Lado Laxmi 13th Installment News: धनतेरस और दिवाली के मौके पर हरियाणा सरकार ने प्रदेश की जनता के लिए अपना खजाना खोल दिया है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 21 सामाजिक योजनाओं के तहत 52 लाख से ज्यादा लाभार्थियों के खातों में 4,470.77 करोड़ रुपये की राशि 4 दिन एडवांस में ट्रांसफर की है. इसमें बुढ़ापा विधवा पेंशन और लाडो लक्ष्मी योजना की 13वीं किस्त के 2,100 रुपये की किस्त भी शामिल हैं. इसके अलावा कर्मचारियों के DA में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी और धान किसानों को 9,880 करोड़ रुपये का पेमेंट किया गया है.
दिवाली और धनतेरस के मौके पर हरियाणा के लाखों परिवारों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है. दरअसल, राज्य सरकार ने प्रदेश में अलग-अलग सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभार्थियों को बड़ा तोहफा देते हुए तय समय से 4 दिन पहले ही पेंशन और वित्तीय सहायता की राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी है. चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बटन दबाकर प्रदेश की 21 अलग-अलग सामाजिक योजनाओं के तहत कुल 4,470 करोड़ 77 लाख की राशि ऑनलाइन जारी की. सरकार के इस कदम से बुजुर्गों, विधवाओं, बेसहारा महिलाओं और लाडो लक्ष्मी योजना की महिला लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे हैं.
जब ताऊ ने बोला पेंशन 5000 कर दे... https://t.co/HoZShV9iJY
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) November 7, 2026
4 दिन पहले मिली एडवांस पेंशन और लाडो लक्ष्मी की 13वीं किस्त
आम तौर पर हरियाणा सरकार हर महीने की 10 तारीख को विभिन्न पेंशन और सामाजिक योजनाओं का पैसा बैंक खातों में भेजती है. हालांकि, त्योहारी सीजन को देखते हुए मुख्यमंत्री ने इसे 4 दिन पहले ही जारी कर दी है. वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन और बेसहारा भत्ता की राशि लाभार्थियों के खातों में क्रेडिट कर दी गई है. योजना के तहत प्रदेश की 10 लाख 59 हजार महिलाओं को 2,100 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से 13वीं किस्त का भुगतान किया गया है. वहीं, राज्यभर के लगभग 52 लाख लोगों को इस अग्रिम भुगतान का सीधा लाभ मिला है.
ऐसे चेक करें स्टेटस
वृद्धा पेंशन और लाडो लक्ष्मी योजना, दोनों की ही स्थिति आप घर बैठे ऑनलाइन या फिर नजदीकी केंद्र पर जाकर आसानी से जांच सकते हैं.
लाडो लक्ष्मी योजना का स्टेटस ऐसे देखें
- हरियाणा पेंशन पोर्टल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं.
- होमपेज पर मौजूद लाभपात्रों की सूची देखें पर क्लिक करें.
- अपने जिले, ब्लॉक, क्षेत्र और गांव या वार्ड का चुनाव करें.
- योजना के नाम में Deen Dayal Lado Lakshmi Yojana चुनें.
- स्क्रीन पर दिख रहा कैप्चा कोड भरें और सबमिट करें.
- आपके सामने पूरे क्षेत्र की सूची आ जाएगी. इसमें आप अपना नाम, पेंशन आईडी और आवेदन की स्थिति देख सकते हैं.
मोबाइल ऐप के जरिए
- गूगल प्ले स्टोर से Laado Lakshmi App डाउनलोड करें.
- अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर या आधार नंबर से लॉगिन करके आप अपने आवेदन का करंट स्टेटस सीधे फोन पर देख सकते हैं.
वृद्धावस्था पेंशन का स्टेटस ऐसे देखें
- हरियाणा पेंशन पोर्टल के लाभार्थी पेंशन विवरण वाले पेज पर जाएं.
- आपको अपनी जानकारी खोजने के लिए तीन विकल्प मिलेंगे.
- पेंशन आईडी, बैंक खाता संख्या या आधार संख्या में से एक का नंबर दर्ज करें.
- कैप्चा कोड डालकर विवरण देखें पर क्लिक करें.
- आपके खाते में पेंशन की पिछली किस्तें कब आईं और खाता सक्रिय है या नहीं, इसकी पूरी रिपोर्ट आ जाएगी.
ऑफलाइन तरीका
अगर इंटरनेट या पोर्टल के जरिए स्टेटस नहीं दिख रहा है, तो आप इन माध्यमों का सहारा ले सकते हैं. इसके लिए अपने नजदीकी अटल सेवा केंद्र या कॉमन सर्विस सेंटर पर जाकर संचालक से स्टेटस चेक करवाएं. इसके लिए अपना आधार कार्ड और बैंक पासबुक लेकर ब्लॉक या जिला स्तर के समाज कल्याण कार्यालय जाएं. वहां अधिकारी आपके विवरण से स्टेटस की पुष्टि कर देंगे.
कर्मचारियों और पेंशनर्स को 3 प्रतिशत बढ़ा DA
- त्योहारों के बीच हरियाणा सरकार ने अपने राज्य कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का ऐलान किया है.
- इसके साथ ही कर्मचारियों के महंगाई भत्ते और पेंशनर्स के महंगाई राहत को 60% प्रतिशत से बढ़ाकर 63 प्रतिशत कर दिया गया है.
- यह बढ़ोतरी एक जुलाई 2026 से प्रभावी मानी जाएगी. इस फैसले से राज्य के 2.78 लाख नियमित कर्मचारियों और 2.60 लाख पेंशनर्स की टेक होम सैलरी और पेंशन में इजाफा होगा.
यह भी पढ़ें- दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का आपातकाल! GRAP3 हुआ लागू, जानें गाड़ियों, स्कूलों और निर्माण पर क्या लगी पाबंदियां
गांवों शहरों का विकास, धान खरीद और मधुमक्खी पालकों को भी सुरक्षा
मुख्यमंत्री ने राज्य के ग्रामीण, शहरी और कृषि क्षेत्र के लिए जारी किए गए बजट का विस्तृत हिसाब पेश किया है. इसके तहत गांवों के विकास के लिए 22 जिला परिषदों, 143 पंचायत समितियों और 6,230 ग्राम पंचायतों को 1,158 करोड़ रुपये और नगरपालिकाओं को 1,727.80 करोड़ रुपये की विकास राशि जारी की गई. प्रदेश की 278 मंडियों में अब तक 48 लाख मीट्रिक टन धान पहुंचा है, जिसमें से 43 लाख मीट्रिक टन की खरीद हो चुकी है. अब तक 2.88 लाख किसानों को 9,880 करोड़ रुपये का सीधा भुगतान किया जा चुका है. इसके अलावा, मधुमक्खी पालकों को बीमा सुरक्षा में शामिल किया गया है. 50 प्रति बॉक्स प्रीमियम पर अधिकतम 6.25 लाख तक का बीमा क्लेम मिलेगा, जबकि शहद का संरक्षित मूल्य 120 प्रति किलोग्राम तय किया गया है.
यह भी पढ़ें- दिवाली पर 50 हजार रुपये बढ़ी चौकीदारों की सैलरी, सीएम सैनी ने 1,32,000 से बढ़ाकर किया 1,82,652 रुपये सालाना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं