Surya Grahan 2026 LIVE: आज 12 अगस्त को पूर्ण सूर्य ग्रहण लगने जा रहा है. ये साल 2026 का आखिरी सूर्य ग्रहण होगा. धार्मिक और ज्योतिषीय दृष्टि से सूर्य ग्रहण को बेहद खास घटना माना जाता है. हिंदू धर्म में सूर्य को देवता का स्वरूप माना गया है और उन्हें जीवन, ऊर्जा, प्रकाश और आत्मबल का कारक बताया गया है. ऐसे में सूर्य ग्रहण का समय धार्मिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, ग्रहण के दौरान पूजा-पाठ, मंत्र जाप और भगवान का ध्यान करना शुभ रहता है. ग्रहण समाप्त होने के बाद स्नान करने, घर की साफ-सफाई करने और जरूरतमंदों को दान देने की परंपरा है.
हालांकि, आज लगने वाले पूर्ण सूर्य ग्रहण को लेकर लोगों के मन में कई तरह के सवाल हैं. ग्रहण कितने बजे शुरू होगा? सूतक काल मान्य रहेगा या नहीं? क्या यह सूर्य ग्रहण भारत में दिखाई देगा? ग्रहण के दौरान पूजा-पाठ किया जा सकता है या नहीं? मंदिरों के कपाट बंद रहेंगे या नहीं? ग्रहण खत्म होने के बाद क्या करना चाहिए? यहां हम आपको इन सभी सवालों का जवाब देने वाले हैं.
Solar Eclipse Time: आज कितने बजे से लगेगा सूर्य ग्रहण?
भारतीय समय के अनुसार, सूर्य ग्रहण 12 अगस्त की रात 9 बजकर 4 मिनट से शुरू होगा और 13 अगस्त की देर रात 1 बजकर 27 मिनट तक रहेगा. यानी ग्रहण की अवधि 4 घंटे 24 मिनट की होगी. रात का समय होने के कारण भारत में ये ग्रहण नजर नहीं आएगा.
Solar Eclipse in India: सूर्य ग्रहण भारत में दिखाई देगा या नहीं?
ज्योतिषाचार्य बताते हैं, आज लगने वाला सूर्य ग्रहण भारत में नजर नहीं आएगा. ऐसे में सूतक काल भी भारत में मान्य नहीं होगा. लेकिन क्योंकि पूरे संसार में सूर्य केवल एक है इसलिए अगर आप धार्मिक मान्यताओं का पालन करते हैं, तो अपनी आस्था के अनुसार पूजा-पाठ और नियमों का पालन कर सकते हैं.
12 August Surya Grahan: किस राशि में लगेगा सूर्य ग्रहण?
ज्योतिषाचार्य डॉक्टर गौरव कुमार दीक्षित बताते हैं, 12 अगस्त 2026 को लगने वाला पूर्ण सूर्य ग्रहण कर्क राशि और अश्लेषा नक्षत्र में लगेगा. ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, ग्रहण का प्रभाव सभी राशियों पर समान नहीं रहता है. ऐसे में आज कुछ राशि के जातकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत पड़ सकती है.
Surya Grahan 2026: क्या होता है पूर्ण सूर्य ग्रहण?
आज लगने वाला सूर्य ग्रहण पूर्ण सूर्य ग्रहण होगा. जब चंद्रमा, पृथ्वी और सूर्य के बीच आ जाता है, तब कुछ समय के लिए वह सूर्य को पूरी तरह ढक लेता है. इसे पूर्ण सूर्य ग्रहण कहते हैं.