अगर आप WhatsApp Web या WhatsApp Desktop का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. भारत सरकार की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने एक नए साइबर फ्रॉड को लेकर एडवाइजरी जारी की है. एजेंसी का कहना है कि साइबर ठग अब WhatsApp के जरिए लोगों के कंप्यूटर और लैपटॉप में मालवेयर (वायरस) पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं. ऐसे में अगर थोड़ी भी लापरवाही हुई, तो आपके फोन या कंप्यूटर का पर्सनल डाटा चोरी हो सकता है, साथ ही पासवर्ड और बैंकिंग की जानकारी भी गलत हाथों में पहुंच सकती है.
कैसे हो रही है ठगी?
CERT-In के मुताबिक, साइबर अपराधी सबसे पहले किसी व्यक्ति का व्हॉट्सअप अकाउंट हैक कर लेते हैं. इसके बाद उसी अकाउंट से उसके दोस्तों, रिश्तेदारों या ऑफिस के लोगों को एक फाइल भेजी जाती है. यह फाइल .vbs (VBScript) फॉर्मेट में होती है. क्योंकि मैसेज किसी जान-पहचान वाले के नंबर से आता है, इसलिए ज्यादातर लोग बिना सोचे-समझे फाइल खोल लेते हैं. यहीं से धोखाधड़ी की शुरुआत होती है.
फाइल खोलने से क्या होता है?अगर आपने गलती से यह फाइल अपने कंप्यूटर या लैपटॉप में खोल दी, तो उसमें मौजूद मालवेयर आपके सिस्टम में इंस्टॉल हो सकता है. इसके बाद साइबर अपराधी को आपके डिवाइस का कंट्रोल मिल जाता है. इसके बाद वे-
- आपके ईमेल और सोशल मीडिया अकाउंट के पासवर्ड चुरा सकते हैं.
- इंटरनेट बैंकिंग या दूसरे जरूरी अकाउंट की जानकारी ले सकते हैं.
- आपके कंप्यूटर में और भी खतरनाक वायरस इंस्टॉल कर सकते हैं.
- आपकी पर्सनल फाइलें और जरूरी डेटा चोरी कर सकते हैं.
- अगर यह ऑफिस का कंप्यूटर है, तो पूरे ऑफिस नेटवर्क को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं. इससे कंपनी का डेटा लीक होने, काम रुकने और आर्थिक नुकसान का खतरा भी बढ़ सकता है.
एजेंसी ने यूजर्स को सलाह देते हुए कहा है कि अगर उनके WhatsApp पर .vbs (VBScript) फॉर्मेट में कोई फाइल आए, तो उसे बिल्कुल भी न खोलें. चाहे वह फाइल आपके किसी दोस्त, रिश्तेदार या सहकर्मी के नंबर से ही क्यों न आई हो.
फाइल खोलने से पहले उस व्यक्ति को फोन करें या अलग से मैसेज करके यह जरूर पूछ लें कि क्या उसने सच में वह फाइल भेजी है. अगर मैसेज का तरीका थोड़ा भी अजीब लगे या आपको शक हो, तो उसे तुरंत उसकी शिकायत करें. इसके साथ ही अपने कंप्यूटर, ऑपरेटिंग सिस्टम और एंटीवायरस को हमेशा अपडेट रखें. ध्यान रखें कि आपकी थोड़ी-सी सावधानी आपके फोन, लैपटॉप और जरूरी डेटा को साइबर अपराधियों से सुरक्षित रख सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं