- बिहार में दूध-सब्जी के किसानों को भी मिलेगा KCC लोन.
- बिहार में सहकारिता विभाग ने KCC का दायरा बढ़ाया है.
- शनिवार और रविवार को विशेष शिविर में KCC बांटे जाएंगे.
बिहार में सहकारिता विभाग ने किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) की सुविधा का दायरा बढ़ाते हुए इसे दुग्ध, सब्जी उत्पादक सहकारी समितियों और किसान उत्पादक संगठनों (FPO) से जुड़े किसानों तक विस्तारित किया है. अब यह सुविधा केवल प्राथमिक कृषि साख समितियों (PACS) के सदस्यों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि संबंधित समितियों के किसानों को भी आसानी से लोन उपलब्ध कराया जाएगा. जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों के पदाधिकारियों और कर्मचारियों को शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र किसानों को जोड़ने के लिए लक्ष्य तय किए गए हैं.
विशेष शिविरों में बांटे जाएंगे किसान क्रेडिट कार्ड
बिहार राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अरविंद कुमार पासवान ने सभी जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों के प्रबंध निदेशकों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं. उन्होंने बताया कि आगामी शनिवार और रविवार को विशेष शिविर आयोजित कर विभिन्न सहकारी समितियों से जुड़े किसानों को क्रेडिट कार्ड प्रदान किया जाएगा.
क्या होगी केसीसी देने की प्रक्रिया
पैक्स से जुड़े किसानों को सीधे पैक्स के माध्यम से केसीसी मिलेगा, जबकि अन्य सहकारी समितियों के सदस्यों को संबंधित समिति के अनुमोदन या अनुशंसा के आधार पर सहकारी बैंक के जरिए कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा.
इस पहल का उद्देश्य सहकारी समितियों से जुड़े किसानों तक इंस्टीट्यूशनल लोन की पहुंच बढ़ाना और उन्हें खेती तथा कृषि आधारित गतिविधियों के लिए समय पर वित्तीय सहायता देना है. इससे पहले पैक्स के दायरे से बाहर रह गए दुग्ध एवं सब्जी उत्पादक किसानों को पशुपालन, डेयरी और सब्जी उत्पादन में आर्थिक मजबूती मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें | पंजाब के गन्ना किसानों को CM मान का बड़ा तोहफा, देश में सबसे ज्यादा 431 रुपए प्रति क्विंटल मिलेगी कीमत
यह भी पढ़ें | किसानों के नाम पर करोड़ों का खेल; फर्जी KCC से उज्जैन में सहकारी बैंक घोटाला, EOW ने मैनेजर पर दर्ज किया केस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं