विज्ञापन

अथॉरिटी की पार्किंग से कार, बाइक चोरी हो जाए तो गाड़ी का नुकसान कौन भरेगा?

अथॉरिटी की पार्किंग से गाड़ी चोरी होने पर क्या इसकी भरपाई अथॉरिटी की ओर से की जाएगी? यहां जानते हैं आखिर कौन करता है गाड़ी के नुकसान की भरपाई...

अथॉरिटी की पार्किंग से कार, बाइक चोरी हो जाए तो गाड़ी का नुकसान कौन भरेगा?
Authority Parking Rules : पार्किंग से चोरी हुए गाड़ी का पैसा कौन देगा?
NDTV graphics

कार हो या बाइक, गलत जगह पार्किंग करने पर अथॉरिटी अक्सर वाहन को उठाकर ले जाती है और अथॉरिटी की ओर से निर्धारित पार्किंग स्थल पर गाड़ी खड़ा करने की सलाह देती है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि अगर अथॉरिटी की पार्किंग से ही आपकी गाड़ी चोरी हो जाए या वहां खड़ी गाड़ी को नुकसान पहुंच जाए, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? ऐसे सवाल अक्सर लोगों के मन में उठते हैं, खासकर तब जब वाहन की सुरक्षा से जुड़ा कोई विवाद सामने आता है. यहां हम जानेंगे कि ऐसी स्थिति में गाड़ी मालिक के क्या अधिकार हैं, नुकसान की भरपाई कौन करेगा और आप खुद को इस तरह के नुकसान से कैसे बचा सकते हैं?

अथॉरिटी टेंडर देकर सौंप देती है पार्किंग का काम

अक्सर लोग अथॉरिटी की पार्किंग में गाड़ी चोरी होने या नुकसान पहुंचने पर उसकी जिम्मेदारी सीधे अथॉरिटी पर डाल देते हैं. हालांकि, कई मामलों में यह पूरी तरह सही नहीं होता. आमतौर पर अथॉरिटी पार्किंग के संचालन और सुरक्षा की जिम्मेदारी किसी निजी ठेकेदार या एजेंसी को टेंडर के माध्यम से सौंपती है.

ऐसे में वाहन की सुरक्षा, चोरी या नुकसान से जुड़े मामलों में जवाबदेही पार्किंग का संचालन करने वाली एजेंसी की भी हो सकती है. इसलिए ऐसी स्थिति में पार्किंग रसीद, नियमों और संबंधित अनुबंध की शर्तों को समझना बहुत ही जरूरी होता है.

शुल्क वसूलने वाले ठेकेदार होते हैं जिम्मेदार

अब सवाल ये उठता है कि अगर अथॉरिटी जिम्मेदार नहीं है, तो गाड़ी चोरी होने या नुकसान पहुंचने की स्थिति में जवाबदेही किसकी होगी? आमतौर पर ऐसे मामलों में पार्किंग शुल्क वसूलने वाले ठेकेदार या पार्किंग का संचालन करने वाली एजेंसी पर गाड़ी की सुरक्षा की जिम्मेदारी होती है. इसलिए गाड़ी चोरी होने, डैमेज होने या फिर उसके सामान के गायब होने की स्थिति में प्राथमिक जिम्मेदारी ठेकेदार की मानी जा सकती है. 

हालांकि, किसी विवाद की स्थिति में अदालत पार्किंग अनुबंध और मामले की परिस्थितियों की जांच कर यह तय करती है कि अथॉरिटी की कोई भूमिका या जिम्मेदारी बनती है या नहीं.

बीमा कंपनी से कर सकते हैं गाड़ी के नुकसान की भरपाई

अगर आपके पास गाड़ी का इंश्योरेंस है, तो ऐसी स्थिति में आप इंश्योरेंस कंपनी में क्लेम भी कर सकते हैं. आमतौर पर व्यापक बीमा पॉलिसी गाड़ी चोरी जैसी घटनाओं को कवर करती है, जिससे आर्थिक नुकसान से कुछ हद तक राहत मिल सकती है. 

ध्यान रखें कि क्लेम के लिए समय पर FIR दर्ज कराना, बीमा कंपनी को सूचना देना और जरूरी दस्तावेज जमा करना जरूरी होता है. इसलिए हमेशा अपनी गाड़ी का इंश्योरेंस अपडेट रखें और पॉलिसी की शर्तों को अच्छी तरह समझकर ही इसे खरीदें. 

ये भी पढ़ें - नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की पार्किंग में बारिश के बाद भरा पानी, वीडियो वायरल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Authority, Parking, Parking Area, Parking Accident, Car
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com