- त्योहार पर आरा-बक्सर से गुजरेगी स्पेशल ट्रेन.
- लंबी दूरी की स्पेशल ट्रेन का ऐलान किया गया है.
- रेलवे ने त्योहार पर तीन स्पेशल ट्रेन का ऐलान किया है.
दिवाली-छठ पर बिहार आने वाले यात्रियों के लिए रेलवे अलग-अलग राज्यों से स्पेशल ट्रेन का ऐलान कर रही है. त्योहार पर ट्रेनों में उमड़ने वाली भारी भीड़ और यात्रियों की सुविधा के लिए लंबी दूरी की भी स्पेशल ट्रेन का ऐलान किया जा रहा है. इस बीच बिहार के बक्सर और आरा स्टेशनों से होकर गुजरने वाली 3 साप्ताहिक स्पेशल ट्रनों की घोषणा की गई है. इन ट्रेनों का परिचालन अक्तूबर से नवंबर महीने के दौरान किया जाएगा. इन ट्रेनों के चलने से बक्सर, आरा और आसपास के इलाकों के यात्रियों को त्योहारों पर घर आने और छुट्टियां समाप्त होने के बाद वापस लौटने में काफी सहूलियत होगी.
रेलवे द्वारा चलाई गई ट्रेन में ट्रेन नंबर 07315/07316 हुब्बल्लि-मुजफ्फरपुर, ट्रेन नंबर 06581/06582 यशवंतपुर-सहरसा और ट्रेन नंबर 08183/08184 टाटा-बक्सर स्पेशल शामिल है. इसमें दो ट्रेन कर्नाटक राज्य के हुब्बल्लि और यशवंत स्टेशन से गाड़ी संचालित होगी.
ट्रेन नंबर 07315/07316 हुब्बल्लि-मुजफ्फरपुर
ट्रेन नंबर 07315 हुब्बल्लि-मुजफ्फरपुर ट्रेन 13 अक्टूबर से 24 नवंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को शाम 4:45 बजे हुब्बल्लि से खुलेगी. यह गुरुवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (DDU) सुबह 8:30 बजे, बक्सर सुबह 9:40 बजे, आरा सुबह 10:33 बजे, दानापुर, पाटलिपुत्र और हाजीपुर रुकते हुए दोपहर 2:30 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी.
ट्रेन नंबर 07316 मुजफ्फरपुर-हुब्बल्लि स्पेशल ट्रेन वापसी में 16 अक्टूबर से 27 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को सुबह 8:40 बजे मुजफ्फरपुर से चलेगी. यह दानापुर (दोपहर 11:18 बजे), आरा (11:50 बजे), बक्सर (दोपहर 12:56 बजे) और डीडीयू (शाम 4:00 बजे) होते हुए शनिवार शाम 7:40 बजे पुणे तथा रविवार सुबह 7:30 बजे हुब्बल्लि पहुंचेगी.
ट्रेन नंबर 06581/06582 यशवंतपुर-सहरसा
ट्रेन नंबर 06581 यशवंतपुर-सहरसा स्पेशल ट्रेन मंगलवार के रूट पर डीडीयू (सुबह 7:50 बजे), बक्सर (सुबह 9:18 बजे), आरा (सुबह 10:18 बजे) और दानापुर (सुबह 11:13 बजे) के बाद पाटलिपुत्र, हाजीपुर व समस्तीपुर होते हुए रात 8:20 बजे सहरसा पहुंचेगी.
ट्रेन नंबर 06582 सहरसा-यशवंतपुर स्पेशल ट्रेन वापसी में प्रत्येक बुधवार को सुबह 5:55 बजे सहरसा से प्रस्थान करेगी. यह दानापुर (दोपहर 1:35 बजे), आरा (दोपहर 2:13 बजे) और बक्सर (दोपहर 3:01 बजे) पहुंचते हुए, डीडीयू के रास्ते शुक्रवार शाम 4:00 बजे यशवंतपुर पहुंचेगी.
ट्रेन नंबर 08183/08184 टाटा-बक्सर
ट्रेन नंबर 08183 टाटा-बक्सर स्पेशल ट्रेन 13 अक्टूबर से 24 नवंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को रात 8:30 बजे टाटा से रवाना होगी. यह कोडरमा, राजगीर, बिहारशरीफ और पटना जंक्शन होते हुए बुधवार सुबह 9:15 बजे बक्सर पहुंचेगी.
ट्रेन नंबर 08184 बक्सर-टाटा स्पेशल ट्रेन वापसी में 14 अक्टूबर से 25 नवंबर 2026 तक प्रत्येक बुधवार को सुबह 11:55 बजे बक्सर से प्रस्थान करेगी। यह दोपहर 1:40 बजे पटना जंक्शन, फिर बिहारशरीफ, राजगीर, कोडरमा और बोकारो रुकते हुए गुरुवार रात 12:35 बजे टाटा पहुंचेगी.
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा करने से पहले ट्रेन के समय, स्टॉपेज और तारीखों की आधिकारिक पुष्टि आईआरसीटीसी या रेलवे के अधिकृत माध्यमों से जरूर कर लें.
यह भी पढ़ें | दिवाली-छठ पर अमृतसर से छपरा के लिए स्पेशल ट्रेन, पंजाब-हरियाणा, यूपी और बिहार में 21 स्टॉपेज
यह भी पढ़ें | क्या रेलवे की स्पेशल ट्रेनों में भी मिलता है तत्काल टिकट? जानिए बुकिंग के नियम और समय
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं