- 1221 किसानों के नाम पर करोड़ों का खेल, 4.67 करोड़ का फर्जी लोन घोटाला उजागर
- फर्जी KCC लोन से करोड़ों की हेराफेरी, EOW की जांच में बड़ा खुलासा
- बैंक प्रबंधक समेत कई अधिकारियों की भूमिका जांच के दायरे में
मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में किसानों के नाम पर करोड़ों रुपये के कथित ऋण घोटाले का मामला सामने आया है. आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) भोपाल ने जांच के बाद जिला सहकारी बैंक की घट्टिया शाखा और निपानिया गोयल सहकारी संस्था से जुड़े मामले में प्रकरण दर्ज किया है. जांच में खुलासा हुआ कि 1221 किसानों के नाम का इस्तेमाल कर करीब 4.67 करोड़ रुपये के फर्जी ऋण निकाले गए. आरोप है कि किसानों के खातों में राशि पहुंचाने और बैंक में जमा दिखाने के बजाय रकम का दुरुपयोग किया गया. मामले में तत्कालीन बैंक अधिकारियों और संस्था पदाधिकारियों की भूमिका सामने आई है.
कैसे खुला करोड़ों का घोटाला
ईओडब्ल्यू की जांच रिपोर्ट के अनुसार 1221 किसानों के नाम पर किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) और अन्य ऋण योजनाओं के तहत करीब 4 करोड़ 67 लाख रुपये के ऋण स्वीकृत और वितरित दिखाए गए. जांच में पाया गया कि जिन किसानों के नाम पर ऋण दर्शाया गया, उनकी राशि नियमानुसार बैंक में जमा नहीं कराई गई. आरोप है कि इस धनराशि को संबंधित लोगों ने कथित तौर पर खुद हड़प लिया. ईओडब्ल्यू के अनुसार रिकॉर्ड में जिन किसानों के नाम पर ऋण प्रविष्टियां दर्ज थीं, उनमें कई वित्तीय अनियमितताएं सामने आई हैं.
इनमें से महेशचंद्र राठौर के अलावा अन्य तीन आरोपियों की मृत्यु हो चुकी है. ईओडब्ल्यू ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर तत्कालीन शाखा प्रबंधक महेशचंद्र राठौर के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
19 नवंबर को सामने आया था मामला
दैनिक भास्कर ने 19 नवंबर को इस घोटाले का खुलासा किया था. घोटाले की जानकारी सार्वजनिक होने के बाद जांच एजेंसियां सक्रिय हुईं. 19 नवंबर को मामला सामने आने के बाद ईओडब्ल्यू भोपाल ने प्राथमिक जांच को आगे बढ़ाया और दस्तावेजों का परीक्षण किया. जांच में कथित मिलीभगत और वित्तीय अनियमितताओं के पर्याप्त आधार मिलने के बाद विधिवत प्रकरण दर्ज किया गया.
अधिकारियों का कहना है कि जांच के आगे बढ़ने पर अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जाएगी.
अब जांच का फोकस कहां?
उज्जैन ईओडब्ल्यू के डीएसपी रामनिवास यादव के मुताबिक EOW अब यह पता लगाने में जुटी है कि किसानों के नाम पर निकाली गई 4.67 करोड़ रुपये की राशि आखिर किन खातों में पहुंची और उसका उपयोग किस प्रकार किया गया. साथ ही यह भी जांच का महत्वपूर्ण विषय है कि जिन किसानों के नाम और दस्तावेजों का उपयोग किया गया, उन्हें इस कथित फर्जीवाड़े की जानकारी थी या नहीं. जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि इस पूरे मामले से प्रभावित किसानों को किस प्रकार राहत दी जा सकती है. ईओडब्ल्यू अधिकारी के अनुसार वित्तीय लेन-देन, बैंक रिकॉर्ड, ऋण वितरण दस्तावेज और संबंधित खातों की विस्तार से जांच की जा रही है. मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.
यह भी पढ़ें : मध्यप्रदेश EOW को 23 हजार शिकायतें, 1 प्रतिशत से भी कम मामले कोर्ट तक पहुंचे; अब मिली नई ताकत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं