विज्ञापन

आप 150 की स्पीड पर हवा में उड़ते हैं, इस ड्राइवर ने 1228 KM/H पर कार दौड़ाई है! फिर नया रिकॉर्ड बनाया

एंडी ग्रीन 64 साल के रिटायर्ड रॉयल एयर फोर्स पायलट हैं और रफ्तार से इन्हें आशिकी है. जेट फ्यूल, डीजल और अब हाइड्रोजन... हर तरह की कार पर बनाया है रफ्तार का रिकॉर्ड. 

आप 150 की स्पीड पर हवा में उड़ते हैं, इस ड्राइवर ने 1228 KM/H पर कार दौड़ाई है! फिर नया रिकॉर्ड बनाया
Andy Green ने हाइड्रोजन कार से बनाया नया स्पीड रिकॉर्ड
  • एंडी ग्रीन ने 64 साल की उम्र में हाइड्रोजन इंजन वाली कार से 653.908 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार हासिल की
  • 1997 में एंडी ग्रीन ने जेट फ्यूल से चलने वाली कार से ध्वनि की रफ्तार से तेज रफ्तार का विश्व रिकॉर्ड बनाया था
  • 2006 में उन्होंने डीजल इंजन वाली कार से 563.4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार दर्ज की थी

दुनिया में रफ्तार का एक ऐसा सौदागर है, जिसके जैसा कोई और नहीं हुआ. यह दुनिया में अकेला ऐसा ड्राइवर है जिसने कार से साउंड बैरियर को तोड़ा है यानी ध्वनि की रफ्तार से भी तेज कार चलाई है. अब उसी ने मंगलवार को हाइड्रोजन पावर की ताकत दिखाते हुए एक और वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया. ब्रिटेन के इस ड्राइवर का नाम एंडी ग्रीन है. उन्होंने हाइड्रोजन इंटरनल कंबशन इंजन वाली कार से 653.908 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार हासिल की है. 

जेट फ्यूल, डीजल और अब हाइड्रोजन... हर तरह की कार पर बनाया रिकॉर्ड 

एंडी ग्रीन की उम्र अगर आप जानेंगे तो चौक जाएंगे. एंडी ग्रीन 64 साल के रिटायर्ड रॉयल एयर फोर्स पायलट हैं और रफ्तार से इनकी आशिकी हल्की भी कम नहीं हुई है. इन्होंने पहला कारनामा 1997 में किया था यानी आज से 29 साल पहले. उन्होंने दुनिया में सबसे तेज कार दौड़ाने का रिकॉर्ड बनाया था और आज तक कोई इसके आसपास भी नहीं आ सका है. उस साल वे 'थ्रस्ट SSC' में बैठे थे. जेट फ्यूल से चलने वाली यह 'कार' दो बहुत बड़े जेट इंजनों के बीच फंसी एक काली सुई जैसी दिखती थी. एंडी ग्रीन ने उसे 1,227.985 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड तक चलाकर रिकॉर्ड बनाया. यह उस ऊंचाई पर ध्वनि की रफ्तार से भी तेज थी. यानी उन्होंने साउंड बैरियर को तोड़ा था और एक ऐसा कारनामा किया जिसके आस-पास भी कोई नहीं पहुंच पाया है. उनकी कार अमेरिका के नेवाडा के ब्लैक रॉक रेगिस्तान में दौड़ थी और उससे ऐसे सोनिक बूम पैदा हुए, जिनसे पास का शहर गेरलाच हिल गया था.

रफ्तार की सवारी के लिए कार की स्टीयरिंग पकड़ने से पहले एंडी ग्रीन सुपरसोनिक मिलिट्री जेट उड़ाते थे. 1994 में उन्होंने एक ब्रिटिश अखबार में विज्ञापन देखा जिसमें साउंड बैरियर तोड़ने के लिए तेज रफ्तार वाले ड्राइवर की जरूरत थी. फिर क्या था, हामी भर दी और आज रिकॉर्ड उनके नाम है.
Latest and Breaking News on NDTV

फिर डीजल से बनाया रिकॉर्ड

जेट फ्यूल के बाद बारी थी डीजल से चलने वाली कार से रफ्तार का रिकॉर्ड बनाने की. ग्रीन ने साल 2006 में अमेरिकी राज्य यूटा के नमक के विशाल मैदान- बॉनविले सॉल्ट फ्लैट्स पर डीजल से चलने वाली कार के लिए जमीन पर सबसे तेज रफ्तार का रिकॉर्ड भी बनाया. इस बार उनकी स्पीड थी- 563.4 किमी प्रति घंटा)

अब हाइड्रोजन कार से बनाया रिकॉर्ड

मंगलवार, 11 अगस्त को 64 साल की उम्र में एंडी ग्रीन ने हाइड्रोजन कार से 653.908 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार हासिल की. ब्रिटिश कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट बनाने वाली कंपनी JCB की बनाई 32-फीट लंबी कार से बॉनविले सॉल्ट फ्लैट्स की क्रिस्टल वाली सतह पर ही उन्होंने यह कार चलाई. कंपनी की भारी मशीनों में इस्तेमाल होने वाले इंजन से ही इस कार के इंजन को तैयार किया गया है. ये इंजन हवा के साथ प्रेशराइज्ड हाइड्रोजन गैस को मिलाते हैं और पावर का जोरदार झटका पैदा करने के लिए उसे जलाते हैं.

(इनपुट- द गार्डियन)

यह भी पढ़ें: चीन ने बनाया कभी न टूटने वाला हीरा! हथौड़े की तेज चोट भी क्यों हो जाती है बेअसर?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Car Speed Records On Roads, Maximum Car Speed In World, Andy Green
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com