपये से जितना कम रकम है, उसका लाभ लेने के लिए पात्र है. जैसे अगर किसी महिला को 700 रुपये पेंशन मिल रहा है तो उसे इस योजना में 800 रुपये जोड़कर दिए जाएंगे.
महिला के परिवार का कोई सदस्य स्थानीय निकाय में जनप्रतिनिधि है तो क्या लाभ मिलेगा?
अगर महिला के परिवार का कोई सदस्य स्थानीय निकाय में निर्वाचित जनप्रतिनिधि है तो योजना में लाभ नहीं मिलेगा. हालांकि परिवार का सदस्य पंच और उपसरपंच है तो वह अपात्र नहीं होगी.
लाडली योजना में कौन-कौन से प्रमाण पत्र होते हैं जरूरी?
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन करने वाली महिला को आवेदन पत्र के साथ किसी भी प्रकार का प्रमाण पत्र संलग्न करने की आवश्यकता नहीं है. आवेदक की जानकारी पत्रक में की गई स्व-घोषणा ही पर्याप्त है. हालांकि परिवार समग्र आई डी, व्यक्तिगत समग्र आई डी , आधार कार्ड , स्वयं का आधार लिंक्ड DBT इनेबल्ड बैंक खाता एवं मोबाइल नंबर होना जरूरी है.
क्या एक ही परिवार में एक से अधिक महिला लाडली योजना के लिए पात्र होगी?
लाडली बहना योजना में एक ही परिवार में एक से अधिक महिला योजना का लाभ ले सकती हैं. यहां परिवार का मतलब पति-पत्नी और उनपर आश्रित बच्चे होता है. संयुक्त परिवार इसमें परिवार की श्रेणी में नहीं आता है.
यह भी पढ़ेंः क्या लाडली बहना योजना है लाडली लक्ष्मी योजना का अपडेट? यहां दूर कर लें अपना कंफ्यूजन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं