- आज मैहर से जारी होगी 39वीं किस्त, खाते में किस्त के साथ आएगी रक्षाबंधन पर गिफ्ट की राशि.
- 1.25 करोड़ बहनों को 2148 करोड़ रुपये होंगे ट्रांसफर.
- अब तक सरकार लगभग तीन वर्षों में 63,248 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर चुकी है.
Madhya Pradesh Ladli Behna Yojana: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 19 अगस्त यानी आज मैहर जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लाडली बहनों को 39वीं किस्त जारी करेंगे. योजना के तहत मिलने वाली राशि 1500 रुपये के अलावा सीएम महिलाओं को रक्षाबंधन के गिफ्ट के तौर पर 250 रुपये भी देंगे. यानी कुल मिलाकर इस महीने लाडली बहनों के खाते में 1750 रुपये पहुंचेंगे. योजना की बात करें तो लाडली बहना योजना जून 2023 से शुरू थी और सरकार अगस्त 2026 तक 39 किस्तों के जरिए लाभार्थी लाडली बहनों को योजना का लाभ दिया जा चुका है.
राज्य सरकार अब तक लाडली बहनों के खाते में 63 हजार 248 करोड़ रुपये की सहायता राशि ट्रांसफर कर चुकी है. चालू वित्तीय वर्ष 2026-2027 के लिए राज्य सरकार ने इस योजना के लिए 23,882.81 करोड़ रुपये का विस्तृत बजट प्रावधान रखा है.
August 2026 Installment of Ladli Behna: इस माह 312.83 करोड़ रुपये की अतिरिक्त सहायता
मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की 39वीं किस्त के रूप में 1,500 प्रति हितग्राही कुल 1,835.46 करोड़ रुपये से अधिक और रक्षाबंधन के विशेष अवसर पर 250 रुपये प्रति हितग्राही कुल 312.83 करोड़ रुपये से अधिक की अतिरिक्त सहायता दी जा रही है. इस प्रकार प्रत्येक लाड़ली बहना के खाते में कुल 1,750 रुपये की संयुक्त राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से पहुंचेगी.
शिवराज सरकार ने शुरू की थी योजना
लाडली बहना योजना 10 जून, 2023 को तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा शुरू की गई थी. उस समय सहायता राशि 1,000 रुपये थी, जिसे धीरे-धीरे बढ़ाकर 1,250 रुपये कर दिया गया था. फिर 2025 में दिवाली बाद मोहन सरकार ने राशि को बढ़ाकर 1500 रुपये कर दिया.
विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन भी करेंगे सीएम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मैहर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 13 हजार से अधिक पात्र बहनों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक से 2,148 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का अंतरण करेंगे. वे मैहर जिले में 256 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन भी करेंगे.
ये भी पढ़ें- मध्य प्रदेश: लाडली बहनों को रक्षाबंधन का गिफ्ट, 1500 के अलावा 250 रुपये और बैंक खातों में ट्रांसफर करेंगे CM
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं